Pages

Sunday, 24 July 2022

उपसंहार

उपसंहार


भारतीय संस्कृति में जिस समाज व्यवस्था का निर्माण हुआ, वह जीवन के उच्च आदर्शों से अनुप्राणित है , लेकिन फिर भी यह नहीं कहा जा सकता कि यह व्यवस्था मात्र कल्पना है, अथवा सिद्धान्त । भारतीय समाज- व्यवस्था में जीवन की व्यावहारिकता को सदैव ध्यान में रखा गया है । इसमें जीवन के सभी अंगों का समन्वय है । इस अवस्था में मानव ऐंहिक सुखों का भोग करता हुआ अपने जीवन के परम लक्ष्य मोक्ष प्राप्ति की ओर अग्रसर होता है । यह व्यवस्था सिद्धान्तों से अनुप्राणित होते हुए भी मानव की सबलता दुर्बलता दोनों पर विचार करती है । यह व्यवस्था समाज के सबल, दुर्बल, सत्ता संपन्न, उच्च, निम्न सभी को अपने में आत्मसात् किए हुए हैं । योग्यता तथा कार्यक्षमता में भिन्नता होते हुए भी सभी के लिए एक ही लक्ष्य की व्यवस्था की गई । इस तरह भारतीय मनीषियों ने अपने सिद्धान्तों के अनुसार एक पूर्ण समाज व्यवस्था की स्थापना की ।

रामचरितमानस की समाज- व्यवस्था का सिंहावलोकन करने पर देखते हैं कि तुलसी ने अपने सामाजिक विचारों को प्राचीन भारतीय संस्कृति के अनुसार व्यक्त किया है । अपने युग के सामाजिक अधःपतन तथा निरंतर बढ़ती हुई उच्छृंखलता को रोकने के लिए उन्होंने यही उचित समझा कि प्राचीन आदर्शों की पुनर्प्रतिष्ठा की जाए ।

तुलसीदास द्वारा रचित रामचरित मानस धार्मिक ग्रंथ होने के साथ ही हिंदू सभ्यता तथा संस्कृति की पुनर्प्रतिष्ठा का प्रयत्न भी है तथा इसके पीछे युगीन प्रेरणा को भी कार्यरत् होते हुए पाते हैं ।

तुलसी के युग में प्राचीन सामाजिक व्यवस्था नहीं रह गयी थी । लोग अपने अधिकार तथा कर्तव्य का निर्वाह ठीक से नहीं कर रहे थे । चारों ओर कर्तव्यहीनता का बोलबाला था । कलियुग वर्णन के माध्यम से महाकवि ने इन्हीं विचारों को व्यक्त किया है । ब्राह्मण जिस पर समाज की शिक्षा-दीक्षा तथा पथ-प्रदर्शन का दायित्व था, वे स्वयं वेद की आज्ञा को नहीं मान रहे थे । लोग ब्रह्ज्ञानी बन ब्रह्म ज्ञान की बात करते थे । ब्राह्मण तथा गुरू की हत्या करने में भी संकोच नहीं करते थे । कलियुग में वर्णाश्रम धर्म भी नहीं रह गया था ।

मुस्लिम आक्रांतताओं  ने हिंदू धर्म तथा संस्कृति के बुरी तरह से विक्षत किया था, इस कारण हिंदू धर्म में भी अनेक आंतरिक मतवाद उत्पन्न हो गये थे । इसका प्रभाव वर्ण धर्म पर भी पड़ा । तुलसी ने इस वर्ण धर्म की अवहेलना को नापसंद किया । मानस के वशिष्ठ भरत को राज्य भार संभालने तथा राजा की मृत्यु का शोक त्यागने को कहते हैं क्योंकि सोच के लिए तो समाज तथा उसमें रहने वाले लोग हैं जिन्होंने कर्तव्य और धर्म से अपने को पृथक कर लिया है ।

यही नहीं राजा-प्रजा के मध्य भी संबंध ठीक नहीं था । राजा के पास प्रजा के लिए केवल कठोर दंड ही रह गया था । नष्टप्रायः वर्ण-व्यवस्था के प्रति अपनी चिंता को तुलसी ने मानस में व्यक्त किया है क्योंकि वर्ण-व्यवस्था ही वह समाज- व्यवस्था है जो व्यक्ति के अधिकार तथा कर्तव्य का विभाजन करती है । उन्होंने रामराज्य में लोगों को सुखी दिखाया है क्योंकि वे वर्णाश्रम धर्म के अनुसार चलते हैं ।

तुलसी यद्यपि प्राचीन भारतीय संस्कृति के पक्षधर हैं फिर भी हम उन्हें परम्परावादी नहीं कह सकते हैं । वर्ण-व्यवस्था को मानते हुए भी उन्होंने छुआछूत तथा भेदभाव का मानव की समाज-व्यवस्था में स्थान नहीं दिया है । उनके राम निषाद राज गुह , केवट आदि से समानता का व्यवहार करते हैं ।

