रामचरित मानस और नैतिकता
नैतिक अथवा नैतिकता शब्द
नीति से व्युत्पन्न हुआ है, तथा यह नीति सदाचार से संबंधित है ।
नीति-शास्त्र मात्र करणीय और अकरणीय कर्म का ज्ञान करा देता है । उसकी स्थिति
तटस्थ है । वह कार्य करने की प्रेरणा नहीं देता है । इसकी पूर्ति धर्मशास्त्र करता
है । नीति में बुद्धि का समावेश होने पर वह कूटनीति हो जाती है । नीति तथा धर्म के
योग से नैतिक बना है । सात्विक बुद्धि ही नीति है तथा उसके द्वारा प्रेरणा प्रदान
कर कराये गये कर्म ही नैतिक हैं । शुभ कार्य तथा सदाचार दोनों एक ही अर्थ को
व्यक्त करते हैं । सात्विक बुद्धि द्वारा ही नैतिक कर्म की उत्पत्ति होती है । परिस्थिति
विशेष में किये गये निर्णय जो सात्विक न होकर तामसिक होते हैं वे भी नैतिक निर्णय
अथवा नैतिकता की परिधि में आते हैं तथा अनैतिक होने पर भी नैतिक माने जाते हैं ।
उदाहरण के तौर पर यदि परिस्थिति विशेष में झूठ बोला जाता है , तो उसे भी नैतिक निर्णय के अनुसार ठीक माना जायेगा । वह यह भी बताता है कि
उत्पत्ति के समय धर्म का रहस्य क्या है ?
जहॉं तक
रामचरितमानस का प्रश्न है, रामचरितमानस भक्ति से संबंधित एक
ग्रंथ है जिसमें तुलसी ने नैतिकता को पूरी तरह से प्रतिष्ठित किया है क्योंकि वे
जानते थे कि धर्म अथवा भक्ति सदाचार के अभाव में मात्र पाखंड है । तुलसी
रामचरितमानस की रचना द्वारा राम भक्ति का प्रचार तथा प्रसार करना चाहते थे लेकिन
यह नहीं कि भक्ति के निमित्त अपने सामाजिक कर्तव्य की अवहेलना की जाये तथा नैतिकता
के बंधन विश्रृंखलित हों । उन्होंने ऐसे लोगों की मानस में निंदा की है । तुलसी ने
रामचरितमानस में धर्म तथा नैतिकता को पूरी तरह से प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया
है । इस नैतिकता को बनाये रखने के लिए उन्होंने परमात्मा की कृपा को भी आवश्यक
माना है । तुलसी ने नैतिकता की प्रतिस्थापना पर पूरा बल दिया है कारण कि तुलसी के
युग में सिद्धों तथा निर्गममार्गी संतों द्वारा संसार सं पलायन तथा सदाचार के
प्रति विमुखता की प्रवृत्ति बढ़ रही थी, जोकि समाज
को निरंतर संखलन की ओर ढकेल रही थी । श्रृंगारिक प्रवृत्ति जो समाज में उत्तरोतर बढ़ रही थी, रामभक्ति शाखा में भी प्रवेश पा चुकी थी, लेकिन
कविकुल शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपने महाकाव्य को श्रृंगाकिता की
प्रवृत्ति से दूर अत्यंत निर्मल तथा स्वच्छ रखा है । यही नहीं इसका उत्तराधिकारी
भी श्रद्धा भक्ति से युक्त लोगों को माना है जो सदाचार से युक्त हैं, जिनका अन्तःकरण निर्मल है -
सदा सुनहिं सादर नर नारी । तेइ सुरबर मानस अधिकारी ।।
अति खल जे बिषई बग कागा । एहिं सर निकट न जाहिं अभागा ।।
संबुक भेक संवार समाना । इहॉं न बिषय कथा रस नाना ।।
तेहि कारन आवत हियॅं हारे । कामी काक बलाक बिचारे ।।
आवत एहिं सर अति कठिनाई । राम कृपा बिनु आइ न जाई ।।मा0बा0 38/1-2-3
अर्थात
विषयीजनो को भाने वाली विषयरस की कथा इसमें नहीं है । इस सरोवर तक पहुँचने के लिए राम कृपा की आवश्यकता है - काम, क्रोध, लोभ, नरक का
द्वार है अतएव इन तीनों को त्याग देना चाहिए -
त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनात्मनः ।
काम क्रोधस्तथा लोभस्तस्यादेतत्त्रयं त्यजेत् ।।श्रीमद्भगवत्गीता 16/21
तुलसी भी
कहते हैं जो काम,क्रोध मद, लोभ में रत हैं वे अंधकार रूपी कुएं में पड़े हुए हैं -
काम क्रोध मद लोभ रत गृहासक्त दुख रूप ।
ते किमि जानहिं रघुपतिहि मूढ़ परे तम कूप ।। म0उ0 73क/दो0
रामचरितमानस
के माध्यम से उन्होंने सदाचरण की शिक्षा दी है जिसमें सभी की भलाई निहित है -
कीरति भनिति भूति भलि सोई । सुरसरि सम सब कहुं हित होई ।। मा0उ0 101क/2
उन्होंने कलियुग की आचारहीनता को मिटाने के लिए इस महाकाव्य की सर्जना की
है -
त्रिविध दोष दुख दारिद दावन । कलि कुचालि कुलि कलुष नसावन ।। मा0बा0 35/5
तुलसी युगीन
समाज विलासिता की प्रवृत्ति से आक्रांत था । मुगल सम्राट अपने हरम में बड़ी संख्या में स्त्रियॉं रखते थे
। अकबर के हरम में पॉंच हजार तथा जहॉंगीर के हरम में भी बड़ी संख्या में स्त्रियां
थीं । भोग विलास की इस प्रवृत्ति से हिंदू भी नहीं बचे थे । वे पतिव्रता स्त्रियों
को घर से निकाल देते थे तथा दासियों को घर लाकर रखने लगे थे -
कुलवंति निकारहिं नारि सती । गृह आनहिं चेरि निवेरि गति ।। मा0उ0 101क/2
स्त्रियां
भी पुरुष का सेवन करने लगी थीं -
गुन मंदिर सुंदर पति त्यागी । भजहिं नारि पर पुरुष अभागी ।। मा0उ0 99क/3
सुहागिन
स्त्रियां अलंकार विहीन थीं लेकिन विधवाएं नित्य नवीन श्रृंगार से युक्त होती थीं -
सौभागिनी बिभूषन हीना । बिधवन्ह के सिंगार नवीना ।। मा0उ0 99क/3
उस समय का
समाज आकण्ठ भोग-विलास में डूबा हुआ था । तुलसी मन को संबोधित कर लिखते हैं -
दीपसिखा सम जुवति तन मन जनि होति पतंग ।
भजहिं राम तजि काम मद करहिं सदा सतसंग ।। म0अर0 46ख/दो0
गोस्वामी जी
ने आचार प्रधान समाज के निर्माण को अपना ध्येय बनाया जिसमें सब अपने वर्ण तथा
आश्रम धर्म के अनुसार कर्तव्य का पालन करें तथा सुख से रहें -
बरनाश्रम निज निज धरम निरत बेद पथ लोग ।
चलहिं सदा पावहिं सुखहिं नहिं भय सोक न रोग ।। मा0उ0 20/2
मानस में
उन्होंने अनैतिक कार्य करने वाले मानवों को मानव रूप में दानव कहा है -
बाढ़े खल बहु चोर जुआरा । ते लंपट पर धन पर दारा ।।
मानहिं मातु पिता नहिं
देवा । साधुन्ह सन करबावहिं सेवा ।।
जिन्ह के यह आचरण भवानी ।
ते जानहु निसिचर सब प्रानी ।।मा0बा0 184/1-2
आचारहीन तथा
नैतिक दृष्टि से पतित लोगों को तुलसी ने राक्षस कहा । उन्होंने असुर के रूप में
धर्म तथा नैतिकताविहीन लोगों को चित्रित किया है । लोग नैतिकताविहीन कार्य कर रहे
थे । उनमें मानवता नहीं थी । आचरण शून्य लोग जिन्हें असुर कहा गया है , धर्म की जड़ काटने में लगे थे -
जेहि बिधि होइ धर्म निर्मूला । सो सब करहिं बेद प्रतिकूला ।।
जेहिं जेहिं देस धेनु द्विज पावहिं । नगर गाउॅं पुर आगि लगावहिं ।।
सुभ आचरन कतहुं नहिं होई । देव बिप्र
गुरू मान न कोई ।। मा0बा0 183/2-3
तुलसी ने
रामचरितमानस के माध्यम से एक चरित्र प्रधान समाज के निर्माण का प्रयत्न कया है ।
व्यक्तिगत तथा सामाजिक दोनों ही दृष्टियों से वे नैतिकता के समर्थक रहे हैं ।
नैतिकता के द्वारा ही दोनों की प्रगति को संभव माना है । अतएव मानस के द्वारा ऐसे
समाज की स्थापना का प्रयत्न किया जिसमें लोग अपने-अपने वर्ण तथा आश्रम धर्म का पालन करें ।
समाज के सभी पुरुष एक नारी व्रत से आबद्ध हों तथा स्त्रियॉं भी मन, वचन, कर्म से पति का हित चाहने वाली हों -
एक नारि ब्रत रत सब झारी । ते मन बच क्रम पति हितकारी ।। मा0उ0 22/4
क/. नैतिक नियम
कोई भी
कार्य करने योग्य है या नहीं इसके लिए व्यक्ति को बाह्य सत्ता द्वारा प्रेरित होने
की आवश्यकता नहीं है । मानव अपने अन्तःकरण द्वारा ही यह जान लेता है कि कोई भी
कार्य उचित है अथवा अनुचित । अतएव किसी भी कार्य के निर्णय के लिए बाह्य आदेशों पर
निर्भर नहीं रहना चाहए । व्यक्ति का अन्तःकरण जिस कार्य को करने की आज्ञा प्रदान
करता है वही नैतिक नियम है ।
अन्तःकरण ही
उचित अनुचित की व्याख्या करता है । अन्तःकरण ही सर्वदा शुद्ध माना गया है । यह
किसी दोष से ग्रसित नहीं होता न ही इसे व्युत्पन्न किया जाता है । अन्तःकरण विवेक
अथवा बुद्धि के रूप में मनुष्यों में स्थित है यद्यपि इसका विकास किसी में कम और किसी में
