रामचरित मानस और नारी
नारी सृष्टि की सबसे सम्मोहक रचना है । इसे आदि शक्ति से विश्वमाहिनी तक निरूपित किया गया है । नारी का व्यक्तित्व और अस्तित्व धर्म ही नहीं काव्य के निमित्त भी एक गरिमामयी किंतु माधुर्यपूर्ण संरचना रही है । उसके समस्त रूप जितने ही उज्जवल उतने ही कांतिमय भी रहे हैं । हिंदू संस्कृति और विश्व साहित्य उसकी सरलता , लावण्य आर्जव से आप्लावित है । इस पर जितना भी लिखा जाए वह न्यून ही रहेगा, क्योंकि सृष्टि के चक्र में उसके चरण पुरुषों से आगे ही रहे हैं । अतः गोस्वामी जी की नारी भी बहुविधा, बहुरूपा है ।
तुलसी केवल एक महान संत या भक्त ही नहीं थे, अपितु उनका व्यक्तित्व विशाल था । एक सुधारक तथा विचारक के रूप में उनकी देन अमर है । तुलसी का आविर्भाव उस काल में हुआ था, जब युग को उनकी आवश्यकता थी । राष्ट्र की सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक शृंखलाएँ विश्रृंखलित हो गयी थीं । भारतीय सभ्यता तथा संस्कृति नष्टप्राय हो रही थीं । हिंदू राष्ट्र परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ कराह रहा था । वाह्य आततायी म्लेच्छों के प्रभाव से हिंदू धर्म-परिवर्तन कर रहे थे या उन्हें बाध्य किया जा रहा था । जनमानस विचलित हो उठा था । निष्ठा के प्रतीक अपना स्वरूप खो रहे थे । ऐसे आपद काल में गोस्वामी जी ने सामाजिक, धार्मिक अस्त-व्यस्तता मिटाकर, एक आदर्श मर्यादापूरित प्रभु के स्वरूप की स्थापना कर हिंदू सभ्यता तथा संस्कृति की रक्षा का प्रयत्न किया ।
उन्होंने रामचरितमानस का प्रणयन कर लोगों को शिक्षा प्रदान की । उनकी नारी-भावना का परिचय रामचरितमानस के अनुशीलन से ही प्राप्त हो सकता है । यह महाकाव्य आदर्श चरित्रों पर निरुपित है । आदर्श को द्योतक है, जिसमें प्रेम, भक्ति, त्याग, सेवा, श्रद्धा आदि भावों की प्रधानता है ।
शिव ने सती का त्याग किया, कैकेयी के कुकृत्य तथा वन में शुर्पनखा का नाक-कान कटना तथा तुलसी के कुछ कथन -
नारी स्वभाव सत्य कवि कहहिं । अवगुन आत सदा उर रहहिं ।।मा0लं0 16क/1-2
तथा
ढोल गॅंवार शूद्र पशु नारी । सकल ताड़ना के अधिकारी ।।म0सु0 59/3
आदि पंक्तियों के आधार पर तुलसी को नारी निन्दक माना जाता है, किंतु यदि मानस का गहराई से अध्ययन किया जाए तो यह दृष्टव्य है कि आदर्श नारी चरित्र का तुलसी ने सदा सम्मान किया है, और वे उनकी स्तुव्य विषय रही हैं । नारी-आदर्शों से विरत नारी ही उनकी निंदा का विषय रही है । जिसके भीतर अहंकार तथा भीषण विनाश छिपा होता है, किंतु फिर
भी यह कहा जा सकता है कि मानस में नारी के प्रति अनादर भावना कहीं नहीं है । उनकी नारी संबंधी भावना का आदर्श श्रद्धा समन्वित है ।
तुलसी भारतीय परम्पराओं और रीति-रीवाजों के पोषक थे । यहॉं नारियों को सदा से ही उच्च स्थान मिलता आया है ।
वैदिक युग हिंदू समाज का स्वर्ण युग था तथा उस समाज में नारी की स्थिति अत्यंत उच्च थी । वह न केवल यज्ञ कर सकती थी, बल्कि उसे वैदिक मंत्रों की रचना का भी अधिकार था । ऋग्वेद के कुछ मंत्रों की रचयिता नारियाँ स्वयं थीं, इतना ही नहीं पुरुषों के समकक्ष यज्ञ में भाग लेती थीं । शास्त्रार्थें की निर्णायक होती थीं । उपनिष्द काल में भी नारी की वैदिक महत्ता कायम रही
। उस समय नर-नारी दोनों का समान अधिकार था ।
हिंदू धर्म शास्त्रों, स्मृतियों आदि में भी नारी के प्रति उदात्त भावना के दर्शन होते हैं । मनुस्मृति में कहा गया है कि पिता, माता, पति, देवर अदि जो अपना कल्याण चाहते हैं उन्हें चाहिए कि वे स्त्री को वस्त्र-आभूषण से अलंकृत करे तथा प्रसन्न रखे । मनु स्त्रियॉं , देवियॉं तथा लक्ष्मीस्वरूप होती हैं । जहॉं स्त्रियों का आदर होता है वहॉं संपूर्ण देवता प्रसन्नतापूर्वक निवास करते हैं । जहॉं इनका आदर नहीं होता उस कुल में सब कर्म निष्फल हो जाते हैं -
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः ।
यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वस्तत्राफलाः क्रियाः ।।मनु 3/56
हिंदू धर्म में न केवल लौकिक दृष्टि से अपितु धार्मिक दृष्टि से भी नारी का आदर किया जाता है । मानस में भी सीता को जगत् की उत्पत्ति , पालन और संहारक शक्ति स्वरूपा चित्रित किया गया है -
उद्भवस्थिति संहारकारिणी क्लेशहारिणीय ।
सर्वश्रेयस्करी सीतां नतोहं रामवल्लभम् ।।मा0बा0 20/7
भारतवर्ष में नारी जाति को साक्षात दुर्गास्वरूपा कहा गया है -
सर्वस्वरूपे सर्वेश सर्वशक्ति समन्विते ।
भयेभ्यस्राहि नौ देवि देर्गे देवि नमोस्तुते ।।दुर्गा सप्तशती पृ08 श्लोक 5
स्ब आश्रमों का मूल केन्द्र बिन्दु गृहस्थाश्रम नारियों पर ही अवलंबित है, इसलिए गोस्वामी जी ने अपने मानस में न केवल सामाजिक अपितु पारिवारिक आदर्श भी प्रस्तुत किया है । राम वनवास की अवधि पूर्ण करके अयोध्या लौटते हैं, राजगद्दी पर बैठते हैं, सीता राजरानी बनती है, फिर भी अनेकों दास-दासियों के होते हुए भी हर कार्य स्वयं अपने हाथों से करती है -
जद्यपि गृह सेवक सेवकिनी । बिपुल सदा सेवा बिधि गुनी ।।
निज कर गृह परिचरजा करई । रामचंद्र आयसु अनुसरई ।।
जेहि बिधि कृपासिंधु सुख मानइ । सोइ कर श्री सेवा बिधि ।।
कौसल्यादि सासु गृहमाही । सेवइ सबन्हि मान मद नाहीं ।।मा0उ0 24/3-4
सीता पति के अनुकूल रहती है तथा स्वयं पति की सेवा मन लगाकर करती है। उसमें लेशमात्र भी अहंकार नहीं है ।
तुलसी चाहते थे कि स्त्री पुरुष के अधीन रहे, नारी को हर व्यवस्था में सहारे की आवश्यकता होती है । महाभारत में लिखा है कि शारीरिक तथा सामाजिक दोनों दृष्टियों से स्त्री रक्षणीय एवं अपरिहार्य है -
पूज्यालालयितव्याश्च स्त्रियो नित्यं जनाधिप । महा0अनु0 46/5
स्त्री अबला है । वह अपनी रक्षा करने में असमर्थ है इसलिए उसकी रक्षा की जिम्मेदारी समाज पर है । रामचरितमानस में नारी अबला, सबला दोनेां रूपों में आती है । नारी अबला वहॉं है , जहॉं वह कमजोर है, अपनी रक्षा करने में असमर्थ है , शारीरिक बल में वह पुरुष जैसा सामर्थ्य नहीं रखती । नारी मॉं है । संतान की जन्मदात्री होने के कारण वह माता है । अपार ममता, त्याग, प्रेम से वह अपनी संतान का पालन पोषण करती है । वह प्रेम, ममता, औदर्य की देवी है, फिर भी वह व्यथिता है, विधवा के रूप में उसका जीवन दूभर हो जाता है । विवाह के पश्चात् उसे पति के अधीन रखा गया है । उसका सुख-दुख उसके पति की इच्छा पर निर्भर करता है । वह स्वतंत्र नहीं पराधीन है, परतंत्र है तथा परतंत्र को स्वप्न में भी सुख नहीं है । मानस में पार्वती को विदा करते समय हिमालय पत्नी मैना कहती है - ‘‘ हे पार्वती ! तू सदा शिवजी के चरणों की पूजा करना, यही नारी धर्म है ।’’ उसके लिए पति ही देवता है और कोई देवता नहीं । पुनः वे कहती हैं, ‘‘ विधाता ने स्त्री जाति को उत्पन्न ही क्यों किया -
करेहु सदा संकर पद पूजा । नारि धरमु पति देउ न दूजा ।।