भक्ति के क्षेत्र में भी तुलसी ने किसी भेद-भाव को स्वीकार नहीं किया है । तुलसी सम्पूर्ण संसार को राममय मानते हैं । उनके राम कण-कण में बसते हैं । ब्राह्मण से लेकर शूद्र में उनके राम बसते हैं ।

अपने मानवतावादी स्वभाव के कारण उन्होंने दलित तथा शोषित वर्ग के प्रति उपेक्षा व्यक्त नहीं की है । काकभुशुण्डि नीच जाति के होते हुए भी मंदिर जाकर पूजा करते हैं । मानस का यह प्रसंग यह भी सिद्ध करता है तुलसी ने शूद्रों को मंदिर प्रवेश का भी अधिकार दिया । आश्रम- व्यवस्था पर भी तुलसी ने अपने शास्त्रानुकूल विचारों को व्यक्त किया है । तुलसी ने जो भी लिखा वह नानापुराण निगमागम सम्मत लिखा । वर्ण-व्यवस्था की तरह तुलसी आश्रम-व्यवस्था को भी बनाये रखना चाहते थे । तुलसी वेद द्वारा अनुमोदित चारां आश्रमों को स्वीकार करते हैं, लेकिन गृहस्थाश्रम का वर्णन वे विस्तार से करते है । इसके द्वारा उन्होंने लोगों की कर्तव्यहीनता तथा टूटते हुए संबंधों को सुधारने का प्रयास किया है । इसके लिए उन्होंने यही उचित समझा कि दशरथ परिवार के आदर्श को प्रस्तुत किया जाए । इसके द्वारा उन्होंने माता, पिता, भाई,  पति-पत्नी के आदर्श संबंधों को व्यक्त किया है । इसके पीछे निहित कारण यह था कि अपने युग का गृहस्थ आरम उन्हें संतोषजनक नहीं दीख पड़ा ।

वैदिक युग में आश्रम- व्यवस्था की स्थापना ब्रह्म प्राप्ति के लिए हुई थी । तुलसी ने इसे स्वीकार किया, क्योंकि यह व्यवस्था व्यक्ति के लिए लाभकारी थी । एक ओर तो यह व्यवस्था व्यक्ति के आत्म विकास में सहायक है वहीं दूसरा ओर इसके पालन से समाज को सुखी, आदर्श व सुव्यवस्थित बनाया जा सकता है । यह व्यवस्था न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी जीना सिखाती है । हिंदू समाज तथा परिवार त्याग की आधारशिला पर ही स्थित है । भारतीय समाज में व्यक्ति परिवार से जुड़ा होता है । यह व्यवस्था व्यक्ति को धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति में सहायता प्रदान करती है । यह व्यवस्था निवृत्ति तथा प्रवृत्ति दोनों मार्गों में समन्वय स्थापित करती है ।

ब्रह्मचर्य आश्रम गुरू शिष्य संबंध को व्यक्त करता है । तुलसी मानस के आरंभ में ही गुरू की वंदना करते हैं । उन्होंने गुरू के अनादर को निंदनीय कार्य माना है । मानस में इन्होंने लिखा है कि जो गुरू से ईर्ष्या करते हैं, वे करोड़ों वर्षों तक रोरव नरक में पड़े रहते हैं । मानस में इन्होंने राम लक्ष्मण को गुरू सेवा करते हुए दिखाया है । जहॉं तक गुरू शिष्य संबंध का प्रश्न है, तुलसी प्राचीन रीति के समर्थक हैं । गुरू यदि शिष्य को दंडित न भी करे तो गुरू का अपमान करने वाले को ईश्वर दंडित करता है । यही कारण है कि मानस में शिव काकभुशुण्डि को शाप देते हैं ।

जहॉं तक आश्रम धर्म के नियम और वैशिष्ट्य का प्रश्न है, यदि नियत समय से पूर्व ही विद्यार्थी विद्याध्ययन समाप्त कर लेता है तो वह अगले आश्रम में प्रवेश कर सकता है । तुलसी ने आश्रम व्यवस्था के क्रमबद्ध विभाजन को स्वीकार किया है ।

तुलसी मात्र भक्त या कवि ही नहीं थे , बल्कि सुधारक और विचारक भी थे । नारी को लेकर लिखी गई कुछ पंक्तियों के आधार पर तुलसी को लोगों ने नारी निन्दक माना है , लेकिन तुलसी ने नारी का अपमान कहीं भी नहीं किया है । निन्दा तो उन्होंने नारी के कामिनी रूप की की है, जिसके भीतर अहंकार तथा भीषण विनाश छिपा होता है । माता नारी को तुलसी ने सदैव पूज्य माना । उनकी नारी पुरुष की अर्धागिनी है, पति की अनुगामिनी है । तुलसी चाहते थे कि स्त्री पति के अधीन ही रहे ।