अधिक है । व्यक्ति का अन्तःकरण ही उसे शुभ कर्मों की ओर प्रवृत्त करता है अतएव
नैतिक नियम अन्तःकरण, सदाचार, धर्म तथा
विधि निषेध से संबंधित है । नैतिक नियम का व्यक्ति के विवेक को सहज ही आभास हो
जाता है । कभी व्यक्ति इस नियम के अनुकूल कार्य करता है, कभी प्रतिकूल । रामचरितमानस में यह देखने में आता है कि कौशल्या यदि चाहतीं
तो राम को वन जाने से रोक सकती थीं लेकिन उनका अन्तःकरण उन्हें नैतिक नियमों के
अनुसार ही परिचालित करता है । उनका विवेक उन्हें पातिव्रत धर्म के अनुसार चलने को
प्रेरित करता है । मानस में राम जब कहते हैं -
पिता दीन्ह मोहि कानन राजू । जहॅं सब भॉंति मोर बड़ काजू ।।
बरष चारिदस बिपिन बसि करि बचन प्रमान ।
आइ पाय पुनि देखिहउॅं मनु जनि करसि मलान ।।
बचन बिनीत मधुर रघुबर के । सर सम लगे मातु उर करके ।।
सहमि सूखि सुनि सीतलि बानी । जिमि जवास परें पावस पानी ।। मा0अयो0 53/3-4 तथा 54/1
पुत्र के
वचन सुनकर उनकी स्थिति उस हिरनी के सदृश्य हो गई जो कि सिंह की गर्जना सुनकर विकल
हो जाती है । वे उसी प्रकार विक्षिप्त हो जाती हैं जिस प्रकार मछली मॉंजा (पहली
वर्षा) का फेन खाकर बदहवास हो जाती है । जिस अपराध के कारण राम को वन जाना पड़ रहा
है , उसे सुनकर एकदम चुप हो जाती हैं -
निरखी राम रुख सचिवसुत कारनु कहेउ बुझाइ ।
सुनि प्रसंगु रहि मूक जिमि दसा बरनि नहिं जाइ ।।मा0अयो0 54/दो0
अब वे पुत्र
को न तो रख सकती हैं न ही जाने को कह सकती हैं -
राखि न सकइ न कहि सक जाहू । दुहूँ भॉंति उर दारुन दाहू ।। मा0अयो0 55/1
उनके एक ओर
धर्म है तो दूसरी ओर पुत्र प्रेम । वे प्रेम और नैतिकता के द्वन्द्व में ग्रसित हो
जाती हैं । दुविधा की स्थिति में नैतिक नियमों के अनुसार ही आचरण करती हैं । वे
अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से परे तटस्थ होकर विचार करती हैं तथा स्त्री धर्म तथा
अपने दोनों पुत्रों को समान मानकर निर्णय देती हैं -
सरल सुभाउ राम महतारी । बोली बचन धीर धरि भारी ।।
तात जाउॅं बलि कीन्हेहु नीका । पितु आयसु सब धरमक टीका ।। मा0अयो0 55/4
लेकिन यहॉं
यह दृष्टव्य है कि कौशल्या का अन्तःकरण दृढ़ है, कमजोर
नहीं है लेकिन उसी स्थान पर कैकेयी का अन्तःकरण दुर्बल है । मानस में ही दक्ष-कन्या
सती न केवल अपने पति शिव की श्रद्धा तथा भक्ति पर संदेह करती है, बल्कि नैतिक नियम के प्रतिकूल आचरण करती है । यद्यपि शिव उन्हें सचेत करते
हैं कि वह परीक्षा विवेक द्वारा ले , तथापि सती
वही करती है जो करना उसके लिए सर्वथा अनुचित था । वे सीता का रूप धारण कर उसी
मार्ग की ओर चलती हैं जिधर से राम लक्ष्मण आ रहे हैं । राम लक्ष्मण भी उन्हें उस
रूप में देखकर पहले तो आश्चर्य में पड़ जाते हैं लेकिन अन्तर्यामी राम उनके कपट को
पहचान जाते हैं -
लछिमन दीख उमाकृत बेषा । चकित भए भ्रम हृदयंॅ गिसेषा ।।
कहि न सकत कछु अति गंभीरा । प्रभु प्रभाउ जानत मतिधीरा ।।
सती कपटु जानेउ सुरस्वामी । सबदरसी सब अंतरजामी ।। मा0बा0 53/1-2
उनके द्वारा
नैतिक नियम के प्रतिकूल कार्य किए जाने पर शिव उनका त्याग करते हैं । शिव को अपार
दुख होता है । अब उनकी सती से प्रीति नैतिक नियम के विरुद्ध है । अतएव वे यह
संकल्प करते हैं कि सती के इस शरीर से मेरी भेंट नहीं हो सकती -
तब संकर प्रभु पद सिरु नावा । सुमिरत रामु हृदयॅं अस आवा ।।
एहिं तन सतिहि भेट मोहि नाहीं । सिव संकल्पु कीन्ह मन माहीं ।। म0बा0 57क/1
परायी
स्त्री का अपहरण भी नैतिक नियम के प्रतिकूल है । रामचरितमानस के सुंदर कांड में
हनुमान रावण को सलाह देते हैं कि राम से बैर न ठानों, जानकी को उनके पति को लौटा दो -
जाकें डर अति काल उेराई । जो सुर असुर चराचर खाई ।।
तासों बयरु कबहुं नहिं कीजै । मोरे
कहें जानकी दीजै ।। मा0सु0 22/5
किंतु
अभिमानी रावण को यह नीति युक्त बात अच्छी नहीं लगती है । वह हनुमान की बात सुन
हॅंस कर कहता है -
मिला हमहि कपि गुर बड़ गयानी ।। मा0सु0 24/1
अभिमानी
रावण हनुमान से कहता है –“मुझे सीख दे रहा है । तेरी मृत्यु अब समीप है ।“ हनुमान प्रत्युत्तर में कहते हैं कि यह तेरा भ्रम है, तेरी मृत्यु निकट है -
मुत्यु निकट आई खल तोही । लागेसि अधम सिखावन मोही ।।
उलटा होइहि कह हनुमाना । मतिभ्रम तोर प्रगट मैं जाना ।। मा0सु0
24/2
हनुमान का
उत्तर सुनकर रावण अत्यंत क्रोधित होकर बोला-“इस मूर्ख का प्राण समाप्त क्यों नहीं
कर देते।“ यह सुनकर राक्षस उन्हें मारने दौड़ते
हैं लेकिन विभीषण उसी समय वहॉं पहुँचते हैं और कहते हैं कि यह नीति विरुद्ध है । दूत को मारना अनुचित है । वे
हनुमान को कोई दूसरा दंड देने के लिए कहते हैं -
नाइ सीस करि बिनय बहूता । नीति बिरोध न मारिअ दूता ।।
आन दंड कछु करिअ गोसॉंई । सबहीं
कहा मंत्र भल माई ।। मा0सु0 24/4
मानस में
दूत को दंड देना नैतिक नियम के प्रतिकूल बताया गया है । परायी स्त्री का अपहरण न
केवल अशोभनीय है बल्कि नैतिक नियम के प्रतिकूल भी है । मानस के सुदरकांड में
मंदोदरी भी रावण को समझाती है कि वह न केवल राम से विरोध छोड़ दे बल्कि सीता को भी
उन्हें लौटा दे -
रहसि जोरि कर पति पग लागी । बोली बचन नीति रस पागी ।।
कंत करष हरि सन परिहरहू । मोर कहा अति हित हियॅं धरहु ।। मा0सु0 36/3
परन्तु रावण
नैतिक नियम की उपेक्षा करता है । उसपर पत्नी की बातों का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है
। नैतिक नियमों का पालन नहीं करने से व्यक्ति समाज के द्वारा निंदा का पात्र भी
बनता है तथा उसकी प्रतिष्ठा भी जाती है ।
स्त्री
सम्मान जैसे नैतिक नियम हर समाज में एक जैसे ही हैं । तुलसी के मानस में स्त्री
हरण जैसे कार्यों के निमित्त दंड की व्यवस्था की है । विभीषण भी अपने भाई रावण को
सीता को भेज देने की मंत्रणा देते हैं -
देहु नाथ प्रभु कहुं बैदेही । भजहु राम
बिनु हेतु सनेही ।।मा0सु0 39क/3
नैतिक नियम
के अनुसार आचरण मनुष्य का कल्याण और हित करने वाला है । विभीषण भी रावण को पराई
स्त्री का त्याग करने को कहते हैं -
जो आपन चाहै कल्याना । सुजसु सुमति सुभ गति सुख्स नाना ।।
सो परनारि लिलार गोसाईं । तजउ चउथि के चंद कि नाई ।।मा0सु0 368/3
परन्तु रावण
उसकी सीख न मानकर उसके विपरीत उस पर पद प्रहार करता है । नैतिक नियमों की उपेक्षा
से व्यक्ति लोगों द्वारा निंदा का पात्र बनता है । मानस में अंगद रावण से कहता है
-
मन महुं समझि बचन प्रभु केरे
। सहेउॅं कठोर बचन सठ तेरे ।।
नाहिं त करि मुख भंजन तोरा । लै जातेउॅं सीतहि बरजोरा ।।
जानेउॅं तव बल अधम सुरारी । सूनें हरि आनिहि परनारी ।।मा0लं0 30/2-3
मैंने तेरा
बल तभी जान लिया जब तू सूने में परायी स्त्री को चुरा कर ले आया ।
नैतिक नियमों को ही धर्म कहा जाता है । यह वह आचरण है जिसके द्वारा व्यक्ति सभी
जीवों की रक्षा करता है तथा किसी भी प्राणी को हानि नहीं पहुंचाता है । वैशेषिक दर्शन का कहना है –“यतोऽभ्युदयनिःश्रेयस
सिद्वि स धर्म” अर्थात जिससे इस लोक में उन्नति तथा
परलोक में कल्याण की प्राप्ति हो वही धर्म है । तुलसी भी लिखते हैं कि धर्म की
हानि होने पर ईश्वर अवतार लेते हैं । हमारे यहॉं नैतिक नियमों की मान्यता धर्म के
रूप में अति आवश्यक है ।
कुछ लोग
ईश्वरीय आदेश को ही नैतिक नियम या धर्म मानते हैं । वैसे हमारे शास्त्रों में भी
नैतिक नियम आचरण-पद्धति के रूप में कथित है । नैतिक नियम व्यक्तिगत तथा सामाजिक
जीवन के कल्याण के लिए अति आवश्यक है । शास्त्रों में जिन नैतिक नियमों का