बचन कहत भरे लोचन बारी । बहुरि लाइ उर लीन्ह कुमारी ।।
कत बिधि सृजीं नारि जग माहीं । पराधीन सपनेहुं सुख नाहीं ।।
मैं अति प्रेम बिकल महतारी । धीरजु कीन्ह कुसमय बिचारी ।।म0बा0 102/2-3
नारी की दशा नारी ही समझ सकती है । नारी की पराधीन स्थिति का वर्णन तुलसी अत्यन्त करुणा और सहानुभूति से करते हैं । यदि पार्वती का पूर्व-जन्म अवलोकन करें जब वे सती हैं तो पाते हैं कि एक अपराध के कारण उन्हें शिव से कितनी उपेक्षा मिली । शिव अखंड समाधि में लीन हो जाते हैं -‘‘लागि समाधि अखंड अपारा ।’’ सती के दुख को कोई अन्त नहीं । उसका एक दिन युग के समान व्यतीत होता है -
सती बसहिं कैलास तब अधिक सोचु मनमाहीं ।
मरमु न कोऊ जान कछु जुग सम दिवस सिराहीं ।। म0बा0 58/2
इस उपेक्षा का अंत सती के बलिदान एवं शरीर त्याग से होता है । नारी के अबला होने के कारण ही पुरुषों ने उस पर मनमाने अत्याचार किए । तुलसी ने अपने युग में नारी पर अत्याचार होते देखा । पुरुषों के अत्याचार से द्रवित होकर वे मानस में लिखते हैं -
कुलवंति निकारहिं नारि सती । गृह आनहिं चेरि निवेरि गति ।।मा0उ0 101क/2
अर्थात कुलवन्ती सती स्त्रियों को पुरुष घर से निकाल देते हैं तथा दासियों को घर में लाकर रखते हैं । नारी अबला है, उस कारण उसका हरण होता था, और वह कुछ नहीं कर पाती थी ।
रावण सीता हरण के लिए मारीच की सहायता लेता है । मारीच स्वर्ण मुग बनकर राम को दूर ले जाता है । सीता लक्ष्मण को भी राम की सहायता के लिए भेज देती है, तब रावण संन्यासी का रूप धारण कर सीता का हरण कर लेता है -
सून बीच दसकंधर देखा । आया निकट जती के बेषा ।।मा0अर0 28/4
वह सीता को पुष्पवाटिका में बंदी बनाकर रखता है । यह पुरुष की बर्बरता, वासना एवं बुद्धिहीनता का प्रमाण है । नारी पुरुष के सदृश्य सक्षम नहीं है । वह दुर्बल है । अपनी रक्षा करने में असमर्थ है ।
मानस में यह भी देखने को मिलता है कि पत्नी पति के आदर्श की बेदी पर बलिदान हो जाती है । वह जहॉं सहनशीलता की साकार प्रतिमा होती है , वही दुर्बलता की प्रतीक भी । यदि मानस में गौतम पत्नी अहिल्या को देखें जो कि शाप से पाषाणी हो गई थी, तो यह उदाहरण आलोच्य काल के काव्य फलक पर नारी के दुर्बल रूप को ही व्यक्त करता है -
गौतम नारि श्राप बस उपल देह धरि धीर ।
चरन कमल रज चाहति कृपा करहु रघुबीर ।। मा0बा0 210/दो0
राम शाप से अहिल्या का उद्धार करते हैं, लेकिन नारी को इस स्थिति में पहुंचाने के लिए क्या पुरुष वर्ग कम जिम्मेदार नहीं है ? नारी अबला है, पाप सिर्फ उसी का है, दोषी भी वह स्वयं ही है ।
नारी सबला वहॉं है जहॉं अपने अधिकारों के प्रति सजग है , साथ ही शत्रुघातिनी है वहॉं भी वह सबला है । मानस में नारी का उभय पक्षीय चित्रण हुआ है । वह अबला-सबला दोनों रूपों में समक्ष आती है । नारी शक्ति है , दुर्गा है -
अबला कहाती है पर सबला है दुर्गा सी । बैजनाथ सिंह सारथी,माधुरीवर्ष 9 खण्ड1 सन्1930 पृ0 97,‘भारत की नारी’
चूड़ियॉं बहुत हुई कलाई पर प्यारे भुजदंड सजे ।
तुम कैसे प्रलयंकर शंकर हो जो मैं न रहुं दुर्गा काली ।। मा0ला0चतुर्वेदी ‘हिम किरीटिनी’ 39, सिपाहिनी
नारी आवश्यकता पड़ने पर पति का साथ देती है । कैकेयी ने भी युद्ध भूमि में राजा दशरथ का साथ दिया था । रथ के पहिए में अपनी उंगली डालकर तथा अपने प्राणों की बाजी लगाकर अपने पति की प्राण रक्षा करती है । कैकेयी वहॉं भी सबला सिद्ध होती है जहॉं वह राम का राज्याधिकार छीनकर अपने पुत्र भरत को देती है । यही नहीं वह कौशल्या की जड़ पूरी तरह से काटने के लिए राम को वनवास का वर मॉंगती है जिससे कि भविष्य में उसके पुत्र का किसी भी तरह अनिष्ट न हो । दूसरी तरफ यदि कौशल्या को लें तो वह अबला सिद्ध होती है । कौशल्या रानियों में सबसे बड़ी है , राजमहिषी है, अत्यन्त सम्मानित नारी है, फिर भी कैकेयी के कुकृत्यों के कारण उसे भीषण दुख उठाना पड़ता है ।
कौशल्या का पुत्र राम युवराज पद का वाथ्तविक अधिकारी है लेकिन कैकेयी में सौतिया डाह की भावना दृष्टिगोचर होती है । राजा दशरथ कहते हैं - ‘‘ भरत के लिए राजगद्दी मॉंगना ठीक है, लेकिन दूसरा वर सोच विचार कर मांगो लेकिन कैकेयी अपनी बात पर अटल रहती है -
राम साधु तुम साधु सयाने । राम मातु भलि सब पहिचाने ।।
जस कोसिलां मोर भल ताका । तत फलु उन्हहिं देऊॅं करि साका ।। मा0अयो0 33/4
वह कहती है, राम भी भले हैं, राम की माता भी भली हैं, मैंने सबको पहचान लिया है, कौशल्या ने मेरे साथ जैसा किया है, मैं वैसा ही फल दूँगी । वह बदले और स्वार्थ भावना से प्रेरित है । वह जानती है कि राजा दशरथ का उस पर विशेष प्रेम है । राजा दशरथ के लाख समझाने पर भी वह अपने निश्चय से नहीं टलती है तथा वह राजा दशरथ के प्रेम का अनुचित लाभ उठाती है -
होत प्रातु मुनिवेष जौं न रामु बन जाहिं ।
मोर मरनु राउर अजस नृप् समुझिअ मन माहीं ।। मा0अयो0 33/दो0
यहॉं वह सबला सिद्ध होती है । उसके हठ के सम्मुख राजा को नत मस्तक होकर विवशता से मानना पड़ता है -
देखी व्याधि असाध नृपु परेउ धरनि धुनि माथ ।
कहत परम आरत बचन राम राम रघुनाथ ।।म0अयो0 34/दो0
कैकेयी जहॉं सबला है , वहॉं उसी अवसर पर कौशल्या अबला सिद्ध होती है । वह शान्त स्वभाव की अत्यन्त गुणवती नारी है । उनका पुत्र राम राजगद्दी का वास्तविक अधिकारी है, फिर भी मंथरा-कैकेयी के षडयंत्र के कारण उसका पुष्पत पल्लवित उपवन मुरझा जाता है । उसके पुत्र का उत्तराधिकार छीना जाता है । उस निरीह को मुनिवेश में चौदह वर्ष वनवास करना पड़ता है । इतना ही नहीं उसे वैधव्य का दुख भी सहना पड़ता है ।
सीता उस स्थल पर सबला सिद्ध होती है जब वह वनवास के समय सबके प्रतिरोध करने के बावजृद अटल रहती है । राम के वन गमन का समाचार पाकर सीता व्याकुल हो जाती है । अपनी बात मनवाने के लिए सास के पास बैठकर ऑंसू बहा रही है । सीता वन में किस प्रकार रहेगी - कौशल्या राम से कहती है -
करि केहरि निसिचर चरहिं दुष्ट जंतु बन भूरि ।
विष वाटिका के सोह सुत सुभग संजीवनि भूरि ।। मा0अया0 59/दो0
सीता के लिए वन विष की वाटिको है, और विष की वाटिका में क्या संजीवनी बूटी शोभा पा सकती है । वन में तो कोल, भीलों की ही लड़कियां रह सकती हैं क्योंकि उनका स्वभाव पत्थर के कीड़ों जैसा कठोर होता है या तपस्वियों की स्त्रियां ही रह सकती हैं जिन्होंने हर सुख को तज दिया है । सीता चित्र में बंदर को देखकर डरती है । वन में कैसे रह सकती है -
सिय बन बसहिं तात केहि भॉंति । चित्र लिखित कपि देखि डेराती ।। मा0अयो0 60/2
पुनः वे कहती हैं , देव सरोवर के कमल वन में विचरण करने वाली हंसिनी, क्या तलैया में रखने योग्य है-
“डाबर जोगु कि हंस कुमारी ।“ राम भी सीता को समझाते हैं, वन बड़ा भयानक होता है । तुम वहॉं जाकर क्या करोगी । मैं अवधि पूर्ण होने पर शीघ्र ही लौट आऊॅंगा । किंतु सीता कहती है , मेरी समझ में पति वियोग के समान दूसरा दुख नहीं है -