उन्होंने रामचरितमानस में नारी को अबला तथा सबला दोनों ही रूपों में चित्रित किया है । तुलसी की पूरी सहानुभूति नारी के साथ है । उसकी पराधीन दशा का वर्णन तुलसी ने अत्यंत करुणा और सहानुभूति के साथ किया है । भक्त तथा संत कवि होने के कारण उन्होंने कामिनी कंचन की निंदा अवश्य की है, लेकिन भक्ति के क्षेत्र में नर-नारी दोनों को समान अधिकार दिया है ।

मानस में तुलसी विवाह संस्कार का उल्लेख भी करते हैं । इसके द्वारा वे एक सुखी वैवाहिक जीवन का आदर्श लोगों के समक्ष रखना चाहते थे ।

मानस में विवाह कन्या की इच्छा से तथा पिता के प्रण के अधीन दोनों रूपों में मिलता है । तुलसी ने बहुविवाह को सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए हानिकारक माना है । मानस की रचना के पीछे उनका उद्देश्य मात्र आध्यात्मिक विचारधारा को प्रस्तुत करना ही नहीं था , वे समाज के सम्मुख विवाह का आदर्श भी रखना चाहते थे ।

तुलसी ने अपने युग के समाज को अत्यंत निकट से देखा था । राजनीतिक अत्याचारों के कारण समाज की आर्थिक दशा अत्यंत कठोर थी । उन्होंने जन साधारण को अत्यंत कष्ट का जीवन व्यतीत करते हुए देखा था । जन साधारण की दीन हीन दशा को तुलसी ने मानस के अतिरिकत कवितावली, दोहावली जैसे ग्रंथों में भी चित्रित किया है । अपने युग की भूखमरी तथा विपन्नता को देखकर ही वे राम-राज्य की सुख और समृद्धि का वर्णन करने को बाध्य हुए । राम अपने आप में एक ऐसा शब्द है, जो हमें शांति तथा आलोक प्रदान करता है । राम वास्तव में महापुरुष थे जो कि पिता के वचनों का पालन करने के लिए वृहत साम्राज्य का तृणवत् त्याग करते हैं । इतने विशाल साम्राज्य के लिए थोड़ा भी मोह नहीं करते हैं तथा चौदह वर्ष के लम्बे अन्तराल को बीहड़ वनों में व्यतीत करते हैं तथा गरीबों के लिए शोषण के विरुद्ध बड़े से बड़े लोगों से लोहा लेते हैं । बंदर-भालुओं की सहायता से त्रैलोक्य विजेता रावण को धराशायी करते हैं । प्रजा के लिए उनके हृदय में अपार प्रेम था । चौदह वर्ष तक कठोर जीवन व्यतीत करने के बाद जिस व्यक्ति ने शासन-सूत्र अपने हाथ में लिया होगा , उसके हृदय में प्रजा के लिए अपार स्नेह भी रहा होगा ।

राम राज्य में सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह, अभय, श्रम, स्वधर्म, स्वभाव, नम्रता आदि विशेषताओं का अंबार था जो कि एक आदर्श समाज की रचना के लिए आवश्यक है । राम आज भी वंदित है- अपनी सुंदर शासन-व्यवस्था तथा समाज-व्यवस्था के लिए ।

सुखमय जीवन व्यतीत करने के लिए तुलसी अर्थ को आवश्यक मानते हैं । मानस में तुलसी ने नैतिकता को पूरी तरह से प्रतिष्ठित करने का प्रयत्न किया है । उनके विचार में धर्म तथा भक्ति सदाचार के अभाव में पाखंड मात्र है। भक्ति के लिए उन्होंने सामाजिक कर्तव्य की अवहेलना को स्वीकार नहीं किया है । रामचरितमानस धर्म तथा नैतिकता की शिक्षा प्रदान करता है । उनका महाकाव्य श्रृंगारिक प्रवृत्ति से दूर अत्यंत निर्मल एवं स्वच्छ है । उन्होंने मानस में आचार युक्त समाज के निर्माण को अपना ध्येय बनाया है । नैतिकताविहीन कार्य करने वाले लोगों को उन्होंने असुर कहा है । नैतिकता द्वारा ही तुलसी व्यक्ति तथा समाज दोनों की प्रगति को संभव मानते हैं ।

तुलसी ने सामाजिक उद्धार के लिए प्राचीन आदर्शों की स्थापना का प्रयास किया, तथा युगीन समाज की बुराइयों को प्राचीन सामाजिक आदर्श प्रस्तुत कर दूर करने का सराहनीय प्रयास किया ।

 

 

No comments:

Post a Comment