निर्धारण किया गया है, उसे ही हमारे यहाँ धर्म कहा जाता है ।
नैतिक नियम
का क्षेत्र दो प्रकार का है । पहला समष्टिगत अर्थात यह किसी विशेष जाति, प्रांत, राष्ट्र अथवा काल तक ही सीमित नहीं है
। यह समस्त विश्व के प्रति अपने कर्तव्य को निभाने पर बल देता है । नैतिक नियमों
का दूसरा क्षेत्र समाज से संबंधित है । सामाजिक दृष्टि से व्यक्ति के कुछ ऐसे
कर्तव्य हैं जो व्यक्ति तथा समाज दोनों के हित से संबंधित है तथा इन नियमों का
निष्ठापूर्ण पालन ही हर सामाजिक व्यक्ति के आचरण का नियम है ।
जहॉं तक
नैतिक नियम के समष्टिगत क्षेत्र का प्रश्न है , यह उन नैतिक नियमों की ओर संकेत करता है जो देश, काल, जाति की सीमा में बद्ध नहीं है । ये
वे नियम हैं जो व्यक्तिगत आदर्श से संबंधित हैं । वेदों तथा स्मृतियों में कहा गया
है कि आचार ही श्रेष्ठ धर्म है “आत्महिताभिलाषी द्विज” को इस आचार के पालन में प्रयत्नवान
होना चाहिए -
आचारः परमो धर्म श्रृत्युक्तः स्मार्त एव च ।
तस्मादस्मिन्सदायुक्तो नित्यं स्यादात्मवान्द्विजः ।। मनु 1/108
शास्त्र में
नैतिक नियम के चार स्रोत बताए गए हैं-
वेदः स्मृति सदाचारः स्वस्य च प्रियमाप्मनः ।
एतच्चर्तुविधं प्राहुः साक्षाद्धर्मस्य लक्षणम् ।। मनु 2/12
इसमें से
यदि सदाचार को ही लें तो इसके नियम हर देश, काल, जाति तथा समाज में एक समान होते हैं । नैतिक नियम व्यक्ति की आचरण जनित
बुराईयों को दूर करता है । नैतिक नियम मानव को उच्चतम आदर्श एवं अच्छाईयों की ओर
ले जाता है । नैतिक नियम सारे संसार पर शासन करने वाला शाश्वत सत्त्य है । नैतिक
नियम अच्छाई, बुराई, सत्य-असत्य
में अन्तर स्पष्ट करता है, तथा विश्व में सर्वोच्च है । नैतिक
नियम काल तथा देश से भी प्रभावित होता है । यह जड़ नहीं है, क्योंकि इसे प्रत्येक देश अथवा जाति पर लागू नहीं किया जा सकता क्योंकि
प्रत्येक समाज के आदर्श तथा मूल्य एक समान नहीं होते । नैतिक नियम निरंतर गतिशील
हैं । नैतिक नियम मानवीय कर्तव्य से भी संबंधित है । इसका निर्धारण व्यक्ति की
सामाजिक स्थिति के अनुसार होता है , जैसे -
पिता के रूप में या पुत्र के रूप में व्यक्ति का आचरण कैसा होना चाहिए । गृहस्थ, वानप्रस्थी तथा संन्यासी के रूप में वह किन कर्तव्यों का पालन करेगा ।
नैतिक नियम
को दो भागों में बॉंटा जा सकता है । पहला सार्वभोमिक पक्ष है तथा दूसरा सामाजिक
पक्ष है । पहला पक्ष व्यक्ति विशेष या जाति विशेष में ही सीमित नहीं वरन् यह समस्त
विश्व को अपने में समाहित किए हुए है । इसके अन्तर्गत दया, क्षमा, दानशीलता, निर्लोभता आदि हैं । नैतिक नियम में ही मानवीय धर्म भी आता है । यह समस्त मानव
जाति पर समान रूप से लागू होता है, चाहे वे
किसी धर्म, जाति अथवा रंग के हों , जैसे - अहिंसा, सेवा, सत्य की
खोज, अपने को पहचानना तथा मानव जीवन को विश्व कल्याण में लगाना । इन नियमों के
पालन से व्यक्ति निर्मल, निःस्वार्थ और पवित्र बनता है । नैतिक
नियम के अन्तर्गत सामाजिक पक्ष का संबंध, व्यक्ति
के सामाजिक जीवन से है । इसके अन्तर्गत निम्न नैतिक नियम आते हैं -
1/ वर्ण धर्म से संबंधित नैतिक नियम
इन नियमों
के अनुसार व्यक्ति वर्ण धर्म से संबंधित नैतिक नियमों का पालन करता है -
अहिंसा सत्यमस्तेयं शौचमिन्दिंयनिग्रहः । मनु 10/63
अर्थात
अहिंसा, सत्य, अस्तेय आदि नियमों को शास्त्र में हर
वर्ण के लिए बनाया गया है । चारों वर्ग के निमित्त बनाए गए कर्तव्य ही नियम हैं ।
वर्ण संबंधी नियम सामाजिक व्यवस्था को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए बनाए गए
हैं । इस व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न होने के कारण ही तुलसी के राम साक्षात ब्रह्म
स्वरूप होकर भी , ब्राह्मणों
तथा सज्जनों की रक्षा के निमित्त मानव शरीर धारण करते हैं -
तात राम नहिं नर भूपाला । भुवनेश्वर कालहु कर काला ।।
ब्रह्म अनामा अज भगवन्ता । व्यापक अजित अनादि अनंता ।।
गो द्विज धेनु देव अधिकारी । कृपा सिंधु मानुष तनु धारी ।।
जन रंजन भंजन खल वंाता । वेद धरम रच्छक सुनु भ्राता ।। मा0सु0 38/1-2
धर्म
शास्त्र ने भी आचार को प्रत्येक मनुष्य के लिए आवश्यक माना । आचारहीन ब्राह्मण को
वेद फल से वंचित रखा (मनु 1/189)। तुलसी भी
मानस में ब्राह्मण को उसके सदकर्मों के कारण श्रेष्ठ कहते हैं-
तिन्ह महुं द्विज द्विज महॅं
श्रुतिधारी । तिन्ह महुं निगम धरम अनुसारी ।।
मा0उ0 85/3
इसी प्रकार
क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र के लिए भी अलग-अलग कर्तव्यों की व्यवस्था की गई, जिससे समामजिक व्यवस्था सफलतापूर्वक संचालित की जा सके ।
2/ आश्रम धर्म से संबंधित नैतिक नियम
जीवन के
अंतिम लक्ष्य मोक्ष प्रापित तक व्यक्ति को पहुँचने के लिए आश्रम-व्यवस्था का निर्माण किया गया था
। अपने अंतिम लक्ष्य तक व्यक्ति तभी पहुँच सकता है जबकि वह आश्रम संबंधी नियमों अथवा
कर्तव्यों का पूर्णतया पालन करे ।
आश्रम
संबंधी नियम प्रत्येक आश्रम के लिए अलग-अलग हैं , जैसे ब्रह्मचारी के लिए यह नियम है कि सूर्योदय से पहले उठे, सावित्री का जप करे, ईश्वर पूजन करे, सात्विक भोजन ग्रहण करे, अपने को प्रसाधनों से दूर रखे, स्त्री संग तथा नृत्य गीत आदि से दूर रहे , गुरूकी सेवा करे । इसी प्रकार प्राणीमात्र के प्रति करुणा तथा उदारता का
भाव रखे । पितरों का श्राद्ध, पंचमहायज्ञ, अतिथि सेवा आदि गृहस्थों का धर्म है । तपस्या, सेवा, त्याग की भावना वानप्रस्थ आश्रम के
लिए आवश्यक है । संसार के प्रति आसक्ति का त्याग कर संन्यासी बनना, सेवावृत्ति को अपनाना तथा परम सत्य की खोज करना संन्यासी के नैतिक कर्तव्य
हैं ।
मानस के राम
लक्ष्मण उपनयन के पश्चात् गुरू-सेवा में प्रवृत्त होते हैं । रात्रि में गुरू के
शयन के समय उनके चरण दबाते हैं -
तेउ दोउ बंधु प्रेम जनु जीते । गुरू पद कमल पलोटन प्रीते ।।मा0बा0 225/3
मानस में
गोस्वामी जी ने उस ब्रह्मचारी की निंदा की है जो ब्रह्मचर्य के नियमों का पालन
नहीं करता तथा गुरू की आज्ञा की अवहेलना करता है (मा0अयो0 171/4)। तुलसी ने राम को सद्गृहस्थ के रूप
में दिखाया है तथा रामचरितमानस के विभिन्न चरित्रों के माध्यम से पति-पत्नी, पुत्र, भ्राता, मित्र तथा
सेवक के विभिन्न आदर्श प्रस्तुत किए हैं । उन्होंने कर्मयोगी के रूप में राम का
चरित्र जनता के समक्ष रखा, जिससे लोग शिक्षा ग्रहण कर सकें ।
उन्होंने उस गृहस्थ के लिए चिंता व्यक्त की जो मोह के कारण अपने कर्तव्य व धर्म की
अवहेलना करता है (मा0अयो0172)।
तुलसी ने
दशरथ परिवार के चरित्र को सामने रख गृहस्थ धर्म के कर्तव्यों को लोगों के समक्ष
रखा । रामचरितमानस में गृहस्थ धर्म की पूर्णरूपेण व्याख्या की गई है फिर भी
ऋषि-मुनियों का महत्व अवश्य ही स्वीकार किया गया है । राम उनकी रक्षा के लिए ही
राक्षसों का वध करते हैं । उस वानप्रस्थी के लिए भी तुलसी ने चिंता व्यक्त की जो
तपस्यापूर्ण जीवन का त्याग करके भोग में ही आसक्त रहता है (मा0अयेा0172/1)। इसी प्रकार उन्होंने वैराग्यहीन
संन्यासी को भी हास्य का विषय बनाया है (मा0उ0 99क)।
3/ परिवार से संबंधित नैतिक
नियम
यह नैतिक
नियम व्यक्ति के परिवार से संबंधित व्यवहार को निश्चित करता है । नैतिक नियम अथवा
धर्म इस बात को निश्चित करता है कि परिवार के लोगों का एक दूसरे के साथ कैसा
व्यवहार होना चाहिए । तुलसी ने रामचरितमानस में इस पारिवारिक आदर्श की पूर्णतया
प्रतिष्ठा की है ।
परिवार में