लागि सासु पग कह कर जोरी । छमहि देबि बड़ि अविनय मोरी ।।
दीन्हि प्रानपति मोहि सिख होई । जेहि बिधि मोर परम हित होई ।।
मैं पुनि समुझि दीखि मनमाहीं । पिय बियोग सम दुखु जग नाही ।। मा0अयो0 64/3-4
मेरे निमित्त आपके बिना स्वर्ग भी नरक के समान है । संसार के जितने भी संबंध हैं वे पति के बिना स्त्री को सूर्य से भी बढ़कर तपाने वाले हैं । पति के बिछोह में स्त्री के निमित्त राज्य, घर, धन कुछ भी महत्व नहीं रखते, पुनः कहती है -
प्राननाथ तुम्ह बिनु जगमाही । मो कहुं सुखद कतहुं कछु नाहीं ।
जिय बिनु देह नदी बिनु बारी । तैसिअ नाथ पुरुष बिनु नारी ।। मा0अयो0 65/3-4
अपनी बात से वह लेशमात्र भी नहीं हटती है । वह कहती है कि यदि चौदह वर्षों तक आप मुझे अयोध्या में रखते हैं, तो समझ लीजिए कि मैं जीवित नहीं रहूँगी-
राखिअ अवध जो अवधि लगि रहत न जनि अहिं पान ।
दीनबंधु सुंदर सुखद सील सनेह निधान ।। मा0अयो0 66/दो0
अपनी बात मनवाने के लिए सीता तर्क का सहारा लेती है -
मैं सुकुमारी नाथ बन जोगू । तुम्हहिं उचित तप मो कहॅं भोगू ।। मा0अयो0 67/दो0
में सुकुमारी हूँ आप वन के योग्य हैं । मुझे भोग और आप को तप, क्या यह उचित है । उसके अकाट्य तर्क के सम्मुख राम को झुकना पड़ता है । अंत में राम कहते हैं , वन गमन की तैयारी करो ।
मानस की एक अन्य नारी पात्र मंथरा है , जो कि सबला है । स्वार्थ की भावना से परिपूर्ण है । समस्त दशरथ-परिवार को विध्वंस की देहली तक पहुंचा कर अपनी स्वामिनी कैकेयी का हित चाहती है । रातों रात अयोध्या की प्रसन्नता अपहृत कर, दुख-सागर में निमग्न कर देती है । कैकेयी के अत्यधिक करीब होने के कारण वह उसे अपनी उॅंगलियों पर नचाती है ।
कैकेयी को राजा द्वारा प्रदत्त वरदान की याद दिलाकर उकसाती है । स्त्रियोचित ईर्ष्या एवं सौतिया डाह उत्पन्न करती है । मनोवैज्ञानिक विधि से कौशल्या से तुलना कर उसके अहं को गिराने का प्रयास करती है । इस प्रयास में उसका तीर निशाने पर बैठता है । वह कहती है राम की माता कौशल्या बड़ी चतुर और गंभीर है । उसने अवसर पाकर अपनी बात बना ली । तुम तो अब दूध की मक्खी की तरह निकाली जाओगी और कौशल्या की चाकरी करोगी -
रेख खॅंचाइ कहउॅं भल भाषी । भामिनी भइहु दूध कइ माखी ।।
जौं सुत सहित करहु सेवकाई । तो धर रहहु न आन उपाई ।। मा0अयो0 19/4
मंथरा के मन की इच्छा पूर्ण होती है । कैकेयी का भाग्य पलट जाता है । वह मंथरा रूपी बगुले को हंसिनी मानकर उसकी सराहना करने लगती है तथा उसके कहे अनुसार त्रिया चरित्र रचती है ।
मानस की असद् असुर नारी पात्र शूर्पनखा पर गौर करें तो पाते हैं कि वह भी सबला है । घने वन में एकाकी आकर राम से प्रणय निवेदन करती है -
रुचिर रूप धरि पहिं जाई । बोली बचन बहुत मुसकाई ।।
तुम्ह सन पुरुष न मो सम नारी । यह संजोग बिधि रचा बिचारी ।। मा0अर0 17/4
चाहे कैसी भी इच्छा मन में व्युत्पन्न हो , वह उसे कार्य रूप में परिणित करना चाहती है । निर्लज्जता ही ऐसी नारी का आभूषण है । वह कहती है, मेरे योग्य पुरुष संसार में कहीं नही है । मेंने तीनों लोकों में खोज लिया है । यही कारण है कि मैं अभी तक अविवाहित हॅूं । अब तुम पर मेरा मन आसक्त हुआ है, लेकिन राम उसे लक्ष्मण के पास भेज देते हैं - लक्ष्मण उसके नाक-कान काट देते हैं ।
अबला अशक्त होते हुए भी अपमान होने पर शक्तिशाली रूप धारण कर प्रतिशोध लेती है । नाक कान से रहित विकराल होकर वह समूचे असुर समाज के पौरुष को धिक्कारती है । रावण को उत्तेजित कर सीता-हरण करवाती है तथा भयंकर युद्ध को आमंत्रित कर विनाश का कारण बनती है ।
रावण-पत्नी मंदोदरी भी मानस की अबला नारी पात्र है । जिस रावण की इच्छा के विरुद्ध कोई एक शब्द नहीं बोल सकता था, माल्यवान, विभीषण आदि नेक सलाह देने के कारण उसके द्वारा अपमानित होकर निष्कासित किए गए । उसी रावण को मंदोदरी सीता को लौटा कर राक्षस कुल को विनाश से बचा लेने की मंत्रणा देती है -
तब कुल कमल बिपिन दुखदाइ्र । सीता सीत निसा सम आई ।।
सुनहु नाथ सीता बिनु दीन्हे । हित न तुम्हार संभु अज कीन्हे ।। मा0सु0 36/5
किंतु रावण उसकी बात को उपहास में उड़ा देता है । रावण मंदोदरी की एक नहीं सुनता है तथा कहता है बड़े-बड़े लोकपाल भी जिसके डर से कॉंपते हैं , उसकी स्त्री भयभीत है । मंदोदरी रावण के सामने दुर्बल सिद्ध होती है । रामचरितमानस में तुलसी नारी के लिए पातिव्रत धर्म पर जोर देते हैं । परिवार से ही समाज बनता है, अतः वे आदर्श परिवार का उदाहरण जनता के सम्मुख रखना चाहते हैं । वे चाहते हैं कि नारी मर्यादा में रहे । अत्यधिक स्वतंत्रता नारी के हित में हानिकारक है -
जिमि स्वतंत्र होई बिगरहिं नारी ।। मा0कि0 15/4
उनकी सीता, अनसूया, मंदोदरी, कौशल्या परम पतिव्रता नारी हैं । गोस्वामी जी मानस में लिखते हैं -
धीरज धरम मित्र अरु नारी । आपत काल परखिए चारी ।। म0अर0 5क/4
तुलसी का आविर्भाव मुगल काल में हुआ है तथा मुगलों ने नारी को मात्र विलासिता की वस्तु माना । इस कारण समाज में अनेक कुरुतियां पैदा हो गई थीं । तुलसी ने उन कुरुतियों के निवारण का प्रयास किया । समाज सुधारक होने के साथ ही साथ तुलसी भक्त और सन्त भी हैं अतएव उनके द्वारा कामिनी कंचन की निंदा स्वाभाविक है । लेकिन भक्ति के क्षेत्र में उन्होंने स्त्री पुरुष दोनों को समान अधिकार दिया है -
राम भगति रत नर अरु नारी । सबहिं परम पद के अधिकारी ।।
उन्होंने नारी के गुण, दोष दोनों को ही यथार्थ रूप में अंकित किया है । जहॉं दोषों से युकत नारी को दिखाया है वहॉं गुणों से युकत नारी को भी दिखाया है । उन्होंने नारी के सद्-असद् दोनों रूपों को दिखाया है, कामिनी रूप की निंदा की है तथा माता रूप को पूज्य माना है ।
क/. स्त्री के नियम और उसके कारण
भारतीय संस्कृति का निर्माण आध्यात्म तथा धर्म के सिद्धान्त पर त्रिकालदर्शी ऋषियों द्वारा हुआ है । उनकी दृष्टि मात्र आध्यात्म पर ही केन्द्रित नहीं रही, वरन् उन्होंने अपने दिव्य ईश्वरीय ज्ञान के आधार पर इहलोक के लिए भी नियम एवं सिद्धान्तों का निर्माण किया ।
“धृ धारण पोषणा,योः” धातु में मन् प्रत्यय लगाकर धर्म शब्द बना है । अतः धर्म का अर्थ है , धारण करने वाला, जिसके द्वारा सबकुछ धारण किया जाए ।
यह समस्त ब्रह्माण्ड किसी न किसी नियम के आधार पर ही चल रहा है । यह नियम धर्म है, तथा इसका संचालन ईश्वरीय शक्ति द्वारा होता है । “प्रकृति नियम विहीन नहीं है ।“ उसके सभी रूपों के भीतर कोई श्रृंखला अनुस्यूत है, कोई नियम चल रहा है, जिससे ऋतुएँ बदलती हैं और दिन-रात होते रहते हैं ।
ईश्वर का साक्षात्कार करने वाले ऋषियों ने इन नियमों का निर्माण किया है । इन्हें ही शास्त्रों में भी कहा गया है । जगत् का निर्माण विषमता के आधार पर हुआ है । शारीरिक संरचना, कर्म, बुद्धि, स्वभाव में भी प्राणी समान नहीं है ।