सभी लोगों के अधिकार तथा कर्तव्य होते हैं । शरीर प्राप्त करके मनुष्य संसार के
अनेक संबंधों से जुड़ जाता है । एक परिवार के सदस्यों को आपस में बहुत कुछ सीखना होता
है तथा त्याग भी करना होता है । इससे ही परिवार की आधारशिला सुदृढ़ हो सकती है ।
तुलसी ने अपने युग के पारिवारिक जीवन को अत्यंत निकट से देखा और मर्यादा
पुरुषोत्तम राम के आदर्श परिवार का उदाहरण लोगों के सम्मुख रखा । उन्होंने मानस
में जहॉं कौशल्या, सुमित्रा, सीता जैसी आदर्श नारियों को दिखाया वहीं नारी के भीतर सुलगते हुए सौतिया
डाह का भीषण रूप भी दिखाया -
दुइ बरदान भूप सन थाती । मागहु आजु जुड़ावहु छाती ।।
सुतहि राजु रामहि बनवासू । देहु लेहु सब सवति हुलासु ।। मा0बा0 22/3
स्वार्थ के
कारण व्यक्ति को नैतिक नियमों की अवहेलना करते दिखाया गया है । उन्होंने मानस में
माता-पिता, भाई-भाई, पिता-पुत्र के आपसी संबंधों तथा कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए दिखाया है ।
उन्होंने आदर्श पारिवारिक संबंधों की रचना द्वारा जनता का मार्ग-दर्शन किया । तुलसी ने कर्तव्य पालन को
आवश्यक माना है । उन्होंने अपनी रचनाओं में यह भी लिखा है कि पारिवारिक संबंध जब
व्यक्ति के आत्मिक विकास में बाधक बने तो उन संबंधों को छोड़ देना चाहिए -
जाके प्रिय न राम बैदेही ।
तजिये ताहि कोटि बैरी सम जद्यपि परम सनेही ।। विनय पत्रिका पद सं0 174
परिवार में
सभी के अपने अधिकार तथा कर्तव्य होते हैं, लेकिन
तुलसी युग में लोग अधिकार प्राप्ति के लिए जितने सजग थे , उतने कर्तव्य पालन के लिए नहीं । तुलसीयुगीन समाज में पारिवारिक जीवन
विश्रंखलित हो चुका था । कलियुग वर्णन के माध्यम से तुलसी ने इसका चित्रण किया है-
सुत मानहिं मातु पिता तब लौं । अबलापन दीख नहीं जब लौं ।।
ससुरारि पियारी लगी जब ते । रिपु रूप कुटुंब भये तबते ।। मा0उ0 101क/3
पुत्र पिता
के प्रति अपने कर्तव्यों की अवहेलना कर रहे थे । पुरुष अपनी सती स्त्रियों को घर
से निष्कासित करते थे । तुलसी ने मानस में परिवार के लोगों के आदर्श संबंध को
व्यक्त किया है । मानस के लक्ष्मण में अपार भातृ-प्रेम की भावना है -
समाचार जब लछिमन पाए । व्याकुल बिलख बदन उठि धाए ।।
कंप पुलक तन नयन समीरा । गहे चरन अति प्रेम अधीरा ।। मा0अयो0 70/1
राम के वन
गमन का समाचार सुनकर वे यही सोच रहे हैं, कि श्री
राम उन्हें क्या आज्ञा देंगे ? वे शरीर, घर सभी से नाता तोड़े हुए खड़े हैं “देह गेह सब सन
तनु तोरे” । यद्यपि राम उन्हें समझाते हैं –“घर
पर ही रहकर माता पिता की सेवा करो ।“ भरत शत्रुघ्न भी इस समय घर पर नहीं हैं ।
पिता वृद्ध होने के साथ ही पुत्र शोक में दुखी हैं । अतएव तुम यहीं रहकर सबको
संतोष प्रदान करो । तब लक्ष्मण कहते हैं कि आपने तो मुझे अच्छी सीख दी है, लेकिन शास्त्र और नीति के वे श्रुष्ठ पुरुष अधिकारी हैं , जो धीर तथा धर्म की धुरी धारण करने वाले हैं -
मैं सिसु प्रभु सनेहॅं प्रतिपाला । मंदरु मेरु कि लेहिं मराला ।।
गुर पितु मातु न जानउॅं काहू । कहउॅं सुभाउ नाथ पतिआहू ।।
जहॅं लगि जगत सनेह सगाई । प्ररति प्रतीति निगम निजु गाई ।।
मोरे सबइ एक तुम्ह स्वामी । दीनबंधु उर अंतरजामी ।। मा0अयो0 72/2-3
अन्त में
लक्ष्मण कहते हैं कि जो मन, वचन तथा कर्म से आपके चरणों में ही
प्रेम रखता है । हे कुपासिन्धु ! क्या वह भी त्यागने योग्य है -
मन क्रम बचन चरन रत होई । कुपासिंधु परिहरिअ कि सोई ।। मा0अयो0 72/4
लक्ष्मण के
हृदय में राम के प्रति असीम स्नेह की भावना थी । अतएव विषम परिस्थिति में अपने बड़े
भाई की सहायता करना उनका नैतिक कर्तव्य बनता है । मानस का हरेक पात्र अपने नैतिक
कर्तव्य के प्रति सजग है । माता सुमित्रा भी अपने पुत्र को वन जाने से नहीं रोकती है -
अवध जहां जहॅं राम निवासू ।
तहॅंइॅं दिवसु जहॅं भानु प्रकासू ।।
जौ पै सीय रामु बन जाहीं । अवध तुम्हार काजु कछु नाहिं ।। मा0अयो0 74/2
मानस में गोस्वामी
जी ने दिखाया है कि भाई-भाई परस्पर निःस्वार्थ रूप से प्रेम में आबद्ध हैं ।
कैकेयी तथा मंथरा अत्ंयत प्रसन्न हैं कि भरत के लिए राज्य अब निष्कंटक हो गया लेकिन भरत क्या अपने नैतिक कर्तव्य से
विमुख होते हैं तथा क्या वे राजगद्दी स्वीकार करते हैं ? परिणाम सवर्था नकारात्मक सिद्ध होता है । भरत विपत्तियों के महासागर में भी
स्थिर रहते हैं । मानस में गोस्वामी जी भरत की वंदना करते हुए लिखते हैं -
प्रनवउॅं प्रथम भरत के चरना । जासु नेम ब्रत जाइ न बरना ।।
राम चरन पंकज मन जासू । लुबुध मधुप इव तजइ न पासू ।। मा0बा0 17/1
भरत का नियम
व्रत अवर्णनीय है । उनका मन श्री राम के चरण कमलों में भौरें की तरह लुभाया हुआ है
तथा सदैव उनके पास रहता है । मानस में भरत विशिष्ट स्थान के अधिकारी हैं । लक्ष्मण त्याग करके भी राम
के साथ रहते हैं , लेकिन भरत
अयोध्या के मिले हुए राज्य को राम के चरणों में समर्पित कर देते हैं तथा नंदिग्राम
में चौदह वर्ष तक रहकर तपस्वी का जीवन व्यतीत करते हैं । उन्हें कठिन परीक्षा की
घड़ियों से गुजरना पड़ता है । भरत त्याग, भातृ-प्रेम
तथा भक्ति की साकार प्रतिमा थे उनका चरित्र स्वयं में आदर्श है । भरत जब ननिहाल में थे , तभी राम का राज्याभिषेक, वन गमन तथा पिता की मृत्यु जैसी घटनाएँ घटती हैं । उन्हें पिता की अंत्येष्टि संस्कार
के लिए बुलाया जाता है । सब का कारण माता को जानने पर उनका हृदय अपार घृणा से भर
जाता है । उन्हें माता द्वारा किया गया कर्म अनैतिक प्रतीत होता है । वे कहते हैं
-
पपिन सबहिं भॉंति कुल नासा ।
जें पै कुरूचि रही असि तोरी । जनमत काहे न मारेसि मोहि ।।
हॅंस वंश दशरथ जनकु राम लखन से भाई ।
जननी तू जननी भई बिधि सन कछु न बसाइ ।।
जब तै कुमति कुमत जियॅं ठयऊ । खंड खंड होइ हृदउ न गयऊ ।।
बर मागत मन भइ नहि पीरा । गरि न जीह मुहॅं परेउ न कीरा ।। मा0अयो0 161/1-4 देा0 तथा 162/1
नैतिक नियम
अथवा आदेश से ही धर्म अधर्म का निर्णय होता है । भरत अत्यंत दुखी होते हैं , कारण कि उनकी माता का आचरण धर्म के प्रतिकूल है । कुल-संबंधी नैतिक नियम यह
बताता है कि माता पिता की सेवा करना संतान का कर्तव्य है । इसी प्रकार गुरू के
प्रति भी अपार श्रद्धा भाव होना चाहिए । स्त्री को चाहिए कि वह पतिव्रता जीवन
व्यतीत करे और सदैव अपने धर्म का पालन करे ।
4/ राजनीति से संबंधित नैतिक नियम
नैतिक नियम
राजा के कर्तव्यों का भी नियामक है । इसी के अनुसार राजा को भी आचरण करना पड़ता है
। इस नियम के पीछे कल्याण की भावना निहित है । राजा का कर्तव्य प्रजा की रक्षा तथा
वर्ण और आश्रम व्यवस्था को बनाए रखना है । अपने नैतिक कर्तव्य से विमुख होने पर
राजा को दंड का भागीदार होना पड़ेगा -
जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी । सो नृप् अवसि नरक अधिकारी ।। मा0लं0 38क/5
राजा का यह
कर्तव्य है कि वह सज्जनों का आदर करे तथा दुष्टों को दंडित करे । राजा को सदैव इस
बात का ध्यान रखना चाहिए कि उसकी शासन व्यवस्था में प्रजा सुखी और संपन्न रहे ।
5/ स्वयं से संबंधित नैतिक नियम
स्वयं नैतिक
नियम मानवीय कर्तव्यों से संबंधित आचरण है । इसका निर्धारण समाज के सदस्यों की
स्थिति के अनुसार होता है जैसे - माता पिता के रूप में केसा आचरण हो । वर्ण
व्यवस्था के अनुसार व्यक्ति के क्या कर्तव्य हैं । गृहस्थ, वानप्रस्थ अथवा संन्यास आश्रम में रहकर व्यक्ति किन नैतिक कर्तव्यों का
पसलन करे । यही स्वयं से संबंधित नैतिक नियम है ।
हर स्थिति
में व्यक्ति के कुछ न कुछ नैतिक कर्तव्य हैं । अपने जीवन में वह इन सब नैतिक
कर्तव्यों के अनुसार आचरण करता है । हमारे यहॉं धार्मिक ग्रंथों में भी लिखा है कि
स्वधर्म के अनुसार आचरण करना चाहिए -
श्रेयान्स्वधर्मो विगुणः परधर्मात्स्वनुष्ठितात ।
स्वधर्मे निध्नं श्रेयः परधर्मो भयावह : ।। गीता 3/25
स्वधर्म
मोक्ष नहीं बल्कि नैतिक कर्तव्य है । जैसे शास्त्रों में उल्लिखित वर्ण व्यवस्था
के अनुसार आचरण करने में ही सभी का कल्याण है । स्वधर्म शास्त्र द्वारा नियत आचरण
है । तुलसी स्वयं भी यही चाहते थे कि सभी स्वधर्म के अनुसार चलें । रामराज्य में
सभी स्वधर्म पालन में रत हैं -
बरनाश्रम निज निज धरम निरत बेद पथ लोग ।
चलहिं सदा पावहिं सुखहिं नहिं भय सोक न रोग ।। मा0उ0 20/2
अतएव स्वंय
से संबंधित नियम के अनुसार व्यक्ति का जो कर्म हो उसे उसका पालन करना चाहिए ।
ख/. नैतिक गुण और उनके अपवाद
नैतिक गुण
मानव के अन्तःकरण की उच्च तथा पवित्र भावनाओं से संबंधित है । ये गुण व्यक्ति को
देवत्व के सिंहासन पर प्रतिष्ठित करने में सक्षम हैं तथा ईश्वरीय सत्ता भी इसके
बिना महत्वहीन है । ये गुण अत्यंत उच्च एवं उदात्त हैं । इन गुणों का आरोप ईश्वर
पर किया जाता है । इन गुणों को धारण कर मानव देवत्व के आसन पर प्रतिष्ठित हो जाता
है ।
नैतिक गुण
आन्तरिक है तथा इनका ज्ञान व्यक्ति को अन्तःकरण के द्वारा होता है । अन्तःकरण से
कभी भूल नहीं होती है । अंतःकरण भी नैतिक गुणों को पहचानने में भूल नहीं करता । नैतिक गुण व्यक्ति के कर्तव्य-चेतना
में न केवल समाहित रहता है बल्कि उससे प्रभावित भी होता है । नैतिक गुण कभी
परिवर्तित नहीं होते । ये सनातन हैं तथा नैसर्गिक हैं । नैतिकता प्रकृति में ही
व्याप्त है । नैतिक गुण व्यक्ति की उदात्त प्रवृत्ति तथा उदात्त कर्मों में ही
निहित है । नैतिक गुणों का अनुभव किया जाता है तथा इसका ज्ञान अन्तःकरण द्वारा
होता है । ये गुण अपने आप में अत्यंत शुद्ध हैं तथा वे सबके भीतर समान रूप सें
व्याप्त हैं । व्यक्ति का अंतःकरण स्वयं ही नैतिक गुणों की पहचान कर उसका निर्णय
कर देता है । नैतिक गुणों का पहला पक्ष
व्यक्ति की चेतना या विवेक से संबंधित है । दूसरा पक्ष अंतःकरण उचित-अनुचित का
निर्णय करता है । व्यक्ति का अंतःकरण स्वंय यह बताता है कि वह उचित है या अनुचित ।
कर्म के निकष पर जो सही उतरता है वही नैतिक गुण है । नैतिक गुण व्यक्ति के
सद्कार्यों तथा सद्कर्मों से संबंधित है ।
जहॉं तक
उद्देश्य का प्रश्न है , ये गुण
व्यक्ति को नैतिक कर्मों की प्रेरणा प्रदान करते हैं । हमारे प्राचीन ऋषियों का
कहना है कि व्यक्ति को सदैव सत्य बोलना चाहिए, लेकिन
मानव जीवन की परिस्थितियों में कभी-कभी सत्य पालन अत्यंत कठिन हो जाता है । यदि
कभी सत्य बोलने से किसी के प्राणों पर संकट आने की संभावना उपस्थित हो , वहॉं झूठ ही सत्य हो जाता है । यदि कभी झूठ बोलकर ही किसी के प्राणों की
रक्षा होती है तो ऐसी दशा में झूठ का निंदनीय कैसे कहा जा सकता है । महाभारत में
कहा गया है –“विवाह और स्त्री प्रसंग के अवसरों पर प्राणों पर संकट आने पर, किसी के सर्वस्व के अपहरण के समय तथा ब्रह्मवेत्ता के कल्याण के लिए मिथ्या
भाषण करने से पाप नहीं होता ।“ वास्तव में नैतिक गुण भी देश-काल की प्रेरणा द्वारा
परिचालित होते हैं तथा नैतिक गुणों की प्रेरणा भी नैतिकता द्वारा परिचालित होती है
। इसी कारण आचार्य शंकर कहते हैं -
यस्मिन देशे काले निमित्ते च यो धर्मोऽनुष्ठीयते ।
स एव देशकाल निमित्तान्तरे स्वधर्मो भवति ।। ब्र0सू0 3/1/25 शं0भाष्य
अर्थात
देशकाल और निमित्त से जिस धर्म का अनुष्ठान होता है, वही दूसरे
देशकाल और निमित्त में अधर्म हो जाता है । इसी तरह कभी-कभी धर्म की रक्षा के लिए
धर्म के प्रतिकूल आचरण करना पड़ता है । रामचरितमानस में बालि का कथन ध्यातव्य है -
धर्म हेतु अवतरेहु गोसाई । मारेहु मोहि ब्याध की नाई ।। मा0कि0 9/3
राम बालि का
वध करते है क्योंकि बालि का आचरण धर्म के प्रतिकूल था। इसी तरह नैतिक गुण के
अन्तर्गत अहिंसा का महत्व हर संस्कृति में माना गया है । अहिंसा को सभी धर्मों में
श्रेष्ठ कहा गया है । लेकिन परिस्थितिविशेष में हिंसा भी हिंसा नहीं रह जाती है ।
वास्तव में हिंसा और अहिंसा को मानव जीवन के निकष पर ही उचित या अनुचित कहा जा
सकता है । ऋषि-मुनियों की रक्षा के लिए राम को भी हिंसा का सहारा लेना पड़ा । एक और
उदाहरण लेकर देखा जाए तो अस्तेय वृत्ति को सभी के लिए आवश्यक ठहराया गया है , लेकिन इस पर अमल तभी किया जा सकता है जबकि वातावरण अनुकूल हो । रामराज्य
में लोग अस्तेय वृत्ति का पालन करते हैं, कारण कि
वातावरण अनुकूल है -
नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना ।म0उ0 21/3
तुलसी
कलियुग के माध्यम से जहॉं अपने युग का वर्णन करते हैं , वहॉं परिस्थितियॉं ऐसी नहीं है । गोस्वामी जी लिखते हैं कि कलियुग में बहुत
थोड़े लाभ के लिए लोग ब्राह्मण और गुरू तक की हत्या कर डालते हैं । यदि राष्ट्र में
दुर्भिक्ष का वातावरण हो तो मानव चोरी-डकैती भी कर सकता है । दुर्भिक्ष के दिनों
में मनुष्य अर्थ के अभाव में न तो अन्न खरीद सकता है और न ही कहीं से दान प्राप्त
कर सकता है । ऐसी स्थिति में यदि वह बल प्रयोग द्वारा कहीं से अन्न लेता है , तो उसका यह कार्य क्या अनुचित होगा ? इसी प्रकार यदि क्षमा को लें, तो इसे
अत्ंयत श्रेयस्कर कहा गया है । लेकिन शत्रु द्वारा आक्रमण किए जाने पर शत्रु के
साथ क्षमा का व्यवहार करना व्यावहारिक नहीं होगा न ही प्रेम का व्यवहार उसके साथ
उचित होगा । मनु ने कहा है कि धर्म पर भी तर्क के अनुसार विचार करना चाहिए -
आर्ष धर्मोपदेशं च वेदशास्त्रा ऽविरोधिना ।
यस्तेर्कणा नुसंधते स धर्म वेद नेतरः ।। मनु 12/106
अर्थात जो
मनुष्य, ऋषि, दृष्ट, वेद तथा
तन्मूलक स्मृति शास्त्रों को वेदानुकूल तर्क से विचारता है , वही धर्मज्ञ है दूसरा नहीं । इसी तरह सत्य की गणना भी हमारे यहॉं नैतिक
गुणों में की जाती है । तुलसी भी मानस में लिखते हैं -
धरम न दूसर सत्य समाना । आगम निगम पुरान बखाना ।। म0अयो0 95/3
सत्य के
समान दूसरा धर्म नहीं है । यह वेद, शास्त्र और पुराणों में कहा गया है
लेकिन असत्य भाषण को बुरा नहीं कहा गया है । शूर्पनखा जब राम के समक्ष अपना प्रणय
प्रस्ताव रखती है , तब राम
स्वयं असत्य भाषण करते हैं । वे कहते हैं कि मेरा छोटा भाई लक्ष्मण अभी अविवाहित है, वाल्मीकि लिखते हैं -
श्रीमान कृत विवाहऽच लक्ष्मेणोनाम वीर्यवान् । व0रा0 3/18/13
तथा तुलसी
लिखते हैं -
सीतहि चितइ कही प्रभु बाता । अहइ कुमार मोर लघु भ्राता ।। मा0अर0 17/6
सत्य की अवहेलना को तुलसी ने भी क्षम्य माना है । इसी तरह अस्तेय को लें तो
एक ओर तो व्यक्ति प्राण रक्षा हेतु अस्तेय वृत्ति की अवहेलना करता है , वहीं दूसरी ओर घोर स्वार्थ होने पर भी करता है । श्रुति, स्मृति सभी में अस्तेय वृत्ति को अपनाने का आदेश है । तुलसी मानस में कहते
हैं कि जिनमें अस्तेय वृत्ति नहीं है , पराई स्त्री और पराए धन का अपहरण करने वाले हैं , वे साक्षात राक्षस हैं-
पर द्रोही पर दार रत पर धन पर अपबाद ।
ते नर पॉंवर पापमय देह धरें मनुजाद ।। मा0उ0 39/दो0
घोर स्वार्थ
के कारण कैकेयी भी इस वृत्ति की अवहेलना करती है । राम का राज्याधिकार छीनकर वह
अपने पुत्र को देना चाहती है । परिणामस्वरूप न केवल विधवा होती है , बल्कि पुत्र सहित निंदा का पात्र भी बनती है । स्वार्थवश ही बालि अपने अनुज