इस देश में यह भी माना जाता है कि जन्म, भोग तथा मृत्यु प्रारब्ध कर्म के अनुसार प्राप्त होता है । स्त्री योनि भी कर्मानुसार ही प्राप्त होती है । स्त्री की शारीरिक संरचना पृरुष से भिन्न होती है । स्त्री शारीरिक तथा बौद्धिक क्षमता में भी पुरुष से कम है । स्वभाव की दृष्टि से भी स्त्री पुरुष दोनों में भिन्नता है । नारी स्वभाव के विषय में तुलसी लिखते हैं - स्त्रियों में भीरूता, अपवित्रता, चंचलता तथा पृरुषों की अपेक्षा मंदता आदि दोष होते हैं -
नारी सुभाउ सत्य सब कहहीं । अबगुन आठ सदा उर रहहीं ।।
साहस अनृत चपलता माया । भय अविवेक असौच अदाया ।। मा0लं0 16क/1-2
स्त्रियों में बुद्धि की अपेक्षा हृदय की प्रधानता होती है, यही कारण है कि शास्त्रों ने स्त्रियों को पुरुष के अधीन रखा है । मानस की कैकेयी में बुद्धि पक्ष की अपेक्षा हृदय पक्ष की प्रधानता है । यदि बुद्धि पक्ष प्रबल होता तो वह मंथरा की बातों में कभी नहीं आती और न वह राम के लिए वनवास की मॉंग करती । अत्यधिक वात्सल्य के कारण वह अपने पुत्र भरत को राज्य का उत्तराधिकारी बनाना चाहती है । यदि वह बुद्धि से काम लेती तो दशरथ परिवार का अनिष्ट न होता, न ही दशरथ की मृत्यु होती ।
शारीरिक संरचना तथा स्त्रियोचित कोमलता के कारण स्त्री अपनी रक्षा स्वयं नहीं कर सकती है, अतः शास्त्रों ने उसे पुरुषों के अधीन रखा है । नारी अबला है, वह अपनी रक्षा करने में असमर्थ है, इसी कारण वह रक्षणीय है । धर्म शास्त्रों में भी लिखा है कि स्त्री की रक्षा करना समाज का कर्तव्य है , यही कारण है कि उसे किसी भी अवस्था में स्वतंत्र नहीं रखा गया है -
पिता रक्षति कौमार्ये भर्ता रक्षति यौवने ।
पुत्रश्च स्थविरे भारे न स्त्री स्वातन्त्रयमर्हति ।। मनु 9/3 तथा महा0अनु0 81-14
उसकी स्वतंत्रता पर यह कह कर प्रतिबंध लगाया गया कि पति आदि को चाहिए कि स्त्री को अपने अधीन रखें । पिता अथवा पुत्र के अभाव में उसे किसी संबंधी के यहॉं रहने की व्यवस्था की गई है ।
शास्त्रों में स्त्री के लिए पातिव्रत्य धर्म की व्यवस्था की गई है, तथा पति सेवा ही स्त्री का कर्तव्य बताया गया है । उसके लिए यह नियम है कि जीवित रहते हुए अपने पति की सेवा तथा मृत्यु पश्चात् भी उसके अनुकूल बनी रहे -
यस्यैदधात्पिता त्वेनां भ्राता वा नुमतेः पितु ।
तं शुश्रूषेत जीवन्तं संस्थितं च न लंघयेत् ।। मनु 5/151
शास्त्र के अनुसार स्त्री पर पुरुष का ही अधिकार है, क्योंकि वाग्दान के पश्चात् स्त्री उसी को समर्पित की जाती है । स्त्री संरक्षण के प्रति मनु के विचार इस प्रकार हैं -
मंगलार्थं स्वस्त्ययनं यज्ञश्चासां प्रजापते ।
प्रयुज्येत विवाहेषु प्रदानं स्वाम्यकारणम् ।। मनु 5/152
विवाह के पश्चात् स्त्री पूर्णतः पति के अधीन हो जाती है । उसका सुख-दुख पति की इच्छा पर ही निर्भर करता है । मानस में शिव-पार्वती के विवाह के पश्चात् माता मैना पार्वती को विदा के पूर्व सीख देती है कि है पार्वती ! तू सदा शिवजी के चरणों की पूजा करना, यही नारी धर्म है । नारी के लिए पति ही देवता हैं और कोई देवता नहीं है -
करेहु सदा संकर पद पूजा । नारि धरमु पति देउ न दूजा ।।
बचन कहत भरे लोचन बारी । बहुरि लाइ उर लीन्ह कुमारी ।। मा0बा0 102/2
स्त्री पराधीन है, तथा पराधीन को सपने में भी सुख नहीं है । मैना के इस कथन द्वारा गोस्वामी जी ने नारी के प्रति संवेदना प्रकट की है -
कत बिधि सृजीं नारि जग माहीं । पराधीन सपनेहुं सुख नाहीं ।। मा0बा0 102/3
परिवार में सुख शान्ति तभी बनी रहेगी जब स्त्री पति के अनुकूल रहेगी, पति की अनुगामिनी रहेगी । धम्र शास्त्र ने पति के बिना पृथक यज्ञ, व्रत, उपवास आदि की भी आज्ञा प्रदान नहीं की है । पति सेवा ही उसकी सबसे बड़ी तपस्या, साधना और पूजा है । उसी से वह स्वर्ग प्राप्त करती है -
नास्ति स्त्रीणां पृथग्यज्ञो न व्रतं नात्युपोषणम् ।
पतिं शुश्रूषते येन तेन स्वर्गे महीयते ।। मनु 5/155
यह भी कहा गया है कि पति की इच्छा के बिना व्रत, उपवास करने पर स्त्री पति की आयु क्षीण करती है । इसके पीछे तथ्य यह है कि स्त्री पति की अवहेलना करके देवपरायण न बने ।
स्त्री यदि पति की अवहेलना करके स्वार्थवश पति के स्थान पर पुत्र का साथ देती है तो उसका आचरण स्वार्थ के कारण दोषपूर्ण हो जाता है । कैकेयी को अपने अज्ञान के कारण परिवार तथा समाज की भर्त्सना सहनी पड़ी । तुलसी आदि राम भक्ति साहित्य के कवियों ने उसमें पातिव्रत्य के अभाव के कारण ही पुत्र द्वारा लज्जित कराया । जिस पुत्र के लिए वह पति की मृत्यु का कारण बनती है, वही पुत्र कठोर वचन कहकर उसका अपमान करता है । शूर्पनखा के चरित्र के माध्यम से तुलसी स्वच्छन्द, कामुक महिला को दिखाते हैं जो कि सुंदर पुरुषों की खोज में भटकती फिरती है और समाज में अपमानित होती है । अहिंसा के समर्थक कवियों ने उसे उसके अपराध के लिए दंडित किया । इस आधार पर यह कहा जा सकता है कि महर्षि वाल्मीकि के समय से लेकर तुलसी के समय तक स्त्री के लिए आचार या नियम समान रहे ।
मानस में कौशल्या, सीता, त्रिजटा, सुलोचना जैसी नारियॉं हैं वहीं राजसी तथा तामसी प्रवृत्ति से युक्त महिलायें भी हैं जिन्हें तुलसी जैसे कवियों ने उपेक्षा की दृष्टि से देखा है तथा पुरुष की तपस्या में बाधक होने के कारण उनसे दूर रहने का आदेश दिया है -
जप तप नेम जलाश्रय झारी । होई ग्रीष्म सोषई सब नारी ।। मा0अर0 43/1
उन्होंने पुरुष को स्त्री के समीप जाने से रोका -
दीप सिखा सम जुवति तन । मन जनि होसि पतंग ।। मा0अर0 46
भारतीय संस्कृति आत्मा तथा पुनर्जन्म के सिद्धान्त को मानती है जिसके अनुसार व्यक्ति का यह जन्म पूर्व कर्म के अनुसार होता है तथा इस जन्म के कर्मों द्वारा उसका अगला जन्म होता है । इस सिद्धान्त के अनुसार देखा जाए तो स्त्री योनि कर्मानुसार प्राप्त होती है । अतएव इस रूप में अपनी मर्यादा तथा धर्म पालन के प्रति सचेत रहना पड़ता है । इसी में उसका कल्याण निहित है ।
सामाजिक दृष्टि से भी स्त्री से संबंधित नियम समाज तथा परिवार में व्यवस्था तथा सुख शांति बनाये रखने के लिए आवश्यक है । स्त्री पुरुष की अर्द्धागिनी है, वह पति की अनुगामिनी है, उसका कार्य क्षेत्र घर पर ही निश्चित किया गया है कारण कि संतान के पालन पोषण तथा शिक्षा की जिम्मेदारी उसी पर है ।
पति के घर में ही वह संतान की माता बन गुरू पद पाती है-“नास्ति मातृ गुरूः” । कण्व ऋषि शकुन्तला से कहते हैं स्त्रियों को भाई बंधुओं पर अधिक आश्रृत नहीं रहना चाहिए, इससे स्त्री की कीर्ति, शील तथा पतिव्रत धर्म का नाश होता है ।
शास्त्रकारों और स्मृतिकारों ने नारी के महत् आदर्श को बनाये रखने के लिए अनेक नियमों और बंधनों का निर्माण किया क्योंकि नारी को नियंत्रण में रखने पर ही समाज में सुव्यवस्था तथा शान्ति बनी रह सकती है ।