भ्राता सुग्रीव को निकाल कर उसकी स्त्री तथा संपत्ति पर अनुचित रूप से अधिकार कर
लेता है जिसके परिणामस्वरूप उसे दंड का भागीदार बनना पड़ता है । रावण जगदंबा सीता का
हरण कर अस्तेय वृत्ति की अवहेलना करता है । इस परिवर्तनशील संसार में प्रत्येक
प्राणी सुख-दुख, प्रेम, द्वेष, शोक और संकट से ग्रस्त है । ईश्वर
कृपा या दया के बिना वह इस संकट से मुक्त नहीं हो सकता है । तुलसी के राम भी दयालु
हैं । लंकिनी हनुमान से कहती है -
गरल सुधा रिपु करहिं मिताई । गोपद सिंधु अनल सितलाई ।।
गरुड़ सुमेरू रेनू सम ताही । राम कृपा करि चितवा जाही ।। मा0सु0 5/1-2
राम की कृपा
से कोई भी कार्य असंभव नहीं है । राक्षसों द्वारा मुनियों पर अत्याचार करते देख कर
ही राम दयावश मुनियों की रक्षा के लिए राक्षसों को मारने की प्रतिज्ञा करते हैं ।
लेकिन अन्य नैतिक गुणों की तरह दया पर भी धर्मानुसार आचरण होना चाहिए । राम की ऋषि
मुनियों पर दया उचित है, लेकिन राक्षसों पर दया अनुचित होती ।
क्षमा भी
नैतिक गुणों के अंतरर्गत आता है । यदि कोई अनुचित कार्य करता है तो उसे दंडित न कर
छोड़ दिया जाना क्षमा है । लेकिन यदि राम ताड़का, शूर्पनखा, बालि और रावण को क्षमा कर देते तो धर्म की रक्षा नहीं हो पाती । राम जयन्त
को भी क्षमा करते हैं , लेकिन
पूरी तरह नहीं । उसे काना बना कर छोड़ते हैं -
सुनि कृपाल अति आरत बानी । एक नयन करि तजा भवानी ।। मा0अर0 1/7
तुलसी ने
मानस में कर्मफल की धारणा के अनुसार क्षमा की अपेक्षा दंड को ही ज्यादा महत्व
प्रदान किया -
जो अपराध भगत कर करई । राम रोष पावक सो जरई ।। मा0अयो0 17/3
इसी तरह
अहिंसा के बारे में तुलसी लिखते हैं -
परम धर्म श्रुति विदित अहिंसा । मा0उ0 120/11
संसार में
कल्याण की कामना सें ही राम निशाचरों का वध करते हैं । रावण, बालि आदि के दुराचारी होने के कारण ही उनका वध करते हैं । परिस्थिति विशेष
में तुलसी ने भी हिंसा को मान्यता दी है –“ ताहि वधे
कछु पाप न होई” । उनके राम
मानवता के प्रचार तथा प्रसार के लिए हिंसा का सहारा लेते हैं । इस प्रकार नैतिक
गुण औचित्य तथा अनौचित्य पर निर्भर करते हैं ।
ग/. हिंसा, आत्महत्या, भ्रूण-हत्या इत्यादि
हिंसा का
शाब्दिक अर्थ है किसी को जान से मारना । किसी प्राणी को कष्ट देना भी हिंसा में
आता है -
आचार्य च प्रवक्तारं पितरं मातरं गुरुम्
न हिंस्याद ब्रह्मणान्गाश्च सर्वांश्चैव तपस्विनः ।। मनु 4/162
अर्थात
आचार्य वेद व्याख्यानकर्त्ता, पिता, माता, ब्राह्मण, गौ और सब प्रकार के तपस्वी, इनकी हिंसा न करें । तुलसी के युग में घोर अत्याचार फेला हुआ था ।
मुसलमानों के अत्याचार से जनता त्रस्त थी । धर्म का नाम तक सुनने में नहीं आता था
-
बरनि न जाइ अनीति घोर निसाचर जो करहिं ।
हिंसा पर अति प्रीति तिन्ह के पापहि कवनि मिति ।। मा0बा0 183/सो0
तुलसी के
समय की आर्थिक दुर्व्यवस्था भी लोगेां के हिंसक होने के लिए उत्तरदायी है । तुलसी
मानस के कलियुग वर्णन में लिखते हैं कि बहुत थोड़े लाभ के लिए लोग ब्राह्मण और गुरू
की हत्या तक कर डालते हैं -
कौड़ी लागि लोभ बस करहिं बिप्र गुर घात ।। मा0उ099क/2
हिंसा की हर
धर्म तथा संस्कृति में बुराई की गई है तथा अहिंसा को परम धर्म कहा गया है , किंतु हिंसा को हर परिस्थिति में बुरा नहीं कहा जा सकता। परिस्थिति विशेष
में हिंसा को भी नैतिक कहा जाता है । यदि सैनिक अपने देश की रक्षा के लिए शत्रु
पक्ष के हजारों सैनिकों का वध करता है तो उसके द्वारा किया गया वध हिंसा नहीं
राष्ट्र रक्षा होगी । इसी तरह अगर कोई व्यक्ति मनुष्य तथा पशुओं को हानि पहुंचाने
वाले दूसरे हिंसक पशु का वध करता है तो उसे क्या कोई हिंसा कह सकेगा ? हिंसा मानव निकष पर खरी उतरने पर ही नैतिक तथा अनैतिक होती है । मानस में
जब राजा दशरथ ऋषि विश्वामित्र से उनके आगमन का कारण पूछते हैं , तब ऋषि कहते हैं -
असुर समूह सतावहिं मोही । मैं जाचन आयउॅं नृप तोही ।।
अनुज समेत देहु रघुनाथा । निसिचर बध में होब सनाथा । मा0बा0 207/5
राक्षस अपनी
हिंसा वृत्ति के कारण ही ऋषियों को कष्ट देते हैं । ऋषि विश्वामित्र उन हिंसक
राक्षसों के नाश के लिए ही राम लक्ष्मण को राजा दशरथ से मांगते हैं । राक्षसों की पाप वृत्ति का नाश, राक्षसों के नाश से ही हो सकता है , तभी सद्जन सुखी रह सकते हैं । मार्ग में ऋषि ताड़का को दिखाते हैं , तब राम एक बाण से ही उसके प्राण हर लेते हैं -
चले जात मुनि दीन्हि दिखाई । सुनि ताड़का क्रोध करि धाई ।।
एकहिं बान प्रान हरि लीन्हा । दीन जानि तेहि निज पद दीन्हा ।। मा0बा0 209/3
ताड़का सुन्द
दानव की पत्नी थी । उसके शरीर में एक हजार हाथियों का बल था । लेकिन इस पद का
दुरुपयोग वह आसपास के देशों ( मलद और करूष) को नष्ट करने में करती थी । वह आर्य
संस्कृति को नष्ट करने में लगी हुई थी । अतएव राम के लिए उस पापिन का वध करना
आवश्यक हो गया । राम को इस कार्य के लिए प्रेरित करते हुए ऋषि विश्वामित्र कहते
हैं -
एनां राघव दुवृतां यक्षीं परम दारूणम! ।
गो ब्राह्मणातिर्थाय जहि दुष्टपराक्रमाम! ।। वद्धरा0 1/25/15
हे रघुनन्दन
! तुम गौ तथा ब्राह्मण का हित करने के लिए दुष्ट पराक्रम वाली इस दुराचारिणी यक्षी
का वध कर डालो । स्त्री समझ कर इसके प्रति दया का व्यवहार मत करो क्योंकि राजपुत्र
को चारा वर्णों के हित के लिए स्त्री का वध करना पड़े तो उसे मुंह नहीं मोड़ना चाहिए -
नहि ते स्त्री वध कृते घृणा कार्या नरोत्तम ।
चर्तुवर्ण्यहितार्थ हि कर्तव्यं राजसूनुना ।। व0रा0 1/25/17
इसी प्रकार
मुनियों के शत्रु राक्षस मारीच को भी राम बिना फल वाला बाण मारते हैं -
पावक सर सुबाहु पुनि मारा । अनुज निसाचर कटकु संहारा ।।
मारि असुर द्विज निर्भयकारी । अस्तुति करहिं देव मुनि झारी ।। मा0बा0 210/3
यहॉं राम
द्वारा की गई हिंसा धमार्थ है । अतएव यहॉं हिंसा नैतिक है । मानस के किष्किन्धा
काण्ड में देखते हैं कि सुग्रीव का दुख सुनकर राम बालि का वध करने के लिए प्रेरित
होते है तथा कहते हैं -
सुनु सुग्रीव मारिहउॅं बालिहि एकहिं बान ।
ब्रह्म रूद्र सरनागत गएँ न उबरिहिं प्रान ।।
मा0कि0 6/दो0
मैं एक ही
बाण से बालि को मार डालूँगा । राम द्वारा भेजे जाने पर सुग्रीव छल बल सहित बालि से युद्ध करता है ।
लकिन जब डरकर हार मान लेता है तब राम बालि के हृदय में बाण मारते हैं -
बहु छल बल सुग्रीव कर हिंयॅं हारा भय मानि ।
मारा बालि राम तब हृदय माझ सर तानि ।। मा0कि0 8/दो0
बालि
व्याकुल होकर पृथ्वी पर गिर पड़ता है, तभी प्रभु
से प्रश्न करता है -
धर्म हेतु अवतेरहु गोसाई । मारेहु मोहि ब्याध की नाई ।।
मैं बैरी सुग्रीव पिआरा । अवगुन कबन नाथ मोहि मारा ।। मा0कि0
9/3
तब राम उसके
प्रश्न का उत्तर देते हुए कहते हैं -
अनुज बधु भगिनी सुत नारी । सुनु सठ कन्या सम ए चारी ।।
इन्हहिं कुद्दष्टि बिलोकइ जोइ । ताहि बधें कछु पाप न होई ।। मा0कि0 9/4
अर्थात छोटे
भाई की स्त्री, बहन, पुत्र की
स्त्री और कन्या , ये चारों
समान हैं । इनको बुरी दृष्टि से देखने वाले को मारना कोई पाप नहीं है । ऐसे ही
सीता की खोज में हनुमान जाते हैं । अशोक वाटिका में उनकी भेंट माता सीता से होती
है । उनसे मिलने के पश्चात् हनुमान अशोक वाटिका उजाड़ते हैं । वे न केवल रावण के
पुत्र अक्षय कुमार का वध करते हैं बल्कि
कछु मारेसि कछु मर्देसि कछु मिलएसि धरि धूरि ।
कछु पुनि जाइ पुकारे प्रभु मर्कट बल भूरि ।। मा0सु0 18/दो0
राक्षस जाकर
रावण से कहते हैं कि बंदर बलवान है जब-
सुनि सुत बध लंकेस रिसाना । मा0सु0 19/1
रावण न केवल
क्रोधित होता है, बल्कि इन्द्रजीत द्वारा हनुमान को
ब्रह्म अस्त्र से बांधकर लाये जाने पर पूछता है -
कह लंकेस कवन तैं कीसा । केहिं के बल घालेहि बन खीसा ।।
की धौं श्रवन सुनंहि नहिं मोही । देखउॅं अति असंक सठ तोही ।। मा0सु0 21/1
तब हनुमान
रावण को उत्तर देते हैं -
खायउॅं फल प्रभु लागी भूखा । कपि सुभाव तें तोरेउॅं रूखा
।।
सब कें देह परम प्रिय स्वामी । मारहिं मोहि कुमारग गामी ।।
जिन्ह मोहि मारा ते मैं मारे । तेहि पर बॉंधेउ तनयं
तुम्हारे ।।
मोहि न कछु बॉंधे कठ लाजा । कीन्ह चहउॅं निज प्रभु कर काजा ।। मा0सु0 22/2
अर्थात देह
सभी को प्रिय है । कुमार्गगामी मुझे मारने लगो तब मैंने उन्हें मारा । यहॉं हिंसा
आत्म रक्षा के लिए करनी पड़ी, फिर रावण जैसे दुष्ट के सहयोगी
राक्षसों का संहार भी नैतिक है ।
हिंसा का
अर्थ किसी को भी प्राणी को कष्ट देना अथवा शत्रुता करना है । यदि अहिंसा सवोच धर्म है तो हिंसा सबसे
बड़ा अधर्म है , किंतु
पसिस्थितिविशेष में हिंसा को अधर्म नहीं माना जा सकता । श्री राम ने जगत कल्याण की
भावना से प्रेरित होकर ही दानवों का संहार किया, तथा उनके
कार्य से सज्जनों का दुख दूर हुआ । यह उसी तरह है जिस तरह कि किसी हिंसक पशु के वध
से पुण्य प्राप्त होता है , पाप नहीं
।
रावण ने
यद्यपि अभिजात कुल में जन्म लिया फिर भी वह आचरणहीन था । आचरणहीनता के कारण ही वह
सीता का हरण करता है । इस कारण राम को रावण का वध करना पड़ा । तुलसी ने भी पापियों
के वध में कोई अनौचित्य नहीं देखा । राम मानवता की रक्षा के लिए दानवता का संहार
करते हैं अतएव राम द्वारा अत्याचारियों के वध को हिंसा नहीं कहा जा सकता ।
भारतवर्ष
में आत्म हनन या आत्महत्या को भी पाप माना जाता है । व्यक्ति निराशा में अथवा जब
जीने का कोई रास्ता नहीं रह जाता है, तब
आत्महत्या करता है । मानस में हम देखते हैं कि पार्वती दक्ष यज्ञ में जाती हैं और
वहॉं शिव का हिस्सा न देख योगाग्नि में जल कर भस्म हो जाती हैं -
जगदातमा महेस पुरारी । जगत जनक सबके हितकारी ।।
पिता मंदमति निंदत तेहि । दच्छ सुक्र संभव यह देही ।।
तजहिउॅं तुरत देह तेहि हेतु । उर धरि चंद्रमौलि वृषकेतु ।।
अस कहि जोग अगिनि तनु जारा । भवउ सकल मख हाहाकारा ।। मा0बा0 64/3-4
सती को
पिछले परित्याग का उतना दुख नहीं था जितना कि पति के अपमान के कारण हुआ -
तब चित चढ़ेउ जो संकर कहेऊ । प्रभु अपमानु समुझि उर दहेऊ ।।
पाछिल दुखु न हृदयॅं अस ब्यापा । जस यह भयउ महा परितापा ।। मा0बा0 63/3
इसी तरह
रावण की कैद में रावण के अत्याचारों से बचने के लिए सीता त्रिजटा से चिता बना देने
की प्रार्थना करती है -
त्रिजटा सन बोली कर जररी । मातु बिपति संगिनि तैं मोरी ।।
तजौं देह करू बेगि उपाई । दुसहु बिरहु अब नहिं सहि जाई ।।
आनि काठ रचु चिता बनाई मातु अनल पुनि देहि लगाई ।।
सत्य करहि मम प्रीति सयानी । सुनै को श्रवन सूल सम बानी ।। मा0सु0 12/1-2
लेकिन
त्रिजटा सीता को इस तरह आत्महत्या करने से रोकती है । वह उन्हें समझाती है । प्रभु
का प्रताप तथा सुयश सुनाती है तथा कहती है कि रात्रि के समय आग नहीं मिलेगी -
सुनत बचन पद गहि समुझाएसि । प्रभु प्रताप बल सुजसु सुनाएसि ।।
निसि न अनल मिल सुनु सुकुमारी । अस कहि सो निज भवन सिधारी ।। मा0सु0 12/3
सीता पति के
विरह में व्याकुल है । राक्षसनियों के द्वारा सताई जा रही है । रावण से अपनी रक्षा
करने के लिए उसे आत्महत्या के सिवाय दूसरा कोई रास्ता नहीं दिखाई देता है, लेकिन सीता ऐसा नहीं कर पाती है ।
भ्रूण-हत्या
पर गोस्वामी जी ने प्रत्यक्ष कुछ नहीं लिखा है लेकिन मानस में अनजाने में भ्रूण -हत्या
तब होती है , जब हनुमान
सोने की लंका में आग लगा देते हैं । सारी लंका जल जाती है । यदि नहीं जलता है तो
एक केवल विभीषण का घर । मंदोदरी रावण से कहती है कि वह सीता को लौटा दे , इसी मे सभी की भलाई है क्योंकि राम के दूत का स्मरण करने मात्र से ही
निशाचरियों के गर्भ गिर जाते है -
समुझत जासु दूत कइ करनी । स्त्रवहीं गर्भ रजनीचर धरनी ।।
धर्मशास्त्र
में भ्रूण -हत्या को जघन्य पाप माना गया है । गर्भहत्या और ब्रह्म हत्या को बराबर
ठहराया गया है । गर्भहत्या अथवा भ्रूण -हत्या का वही प्रायश्चित है जो ब्रह्म
हत्या का -
हत्यागर्भम विज्ञातमेत देव व्रतं चरेत् ।
राजन्य वैश्यो चेनानावात्रेयीमेव च स्त्रियम् ।। मनु 11/87
अर्थात
अज्ञात गर्भ, यज्ञ करते हुए क्षत्रिय तथा वैश्य और
आत्रेयी की हत्या करके इसी ब्रह्म-हत्या के प्रायश्चित को करें । रामचरितमानस में
लिखा है कि हनुमान की गर्जना से ही निशाचरियों के गर्भ गिरने लगे -
चलत महाधुनि गर्जेसि भारी । गर्भ स्त्रवहिं सुनि निसिचर नारी ।। मा0सु0 28/1
घ/. नैतिक दोष
अत्यधिक स्वतन्त्रता के कारण जब मनुष्य असद् कर्म करता है
- जिसका परिणाम भी बुरा हो, वहॉं नैतिक दोष होता है । जहॉं
व्यक्ति घोर स्वार्थवादी प्रवृत्ति को अपनाता है वहॉं भी वह नैतिक दोष से ग्रसित
होता है । आज के भौतिकवादी युग में तो यह है ही, लेकिन
नैतिक दोष आने से व्यक्ति न केवल समाज में बल्कि परिवार में भी निंदा का पात्र
बनता है ।
रामचरितमानस
में हम देखते हैं कि कैकेयी नैतिक दोष से ग्रस्त हैं । वह राम का राज्याधिकार
छीनकर अपने पुत्र भरत को देना चाहती है । उसकी स्वार्थ भावना के कारण उसका चरित्र
कलुषित होकर रह गया है । यदि वह नैतिक दोष से ग्रसित नहीं होती तो शायद दशरथ की
मृत्यु न होती । अपने इस कार्य के परिणामस्वरूप न केवल परिवार व समाज बल्कि पुत्र
द्वारा भी लांछित होती है ।
इसी प्रकार
सती का आचरण दोषपूर्ण होने पर शिवजी सती का त्याग करते हैं । सती राम की परीक्षा
लेती हैं और वह भी सीता का वेष धारण कर लेकिन शिव जब पूछते हैं कि तुमने किस
प्रकार परीक्षा ली तब वे क्या उत्तर दें । उन्हें झूठ का सहारा लेना पड़ा -
कछु न परीक्षा लीन गोसाई । कीन्ह प्रनामु तुम्हारिहिं नाई ।। मा0बा0 56/1
सती नैतिक
दोष से ग्रसित हैं, इसी कारण शिव को संकल्प लेना पड़ा कि
सती के इस शरीर से मेरी भेंट नहीं हो सकती -
तब संकर प्रभु पद सिरु नावा । सुमिरत रामु हृदयॅं अस आवा ।।
एहिं तन सतिहि भेट मोहि नाहीं । सिव संकल्पु कीन्ह मन माहीं ।। म0बा0 57क/1
यदि रावण का
दृष्टान्त लें तो वह सीता का हरण करता है । वह जानता है कि पराई स्त्री का अपहरण
निन्द्य कर्म है फिर भी वह सीता को हर कर ले जाता है । उसे डराता, धमकाता है, तरह-तरह के प्रलोभन देता है -
कह रावन सुनु सुमुखि सयानी । मंदोदरी आदि सब रानी ।।
तव अनुचरीं करउॅं पन मोरा । एक बार बिलोकु मम ओरा ।। मा0सु0 9/1-2
लेकिन सीता
नैतिक दोष से ग्रसित नहीं हैं । वे बराबर पति के स्मरण में लीन रहीं तथा रावण की
उक्त बात का उत्तर भी वे तिनके की आड़ से देती हैं -
सुन दसमुख खद्योत प्रकासा । कबहुं कि नलिनी करइ बिकासा ।।
अस मन समुझु कहति जानकी । खल सुधि नहिं रघुबीर बान की ।।
सठ सूने हरि आनेहि मोहि । अधम निल्लज लाज नहिं तोही ।। मा0सु0 9/4-5
सीता द्वारा
फटकारे जाने पर रावण असहनशील हो उठता है, तथा कहता
है कि यदि तू मेरी बात नहीं मानेगी तो तुझे जीवन से भी हाथ धोना पड़ेगा । लेकिन
सीता अपने प्रण पर अटल है । वह तलवार स्वीकार कर सकती है , लेकिन रावण को नहीं । रावण के इस कुकृत्य के लिए मंदोदरी भी रावण को समझाती है । हनुमान द्वारा