भारतीय संस्कृति में स्त्री के नियम की विशेष रूप से अपेक्षा की गई है । उसका प्रमुख कारण यह है कि स्त्री संतान की जन्मदात्री है, जननी है । वह संतान का पालन पोषण करने वाली है । समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है । यही कारण है कि उसे किसी भी अवस्था में स्वतंत्र नहीं रहने दिया गया । अत्यधिक स्वतंत्रता प्राप्त होने से स्त्री आचरण भ्रष्ट होगी जिससे नैतिकता का हास होगा, उसके भ्रष्ट होने पर समाज में वर्ण संकर उत्पन्न होगा-
स्त्रीषु दुष्टासु वार्ष्णेय जायते वर्ण संकरः ।गीता 1/41
स्त्री के लिए परम कर्तव्य के रूप में पति की सेवा को ही निर्धारित किया गया । शास्त्रों ने उसे स्वतंत्र रूप से यज्ञ या व्रत करने की आज्ञा नहीं दी -
नास्ति स्त्रीणां पृथग यज्ञों न व्रतं नात्युपोषितम्
पति शुश्रूषते येन तेन स्वर्गे महीयते ।। मनु 5/155
पति की सेवा करके ही वह उत्तम गति प्राप्त कर सकती है । सदाचरणयुक्त महिला अपने पति के अतिरिक्त अन्य पुरुष का चिंतन स्वप्न में भी नहीं करती है । तुलसी ने मानस में बताया है कि उत्तम, मध्यम वर्ग की स्त्रियों का आचार कैसा होता है । मानस में तुलसी लिखते हैं कि जो स्त्री अपने पति के साथ छल कर पर-पुरुष का संग करती है, वह सौ कल्प तक रौरव नरक में निवास करती है -
बिन अवसर भय तें रह जोई । जानेहु अधम नारि सोई ।।
पति वंचक पर पति रति करई । रौरव नरक कल्प सत परई ।। मा0अर0 5/8
सतीत्व को स्त्री का भूषण कह कर, सतीत्व पर जोर दिया गया । तुलसी ने भी कठिन स्त्री जीवन का चित्रण मानस में किया है । सीता जैसी पवित्र नारी को भी अग्नि परीक्षा देनी पड़ी कारण कि रावण ने उसका हरण किया था । रावण के मरणोपरान्त राम के पास लाई गयी, तब उन्हें पति द्वारा कठोर वचन सुनना पड़ता है । राम के उन वचनों को सुनकर वहॉं स्थित लोग भी विषाद करते हैं । लेकिन सीता लक्ष्मण से अग्नि तैयार करने को कहती है तथा अग्नि प्रवेश के समय कहती हैं -
जौं मम बच क्रम मम उर माहीं । तजि रघुबीर आन गति नहीं ।।
तौ कृसानु सब कै गति नाना । मो कहु होउ श्री खंड समाना ।।मा0लं0 109क/4
वे कहती हैं कि मन, वचन, कर्म से पति ही मेरी गति हैं तो अग्नि मेरे लिए शीतल चंदन के समान हो जाए -
श्रीखंड सम पावक प्रवेस कियो सुमिरि प्रभु मैथिली ।
जय कोसलेस महेस ब्रहति परम रति अति निर्मली ।।
प्रतिबिंब अरु लौकिक कलंक प्रचंड पावक महुं जरे ।
प्रभु चरित काहु न लखे नभ सुर सिद्ध मुनि देखहिं खरे॥ मा0लं0 109क/1
सीता पर लगा हुआ लौकिक कलंक अग्नि परीक्षा के पश्चात् ही नष्ट होता है, जब वे अग्नि द्वारा राम को समर्पित की जाती हैं -
धरि रूप पावक पानि गहि । श्री सत्य श्रुति जग बिदित जो ।
जिमि क्षीर सागर इंदिरा रामहि समर्पी आनि सो ।।
ते राम बाम बिभाग राजति रुचिर अति सोभा भली ।
नव नील नीरज निकट मानहुं कनक पंकज की कली ।।मा0लं0 109क/2
पातिव्रत्य तथा सतीत्व के नष्ट किए जाने पर ही शाप के कारण अहिल्या शिला बन गयी । राम के चरणों द्वारा स्पर्श किए जाने पर शाप से उसकी मुक्ति हेाती है । स्त्री नियम के प्रति समाज की दृष्टि कठोर रही है । तुलसी ने सीता को पतिव्रता नारियों में अग्रगण्य माना है । उसका ध्यान सदैव अपने पति पर ही केन्द्रित रहा । अतएव तुलसी ने उसे आदर्श महिला के उदाहरण के रूप में सामने रखा है । उसके विषय में यह भी लिखा है कि इस पतिव्रता नारी का स्मरण कर स्त्रियां पतिव्रता धर्म का पालन करेंगी -
सुन सीता तब नाम सुमरि । नारि पतिव्रत करहिं ।।मा0अर0 3/5
दाम्पत्य जीवन में सुख शान्ति बनाये रखने के लिए भी स्त्री की मर्यादा निश्चित करना आवश्यक समझा गया “पतिव्रतात्वभार्यायः परमो धर्म उच्चते” जैसी उक्ति पतिव्रता को ही आदर्श पत्नी बताती है ।
नारी की उच्छृंखलता तथा मर्यादाहीनता, परिवार तथा समाज का अहित करने वाली है । गोस्वामी जी ने इसी कारण मानस में पतिव्रता स्त्री की प्रशंसा तथा स्वेच्छज्ञचारिणी स्त्रियों की निंदा की है । स्त्री को यदि अनुशासन में नहीं रखा जाएगा तो वह बिगड़ जाएगी । अतएव नारी के लिए मर्यादा आवश्यक है । अत्रि ऋषि की पत्नी अनसूया, सीता को स्त्री धर्म की शिक्षा प्रदान करते हुए कहती है, माता, पिता, भाई सभी हित करने वाले हैं परन्तु ये सब एक सीमा तक ही सुख देने वाले हैं किंतु पति असीम सुख प्रदान करता है । अतएव पति सेवा से विहीन स्त्री अधम है -
मातु पिता भ्रता हितकारी । नित प्रद सब सुनु राजकुमारी ।।
अमित दानी भर्ता बयदेही । अधम सो नारि जो सेवन तेही ।।मा0अर0 5क/3
धैर्य, धर्म, मित्र और स्त्री इन चारों की विपत्ति के समय ही परीक्षा होती है । पति चाहे वृद्ध, रोगी, मूर्ख, निर्धन, अंधा, बहरा, क्रोधी और अत्यन्त दयनीय ही क्यों न हो , ऐसे पति का तिरस्कार करने पर यमपुर में अनेक प्रकार के कष्ट प्राप्त करती है । स्त्री के लिए एक ही धर्म, एक ही व्रत और एक ही नियम है; वह है मन, वचन तथा शरीर से पति के चरणों में प्रेम करना -
धीरज धर्म मित्र अरु नारी । आपद काल परिखिअहिं चारी ।।
बृद्ध रोग बस जड़ धनहीना । अंध बधिर क्रोधी अति दीना ।।
ऐसेहु पतिकर किएँ अपमाना । नारी पाव जमपुर दुख नाना ।।
एकइ धर्म एक ब्रत नेमा । कार्य बचन मन पति पद प्रेमा ।।म0अर0 5क/4-5
तुलसी लिखते हैं कि जो स्त्री छल छोड़कर प्रतिव्रता धर्म का पालन करती है, वह बिना ही परिश्रम परम गति प्राप्त करती है -
बिनु श्रम नारि परम गति लहई । पतिव्रत धर्म छाड़ि छल गहई ।।म0अर0 5क/9
किन्तु पति के प्रतिकूल चलने वाली स्त्री जहॉं भी
जन्म लेती है, तरुणायी में विधवा हो जाती है -
पति प्रतिकूल जनम जहॅं जाई । विधवा होई पाइ तरुनाई ।।मा0अर0 5क/10
ख/. स्त्री जीवन की व्यवस्था
सृष्टि की उत्पत्ति के पश्चात् आवश्यकता तथा मानव कल्याण की दृष्टि से स्त्री के नियम बने तथा नियम के अनुसार स्त्री जीवन की व्यवस्था बनी । सेवा-भाव, घर-परिवार की जिम्मेदारियों का पालन , उसका कार्य क्षेत्र निश्चित किया गया ।
नारी का जीवन पति से ही अनुप्राणित, अनुशासित होता है । इसलिए पति के अनुसार ही वह परिवार के संचालन में सहयोग प्रदान करती है । जिस प्रकार दो पहिए वाला यान, एक पहिए से नहीं चल सकता, संतुलन और गतिशीलता के लिए दोनों पहिए अपेक्षित हैं , उसी प्रकार गार्हस्थ जीवन रूपी यान के संतुलन के लिए पति पत्नी दोनों का होना अनिवार्य है । पुरुष बाहर की व्यवस्था करता है , जीविकोपार्जन करता है; स्त्री गृह संचालन करती है, संतान एवं पति का सुख देखती है । पुरुष पत्नी की आवश्यकताओं की पूर्त्ति करता है तथा उसके सम्मान की रक्षा करता है । वह हर प्रकार से स्त्री को सुरक्षा प्रदान करता है । इस व्यवस्था से एक व्यवस्थित घर अपने कार्य रूपों के प्रति पूर्णतः सक्षम और संतुलित हो जाता है ।
व्यवस्था एवं नियम की जैसी सुविन्यस्त प्रणाली हिंदू संस्कृति में दृष्टिगोचर होती है, उस प्रकार की किसी भी राष्ट्र की सामाजिक अथवा धार्मिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं है । हिंदू धर्म ने नारी सुरक्षा तथा समान अधिकारों की बड़ी ही स्पष्ट घोषणा की है ।