लंका को जलाये जाने के पश्चात् मंदोदरी बुरी तरह से भयभीत है । वह कहती है कि
जिनके दूत का स्मरण करने मात्र से ही राक्षस स्त्रियों के गर्भ गिर जाते हैं , यदि आप अपना भला चाहते हैं तो उनकी स्त्री को मंत्री के साथ भेज दीजिए, लेकिन अभिमानी रावण उसकी बात हंस कर उड़ा देता है ।
तुलसी का
आविर्भाव जिस मुगलकालीन युग में हुआ उस युग में भी लोग नैतिक दोष से ग्रस्त थे ।
उस समय की सामाजिक दशा को यदि देखें तो पाते हैं कि अकाल, दुर्भिक्ष तथा युद्ध की विभीषिका तो व्याप्त थी ही, सांस्कृतिक अधःपतन भी हो गया था । कोई नियम नहीं रह गया था । सभी मनमाना
आचरण कर रहे थे । स्त्री पुरुष सभी नैतिक दोष से ग्रसित थे । लोग जानबूझ कर वही
काम कर रहे थे जो सवर्था अनैतिक तथा अनुचित था । रामचरितमानस के उत्तरकाण्ड में तुलसी
लिखते हैं कि अभागिन स्त्रियां गुणों के धाम सुन्दर पति को छोड़कर पर-पुरुष का सेवन
करती हैं । पुरुष भी नैतिक दोष से ग्रसित हैं । कुलवती सती स्त्री को घर से निकाल
देते हैं तथा घर में दासी लाकर रखते हैं । यही नहीं -
कलिकाल बिहाल किए मनुजा । नहिं मानत कौ अनुजा तनुजा ।। मा0उ0 101क/3
कलिकाल में
स्त्री पुरुष एक ओर ब्रह्म ज्ञान के सिवा दूसरी बात नहीं करते हैं , वहीं दूसरी ओर बहुत थोड़े लाभ के लिए ब्राह्मण तथा गुरू की हत्या तक कर
डालते हैं । जो परायी स्त्री में आसक्ति ओर कपट करने में चतुर है वही ज्ञानी है ।
अत्यधिक स्वार्थ तथा विलासिता के कारण भी नैतिक दोष उत्पन्न होता है । मुगलकालीन
श्रृंगारिक प्रवृत्ति के कारण कृष्ण भक्ति काव्य विलासिता से ग्रस्त हुआ लेकिन
तुलसी ने अपने काव्य में नैतिक मूल्यों की प्रतिष्ठा का सदैव ध्यान रखा ।
नैतिक दोष
नितान्त भौतिकवादी दृष्टिकोण से भी पैदा होता है क्योंकि सुख लिप्सा तथा भोग
लिप्सा की प्रवृत्ति के कारण व्यक्ति अपने लिए ज्यादा से ज्यादा सुख की कामना
करेगा ।
ङ/. पाप कृत्यों के परिणाम
पाप कृत्यों
का परिणाम सदैव ही बुरा होता है । यह आतंरिक वेदना को जन्म देता है जिससे आत्मा
सदैव छटपटाती रहती है । यह व्यक्तित्व को बुरे परिणाम का भोक्ता भी बनाती है ।
इसके अतिरिक्त व्यक्ति को सामाजिक बहिष्कार तथा निंदा से भी ग्रसित होना पड़ता है ।
अतएव व्यक्ति को चाहिए कि वह जानबूझ कर वर्जित कर्म न करे । किसी निर्दोष की लालच
से या अन्य किसी कारण से स्वार्थवश हत्या करना, किसी
निर्दोष को जान बूझ कर सताना, परायी स्त्री अथवा पराये धन का अपहरण, इत्यादि पाप कर्म हैं ।
कैकेयी
निर्दोष राम को वन तो भेज देती है, लेकिन
जीवन भर पश्चाताप की अग्नि में जलती रहती है । पुत्र को राजगद्दी पर बैठाने की
मनोकामना भी फलीभूत नहीं होती है । भरत द्वारा वह पापिन कही जाती है । रावण सीता
का अपहरण कर ले जाता है और उसे अपनी पत्नी बनाना चाहता है परिणामस्वरूप वह युद्ध
को निमंत्रण देता है तथा कुल सहित नष्ट हो जाता है । बालि ने न केवल तारा तथा
राज्य को सुग्रीव से छीना था बल्कि वह सुग्रीव के प्राणों का भी प्यासा था । अतएव
वह राम के हाथों मारा जाता है । मारीच रावण के पाप कृत्य का सहयोगी बनता है । वह
स्वर्ण मृग का रूप धारण कर सीता-हरण करवाने में मदद करता है । परिणामतः राम के बाण
द्वारा वह मृत्यु को प्राप्त करता है । मानस की शूर्पनखा जो कि पाप वृत्ति का
प्रतीक है, अपनी वासना के कारण नाक कान से रहित
होती है । ऋषि-मुनियों पर अत्याचार करने तथा उनकी पूजा यज्ञ को विध्वंस करने के
कारण विश्वामित्र के कहे जाने पर ताड़का राम के बाण द्वारा मृत्यु को प्राप्त करती
है । अहिल्या से पाप अनजाने में हुआ था, फिर भी उसे
अपने कर्म के परिणामस्वरूप पत्थर होने का शाप मिला । लंकिनी बुरे कर्म के
परिणामस्वरूप हनुमान से मुष्टक खाकर बिलखती रह जाती है ।
पाप कृत्यों
का परिणाम लोगों को भोगना पड़ता है । विशेषकर तुलसी की कर्मवाद में आस्था रही है ।
उन्होंने मानस में लोगों को कर्मफल भोगते हुए दिखाया है ।
च/. पश्चाताप
अनैतिक
कार्य करने के कारण सद्वृत्तियों से युक्त व्यक्ति में पश्चाताप उत्पन्न होता है ।
इस अवस्था में उसे अपने असद् कार्यों से न केवल ग्लानि होती है बल्कि पछतावा भी
होता है । मानस में कैकेयी राम के राज्याभिषेक के समय राजा दशरथ से अपने दो
वरदानों की मॉंग करती है । वह राम के स्थान पर अपने पुत्र भरत के लिए राजगद्दी एवं
राम के लिए चौदह वर्ष का वनवास मॉंगती है । उसके इस कार्य में मंथरा सहायक बनती है
। परिणामस्वरूप राजा दशरथ की मृत्यु तो होती ही है , भरत भी राज्य ठुकरा देते हैं तथा चौदह वर्ष तक नंदिग्राम में कुटी बनाकर
तापस वेष में रहते हैं ।
कैकेयी में
अपने कुकृत्य के लिए पश्चाताप देर से उत्पन्न होता है । बाद में उसकी दशा अत्यंत
दीन हो जाती है, लेकिन इस दीनहीन दशा के लिए वह स्वयं
उत्तरदायी है ।
राम
चित्रकूट में निवास कर रहे हैं। भरत माताओं तथा अयोध्यावासियों सहित राम से मिलने
आते हैं । राम को पता है कि माता कैकेयी बुरी तरह से पश्चाताप की अग्नि में जल रही
है । अतएव वे सबसे पहले कौशल्या से न मिलकर कैकेयी से ही मिलते हैं-
प्रथम राम भेंटी कैकेई । सरल सुभायॅं भगति मति भेई ।।
पग परि कीन्ह प्रबुधु बहोरी । काल करम बिधि सिर धरि खोरी ।। मा0अयो0 244/4
वे कैकेयी
को दोष नहीं देते हैं बल्कि काल, कर्म और विधाता को दोष देते हैं । वे
जानते हैं कि माता कैकेयी पश्चाताप की अग्नि में जल रही हैं, अतएव उन्हें सांत्वना प्रदान करते हैं । अपनी अन्य माताओं को भी वे यही
समझाते हैं कि किसी को दोष देना व्यर्थ है । सबकुछ ईश्वर के अधीन है -
अब ईस आधीन जगु काहु न देइअ दोषु ।। मा0अयो0 244/दो0
अतएव यह कहा
जा सकता है कि अनुचित कार्य के किये जाने पर मन में पश्चाताप उत्पन्न होता है ।
अनुचित, उचित का विवेक मात्र सद्विचारों में ही उदय होता है । जिसकी आत्मा अपना
स्तर खो चुकी है उसको सद्-असद् का ज्ञान और अंतर विदित ही नहीं होता ।
छ/. निष्कर्ष
रामचरितमानस
में नैतिकता को पूरी तरह प्रतिष्ठित करने का प्रयास है । इस प्रयास द्वारा न केवल
लोगों को नैतिक शिक्षा दी बल्कि नैतिक जीवन व्यतीत करने को अभिप्रेरित भी किया ।
उन्होंने बताया है कि नैतिकता व्यक्ति के अन्तःकरण की वृत्तियों से संबंधित है तथा
यही धर्म है ।
मानस में
ऐसे पात्र हैं जो नैतिक नियम के अन्तर्गत कार्य करते हैं लेकिन वहीं प्रतिकूल
कार्य करने वाले भी हैं । ऊपरी तौर पर यद्यपि व्यक्ति अन्तःकरण के अनुसार कार्य
करने पर दुख पाता है लेकिन दूसरी ओर वह उसे अपार आत्म संतोष भी प्रदान करता है ।
नैतिकता की
व्याख्या करते हुए गोस्वामी जी ने मानव की कुवृत्ति एवं कुदृष्टि की निंदा की है, क्योंकि एक ओर यह जहॉं समाज को पतन की तरफ ले जाता है वहीं दूसरी ओर हिंसा तथा रक्तपात को भी जन्म देता है ।
भारतवर्ष
में अहिंसा को परम धर्म कहा गया है लेकिन तुलसी ने स्वयं विशिष्ट परिस्थितियों में
हिंसा को बुरा नहीं कहा है । मानवता तथा धर्म की रक्षा के लिए ही उनके राम
निशाचरों का संहार करते हैं । आत्महनन तथा भ्रूण-हत्या पर उन्होंने अपनी ओर से कोई
टिप्पणी नहीं दी है । नैतिक दोष व्यक्ति के असद् कर्मों से संबंधित हैं तथा बुरे
परिणाम को घोषत करती है ।
नितान्त
भौतिकतावादी दृष्टिकोण नैतिकता के लिए अपकर्षक तथा घातक है । पाप कृत्यों का
परिणाम कभी भी अच्छा नहीं होता । वह वेदना तथा पश्चाताप को जन्म देने वाला होता है
।
No comments:
Post a Comment