ग/. स्त्रियों की निन्दा
नारी सृष्टि के संचालन में पुरुष की सहभागिनी रही है, लेकिन जिस प्रकार प्रकाश के साथ अंधकार संबद्ध रहता है, उसी प्रकार गुण-दोष भी एक दूसरे से संबंधित हैं । हमारे शास्त्रों में जहॉं नारी की प्रशंसा प्राप्त होती है वहीं निंदा भी प्राप्त होती है । यह प्रवृत्ति न केवल प्राचीन शास्त्रों में दिखता है, वरन् मघ्यकालीन युग से आधुनिक युग तक के काव्यों में भी प्राप्त होती है ।
श्रुति, इतिहास, पुराण, हिंदू-शास्त्रों, संतों तथा कवियों की वाणी में नारी-स्तुति के साथ विरोधाभास के रूप में नारी-निंदा भी प्राप्त होती है । नारी से अलग या दूर रहने का निर्देश भी प्राप्त होता है । संत त्था भक्त कवियों की वाणी में कामिनी कंचन से दूर रहने का आदेश है ।
नारी-निंदा को लेकर आधुनिक काव्यों में यहॉं तक कहा गया है कि चूकिॅं शास्त्रों की रचना पुरुषों द्वारा हुई है अतः पुरुष की वर्चस्वता सर्वत्र
प्रतिष्ठित एवं स्थापित है । नारी सदा से अपनी कोमलता तथा शारीरिक संरचना के कारण स्वतः पुरुष के संरंक्षण में प्रविष्ट कर गयी, इधर पुरुष वर्ग ने अनुचित लाभ उठाया । नारी के सर्वांगीण रूप के अस्तित्व को अस्वीकार करते हुए उसे दास्य रूप में रखा । सदा वह उसके अधीनस्थ रहे, इसके लिए नियम निर्मित किये । पातिव्रत्य एक स्नेह और माधुर्य की भावना है उसमें नारी की गरिमा प्रतिष्ठत एवं समाहित होती है । यद्यपि पौरुषिक नृशंसता ने इसे भी विकृत कर दिया । नारी पर अनेक प्रतिबन्ध लगाए गये । उसे पातिव्रत्य रथ के दायरे में बांधा गया । शास्त्रकारों की निम्न विचारधारा ने न केवल उसकी स्वतंत्रता का अपहरण किया बल्कि समाज द्वारा शोषण करा उसकी पर्याप्त दुर्दशा भी की । लेकिन तुलसी ने नारी को धार्मिक अधिकार प्रदान किया है । शबरी को उनके राम नवधा भक्ति का विधान बताते हैं -
नवधा भक्ति कहउॅं तोहि पाहीं । सावधान सुनु धरु मन माहीं ।।म0अर0 35/4
यदि हम नारी निंदा पर सूक्ष्म दृष्टि से विचार करें तो पाते हैं कि काम या विषयों के कारण नारी निंदा की गई है
। विषय मनुष्य को पतन की ओर ले जाने वाला है । गीता में कृष्ण अर्जुन से कहते हैं -‘‘ हे अर्जुन ! मन सहित इन्द्रियों को वश में करके मेरे परायण न होने से, मन विषयों का चिंतन करता है और विषयों का चिंतन करने वाले पुरुष की उन विषयों में आसक्ति हो जाती है । आसक्ति से उन विषयों की कामना उत्पन्न होती है, तथा कामना में विघ्न पड़ने से क्रोध उत्पन्न होता है तथा क्रोध से व्यक्ति नष्ट हो जाता है -
क्रोधाद्भवति सम्मोह सम्मोहाम्स्मृतिविभ्रम ।
स्मृतिभ्रंशाद् बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति ।। गीता 2/63
पुरुष अधिकांशतः नारी से कम आत्मसंयत होता है । इस कारण भक्ति तथा आध्यात्म के क्षेत्र में पुरुष का नारी आकर्षण से दूर रहने को कहा गया है । पुरुष के परमार्थ-प्राप्ति के प्रयत्न में नारी विषयों द्वारा
विघ्न डालने का प्रयत्न करती है । नारी के पास आने पर बड़े-बड़े तपस्वी ऋषि-मुनि भी अपने आप पर संयम नहीं रख पाए हैं । विश्वामित्र, नारद आदि के उदाहरण द्वारा देख सकते हैं ।
गोस्वामी तुलसीदास द्वारा लिखित रामचरितमानस में रामावतार का एक कारण विष्णु को नारद का शाप है । नारद माया द्वारा रचित विश्वमोहिनी के रूप पर आसक्त हो वैराग्य भूल गये । स्वंयवर में शिव जी के गण नारद का उपहास करते हैं तब नारद उन्हें निशाचर होने का शाप देते हैं -
हेाहु निसाचर जाइ तुम्ह कपटी पापी दोऊ ।
हॅंसेहु हमहु सो लेहु फल बहुरी हंसेहु मुनि कोऊ ।। मा0बा0 135/दो0
माला अपने गले में नहीं पड़ने का दुख नारद को है । कमलापति के साथ लक्ष्मी तथा उसी राजकुमारी को देख नारद अत्यन्त क्रोधित हो शाप देते हैं- जिस शरीर को धारण कर तुमने मुझे ठगा है, तुम भी वही शरीर धारण करो, यही मेरा शाप है -
बंचेहु मोहि जवनि धरि देहा । सोइ तनु धरहुं श्राप मम एहा ।। मा0बा0 137/3
तुमने मुझे बंदर का रूप प्रदान किया इस कारण बंदर ही तुम्हारी सहायता करेंगे तथा तुम भी नारी वियोग में दुखी होगे -
कपि आकृति तुम कीन्हि हमारी । करिहहिं कीस सहाय तुम्हारी ।।
मम अपकार कीन्ह तुम भारी । नारी बिरहॅं तुम होब दुखारी ।। मा0बा0 137/4
नारद उस समय भ्रमवश यह भूल जाते हैं कि मायारूपिणी नारी उन्हें परमार्थ मार्ग से विमुख कर सकती है । मानस में तुलसी ने मायारूपिणी नारी की निंदा की है तथा दुख देने वाली कहा है -
काम क्रोध लोभादि मद प्रबल मोह कै धारि ।
तिन्ह महॅं अति दारून दंखद माया रूपी नारि ।।मा0अर0 43/दो0
सीता हरण के पश्चात् रामचन्द्र से नारद द्वारा यह पूछे जाने पर के आपने विवाह करने से क्यों रोका, राम कहते हैं -
सुनु मुनि कह पुरान श्रुति संता । मोह बिपिन कहुं नारी बसंता ।।
जप तप नेम जलाश्रय झारी । होइ ग्रीष्म सोषइ सब नारी ।। मा0अर0 44/1
पुराण, वेद तथा संतों का कहना है कि मोह रूपी वन को विकसित करने के लिए स्त्री बसंत ऋतु के समान है । जप,तप,नियम रूपी संपूर्ण जल के स्थान को स्त्री ग्रीष्म होकर सोख लेती है । अतः तुलसी यहॉं कहना चाहते हैं , संतों को नारी में माया का दिव्य रूप देखना चाहिए, अस्थि-चर्ममय रूप नहीं । विश्वमोहिनी को खोने के कारण ही नारद की दुर्दशा होती है ।
आगे इसी प्रसंग में कहा गया है कि स्त्री दुखो की खान है, इस कारण मैंने तुमको विवाह करने से रोका । नारी जहॉं साधना में बाधक है, वहॉं तुलसी द्वारा नारी निंदा हुई है ।
जिस समय मेघनाद द्वारा लक्ष्मण पर वीरघातिनी शक्ति का प्रयोग होता है, उस समय तुलसी राम विलाप के समय कहते हैं -
नारि हानि बिसेष नाहीं ।मा0लं0 61/6
इस दृष्टि से देखा जाए तो तुलसी युग में नारी का कोई मूल्य नहीं था । वह अपना स्थान खो चुकी थी । इसी प्रकार शबरी द्वारा राम की स्तुति कराए जाने के प्रसंग में गोस्वामी जी ने स्त्री को अधम से भी अधम कहा है -
अधम ते अधम अधम अति नारी । तिन्ह महॅं मैं मतिमंद अधारी ।। मा0अर0 35/2
मानस में कई स्थलों पर कई प्रसंगों में नारी निंदा है । किंतु उसके पीछे कोई न कोई हेतु अवश्य है । केवल कुछ उक्तियों के आधार पर तुलसी की धारणा निर्धारित नहीं की जा सकती है । शबरी द्वारा अधम से आगे अधम कहलाये जाने में विनय की भावना है । राम परब्रह्म परमेश्वर हैं । उनके प्रति शबरी की यह उक्ति उचित ही है । राम की दृष्टि में स्त्री पुरुष दोनों समान हैं । सब कुछ होने पर भी मनुष्य यदि भक्ति रहित है तो वह जलहीन बादल के समान है -
जाति पॉंति कुल धर्म बड़ाई । धन बल परिजन गुन चतुराई ।।
भगति हीन नर सोहइ कैसा । बिनु जल बारिद देखिअ जैसा ।।म0अर0 35/3
मानस में सबसे पहले नारी निंदा वहॉं मिलती है जहॉं नारी का माया रूप व्यक्ति के लिए परब्रह्म की प्राप्ति में बाधक है । दूसरे स्थान पर नारी निंदा नारी स्वभाव से संबंधित है । इसे शिव पत्नी सती से संबंधित प्रसंगों में देखा जा सकता है जहॉं कि ‘‘नारी सहज जड़ अज्ञ ’’ कहा गया है । भगवान शंकर की अर्धागिंनी हैं, लेकिन फिर भी नारी स्वभाव के कारण मूर्खता कर बैठी हैं ।
राम के लिए माता रूप होते हुए भी वे उनकी पत्नी तथा प्रिया सीता का रूप धारण कर परीक्षा लेती हैं । इस कार्य के लिए वह अपने पति भगवान शिव की भी अवहेलना करती हैं । सती विचार करती हैं कि शंकर की वंदना समस्त जगत करता है, वे जगत के ईश्वर हैं । देवता, मनुष्य, मुनि सभी उनके समक्ष सिर झुकाते हैं -
संकरू जगत बंद्य जगदीसा । सुर नर मुनि सब नावत सीरा ।।म0बा0 50/2
वही शिव एक राजपुत्र को देख सच्चिदानन्द परधाम कहकर प्रणाम कर रहे हैं । ब्रह्म जो कि सर्वव्यापक माया से देर अगोचर हैं । जो वेदों के लिए भी अगम्य हैं , वह क्या शरीर धारण कर मनुष्य हो सकता है -
ब्रह्म जौ व्यापक बिरज अज सकल अनीह अभेद ।
सो कि देह धरि होइ नर जाहि न जानत बेद ।। म0बा0 50/दो0
सती विचार कर रही है कि कमलापति विष्णु भी शिव की भॉंति सब कुछ जानने वाले हैं फिर वे किसी अज्ञानी मनुष्य की तरह पत्नी को क्यों खोजेंगे । दूसरी ओर सती यह भी सोच रही है कि शिवजी के वचन कभी झूठे नहीं हो सकते -
संभु गिरा पुनि मृषा न होई । सिव सर्बग्य जान सबु कोई ।।
अस संसय मन भयउ अपारा । होइ न हृदयॅं प्रबोध प्रचारा ।। मा0बा0 51/2
सती शिवजी से कुछ भी नहीं कहती हैं लेकिन शिवजी कहते हैं कि स्त्री स्वभाव के कारण ही तुम संदेह कर रही हो, तुम्हे ऐसा संदेह नहीं करना चाहिए -
सुनहु सती तब नारि सुभाउ । संसय अस न धरिअ उर काऊ ।। मा0बा0 51/3
शिवजी द्वारा समझाये जाने पर भी सती पर उसका कोई प्रभाव नहीं हुआ, तब माया की प्रबलता जानकर शिव को कहना पड़ा कि तुम परीक्षा लेकर देख लो, तभी तुम्हारा संदेह मिटेगा -
जौं तुम्हरे मन अति संदेहु । तौं किन जाइ परीक्षा लेहू ।।
तब लगि बैठ अहउॅं बट छॉंही । जब लगि तुम्ह ऐसहु मोहि पाही ।। मा0बा052/1
लेकिन परीक्षा विवेक द्वारा सोच समझ कर लेना; शिवजी जान रहे हैं कि सती का कल्याण नहीं है -
होइहि सोइ जो राम रचि राखा ।। मा0बा052/4
सती सीता का रूप धारण कर उसी मार्ग की ओर जाती है जिधर राम लक्ष्मण जा रहे हैं । अपने नारी स्वभाव के कारण ही सती ऐसा कर रही है -
सती कीन्ह चह तहहुं दुराऊ । देखहु नारि सुभाव प्रभाउ ।।
निज माया बलु हृदयॅं बखानी । बोले बिहॅंसि राम मुदु बानी ।। मा0बा053/3
राम द्वारा यह पूछे जाने पर कि बृषकेतु शिवजी कहॉं हैं , आप वन में अकेली क्यों घूम रही हैं ? सती संकुचित हो लौट जाती हैं तथा कहती है कि मेंने कुछ भी परीक्षा नहीं ली, आप ही की तरह प्रणाम किया । लेकिन शिवजी ने मन में संकल्प कर लिया कि सती के इस शरीर से मेरी भेंट नहीं हो सकती -
तब संकर प्रभु पद सिरु नावा । सुमिरत रामु हृदयं अस आवा ।।
एहि तन सतिहिं भेंट मोहि नाहीं । सिव संकल्पु कीन्ह मन माहीं ।। मा0बा057क/1
सती के हृदय में इस बात का अनुमान हो जाता है कि शिवजी सब कुछ जान गये हैं । स्त्री स्वभाव से ही जिद्दी और पूर्वाग्रही होती है जो निर्णय लेती है उसे कार्यान्वित करती है -
सती हृदयं अनुमान किय सब जानेउ सर्बग्य ।
कीन्ह कपट मैं संभु सन नारि सहज जड़ अग्य ।। मा0बा0 57क/दो0
यद्यपि नारी की गोस्वामी जी ने कई स्थलों पर अज्ञ और जड़ होने के कारण निंदा की है । नारी शरीर से भले ही पुरुष की भॉंति न हो किंतु उसकी तर्क, बुद्धि कहीं तीक्ष्ण होती है । कैकेयी मंथरा नैतिक जड़ता से भले ही आबद्ध थीं लेकिन अपने लाभ-हानि का परिणाम अवगत कर लेने की सांसारिक दूरदर्शिता उनमें थी । राम का वनवास तथा भरत का राज तिलक मॉंगना लौकिक दूरदर्शिता थी ।
राम राज्याभिषेक के अवसर पर पूरे अयोध्या में हर्षोल्लास छाया हुआ है, लेकिन अचानक जब अयोध्यावासियों को राम वनवास की खबर मिलती है तब मानो उन पर तुषारपात हो गया । वे तरह-तरह से कैकेयी को भला-बुरा कहते हैं । उस समय भी नारी-स्वभाव से संबंधित निंदा हमें प्राप्त होती है । राम कैकेयी को प्राणों से भी बढ़कर प्रिय थे फिर उसने यह कुटिलता क्यों की -
सत्य कहहि कबि नारि सुभाऊ । सब बिधि अगहु अगाध दुराऊ ।।
निज प्रतबिंबु बरुक गहि जाई । जानि न जाई नारि गति भाई ।। मा0अयो0 47/4
अर्थात स्त्री के स्वभाव को कोई नहीं जान सकता है । परछाई भी कोई नहीं जान पाएगा । स्त्री के मन में क्या है यह समझना अत्यंत कठिन है । यह भी सृष्टि संरचना की उत्कृष्टता का द्योतक है कि नारी मन अगम्य है । नारी निंदा के कुछ प्रसंग मर्यादा से भी संबंधित हैं ।
गोस्वामी जी एक मर्यादावादी कवि हैं । उन्होंने भक्ति के क्षेत्र में माधुर्य भाव त्याग कर दास्य भक्ति को अपनाया । उन्होंने नारी के स्वच्छन्द वृत्ति की निंदा की है - सीता की खोज में श्रीराम भ्राता सहित प्रवर्षण पर्वत पर ठहरे हुए हैं । उस स्थल पर कवि ने उनके वियोगी, एकाकी हुदय तथा वर्षा ऋतु का वर्णन किया है । राम लक्ष्मण से कह रहे हैं कि अत्यधिक वर्षा से खेतों की क्यारियॉं फूट चली है। जैसे स्वतंत्र होने से स्त्रियां बिगड़ जाती हैं -
महावृष्टि चलि फुटि बिआरी । जिमि सुतंत्र भए बिगरहिं नारी ।।मा0कि0 15क/4
अर्थात नारी को मर्यादा में रहना चाहिए । बहुत ज्यादा स्वतंत्रता मिलने पर वह बिगड़ सकती है तथा उसका अहित भी हो सकता है । यदि थोड़ी गहराई से इस कथन पर विचार करे तो देखते हैं कि सीता यदि अपनी मर्यादा में रहतीं, लक्ष्मण रेखा पार नहीं करती, तो शायद रावण द्वारा उनका हरण नही होता, न ही राम लक्ष्मण वनवास में मुसीबत में पड़ते । अत्यधिक स्वतंत्रता के कारण ही शूर्पनखा राम लक्ष्मण के सामने विवाह का प्रस्ताव रख विकलांग होती है, तथा युद्ध की भट्ठी में समूचे राष्ट्र को झोंक देती है ।
मानस में वहॉं भी नारी की निंदा हुई है जहॉं व्यक्ति नारी पर विश्वास करके छला जाता है । उस स्थिति में उसे बुरी तरह से पछताना पड़ता है । व्यक्ति की उस स्थिति का चित्रण गोस्वामी जी ने राजा दशरथ के माध्यम से किया है ।
भरत ननिहाल से लौटने पर अपने पिता राजा दशरथ को मृत पाते हैं । माता का कुकर्म जानकर उसे भला बुरा कहते हैं । भरत कैकेयी से कहते हैं राजा ने तेरा विश्वास कैसे कर लिया ? उनसे यह बुद्धिहीनता कैसे हुई ? स्त्रियों के हृदय के बारे में मानव तो क्या ईश्वर भी नहीं जान सकता है । स्त्रियां कपट, पाप तथा अवगुण की भंडार हैं । भरत अत्यंत दुखी हैं क्योंकि उनकी माता ने पिता के साथ विश्वासघात किया है । नारी के विश्वासघाती रूप के कारण मानस के इस स्थल पर नारी निंदा हुई है -
भूप प्रतीति तोरि किमि कीन्हि । भरत काल बिधि मति हरि लीन्हीं ।।
बिधिहु न नारि हृदय गति जानी । सकल कपट अध अवगुन खानी ।। म0अयो0 162/2
यही भाव ब्रह्म वैवर्त पुराण में देवर्षि नारद के कथन द्वारा व्यक्त हुआ है- “ स्त्रियों का संग करने से पौरुष का नाश, कलह करने से मान का नाश और विश्वास करने से सर्वनाश होता है” (ब्रह्मवै पुराण 23/33)। महाभारत में नारी की तुलना यम, वायु, मृत्यु, पाताल, बड़वानल, छूरे की धार, विष, सॉंप और अग्नि के साथ की गई है -
अन्तकः पवनो मृत्युः पातालं वडवाभुखम् ।
क्षुग्धारा विषं सर्पो वह्निरित्येकतः स्त्रियः ।। महा0अनु0 38/29
नारी की झाईं परत अंधा होत भुजंग ।
कबीर तिनकी कौन गति नित नारी के संग ।।
कामिनि सुंदर सर्पिनि जो छेड़े तेहि खाय ।
जे गुरू चरनन राचिय, तिनके निकट न जाय ।। संतवाणी संग्रह 158/8
नारी के इन्हीं दोषों के कारण संतो और शास्त्रों ने नारी की निंदा की है ।
कैकेयी द्वारा राम को वनवास मिलने के कारण भरत का कैकेयी को कपटी, पापी कहना ठीक ही था । राजा दशरथ अपने सीधेपन के कारण ही स्त्री द्वारा ठगे गये । मानस में लिखा है -
सरल सुसील धरम रत राऊ । तो किमि जाने तीय सुभाऊ ।।
अस को जीव जुतु जग माहीं । जेहि रघुनाथ प्रान प्रिय नाहीं ।।मा0अयो0 162/3
राम तो सभी जीव जंतुओं को प्रिय हैं , फिर कैकेयी को क्यों अप्रिय हो गये ।
तुलसी को नारी के सद् असद् दोनों रूप की पहचान थी । उन्होंने नारी के असद् रूप की निंदा की है; मंथरा, कैकेयी, शूर्पनखा, ताड़का आदि से संबंधित प्रसंग में नारी निंदा प्राप्त होती है । मंथरा, कैकेयी के मायके से आई थी । वह देखने में जितनी कुरूप थी मन से भी उतनी ही कुटिल थी । राम राज्याभिषेक का समाचार पाकर सभी हर्षित होते हैं, लेकिन मंथरा को वह शुभ समाचार दुखद प्रतीत होता है । उसके लिए तो मात्र कैकेयी में ही अपनापन था । दशरथ परिवार के अन्य लोगों से उसे लगाव नहीं था । यही कारण था कि वह राम की जगह भरत को राजगद्दी दिलाना चाहती है । राम के राज्याभिषेक की तैयारी सुनकर उसका हृदय जल जाता है-
दीख मंथरा नगरू बनावा । मंजुल मंगल बाज बधावा ।।
पूछेसि लोगन्ह काह उछाहू । राम तिलक सुनि भाउर दाहू ।। मा0अयो0 13/1
जिस तरह कोई कुटिल भीलनी शहद का छत्ता देखकर चाहती है , इसे कैसे उजाड़ दूँ । उसी प्रकार मंथरा भी दशरथ परिवार के हर्ष रूपी विटप को जड़ से उखाड़ देना चाहती है -
करइ बिचारु कुबुद्धि कुजाती । होइ अकाजू कवनि बिधि राती।।
देखि लागि मधु कुटिल किराती । जिमि गवॅं तकिइ लेउॅं केहि भॉंति ।।मा0अयो0 13/2
राम के राज्याभिषेक से उसे ईर्ष्या है । कैकेयी के पास जाकर त्रिया चरित्र करती है -
उतरू देइ न लेई उसासू । नारि चरित करि ढ़ारइ ऑंसू ।। मा0अयो0 13/3
वह कैकेयी में सौतिया डाह डालने का प्रयत्न करती है । पहले तो कैकेयी उसकी भर्त्सना करती है कि कभी आगे ऐसा कहा तो तेरी जीभ पकड़ कर निकलवा लूंगी । आगे कैकेयी द्वारा भी नारी निंदा सुनने को मिलती है । वह कहती है कि काने कुबड़े और लंगड़े कुटिल होते हैं उनमें भी स्त्री और विशेषकर दासी -
काने खोरे कुबरे कुटिल कुवाली जानि ।
तिय बिसेषि पुनि चेरि कहि भरत मातु मुसुकानि ।। मा0अयो0 14/दो0
अपनी चतुराई से मंथरा कैकेयी जैसी बुद्धिमती नारी की बुद्धि भी फेर देती है । उसके कथन की चतुराई में नारी का दूसरा ही रूप परिलक्षित हो रहा है -
करि कुरुप बिधि परबस कीन्हा । बवा सो लुनिअ लहिअ जो दीन्हा ।।
कोऊ नृप हो हमहि का हानी । चेरि छाड़ि अब होब कि रानी ।। मा0अयो0 16/3
मंथरा कुटिल नारी है । उसका पात्र रूप में स्थान इसलिए है कि वह रामकथा के विकास में सहायक हो सके । मंथरा प्रारंभ से ही मंद बुद्धि थी तथा अनिष्ट के सिवा इष्ट करने वाली नहीं थी -
नामु मंथरा मंदमति चेरी कैकेइ केरि ।
अजस पेटारी ताहि करि गई गिरा मति फेरि ।। मा0अयो0 12/दो0
रामचरितमानस में हम कैकेयी को असद नारी के रूप में भी देखते हैं । अपने कुकृत्य के कारण ही वह निन्दा की पात्र बनी । राम को बिना अपराध वन भेजने के कारण कैकेयी का चरित्र अत्यधिक दुषित है । राम को वन भेजकर वह पति के मृत्यु का करण भी बनी । समूचे नगर में, राम के राज्याभिषेक की तैयारी हो रही है लेकिन कैकेयी अपनी कुचक्र की सफलता के निमित्त मंथरा के सिखाने से कोप भवन में जाकर सो जाती है -
कोप समाजु साजि सबु सोई । राजु करत निज कुमति बिगोई ।।
राउर नगर कोलाहलु होइ्र । यह कुचालि कछु जान न कोई ।। मा0अयो0 23/4
राजा दशरथ अन्य रानियों की अपेक्षा कैकेयी से अधिक प्रेम करते थे । ये उसके सुन्दर रूप के अलावा गुणों पर भी मुग्ध थे । कैकेयी बुद्धिमान, सरल, निर्भय तथा दयालु होने के साथ वीरांगना भी थी । उसने एक बार युद्ध में राजा दशरथ के पहिए की धुरी के स्थान पर अपनी उंगली डालकर उनके प्राणों की रक्षा की थी । इस कारण राजा ने उसे दो वर मॉंगने को कहा । पर वह वर लेकर क्या करती उसे तो अपने पति का संपूर्ण प्रेम प्राप्त था । अतएव उसके दो वर राजा के पास धरोहर के रूप में ही रखे थे । मंथरा ने उपयुक्त अवसर पर उन दोनों वरों की याद भी दिलाई । कैकेयी एकाएक दयालुता छोड़कर निष्ठुरता अपना लेती है । उसका यह रूप गोस्वामी जी ने इस प्रकार चित्रित किया है -
सांझ समय सानंन्द नृप गयऊ कैकेयी गेहूं ।
गवनु निठुरता निकट किय जनु धरि देह सनेहूं ।। मा0अयो0 24/दो0
स्त्री के दूसरे रूप के समक्ष महावीर को भी हार मान लेनी पड़ती है । परम वीर राजा दशरथ का समस्त पराक्रम नारी सम्मोहन के सम्मुख ध्वस्त हो गया -
सूल कुलिस असि अॅंगव निहारे । ते रतिनाथ सुमन सर मारे ।। म0अयो0 25/2
गोस्वामी जी ने कैकेयी को क्रोध भरी नागिन कह कर संबोधित किया है -
केहि हेतु रानि रिसानि परसत पानि पतिहि नेवारई ।
मानहुं सरोष भुअंग भामिनि विषम भॉंति निहारई ।।
दोउ बासना रसना दसन बर मरम ठाहरु देखई ।
तुलसी नृपति भवतब्यता बसकाम कौतुक लेखई ।। मा0अयो0 25 छं
क्रोध में नारी आहत सर्पिणी सी बन जाती है । उसे इस बात का क्रोध है कि उसके पुत्र भरत को राज गद्दी न मिलकर राम को क्यों मिल रही है तथा इसी कारण वह क्रोध से उत्पन्न अविवेक की अहेर बन जाती है -
क्रेाधद्भवति सम्मोह सम्मोहात्स्मृति विभ्रमः ।
स्मृतिभ्रंशाद् बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति ।। गीता 2-63
कैकेयी की गर्हित स्थिति के विषय में तुलसी वर्णन करते हैं । दो वरदोनों की इच्छा उसकी जीभ पर है, दोनों वरदान दॉंत हैं जो काटने के लिए मर्म स्थान देख रहे हैं । वह भरत के लिए राज गद्दी और राम के लिए चौदह वर्षों का वनवास मॉंगती है । राजा दशरथ नारी का यह रूप निरख कर आतंकित और त्रस्त हो जाते हैं । स्त्री का विश्वास करके, वे उसी तरह मारे गये जिस तरह योग सिद्धि मिलने के समय योगी को अविद्या नष्ट कर देती है -
कवनें अवसर का भयउ गयउॅं नारि विश्वास ।
जोग सिद्धि फल समय जिभि जतिहि अविद्या नास ।। मा0अयो0 29/दो0
राजा दशरथ स्त्री में अत्यध्कि आसक्ति ओश्र विश्वास के कारण छले गये । कुटिल कैकेयी अपनी चाल सफल बनाने के लिए राजा दशरथ को रघुकुल की रीति का स्मरण कराती है -
रघुकुल रीति सदा चलि आई । प्रान जाहुं बरु बचनु न जाई ।। मा0अयो0 28/1
लक्ष्य प्राप्ति के लिए कैकेयी अपने सभी अस्त्रों का प्रयोग करती है । क्रोध, मान, त्रिया चरित्र, प्रतिशोध की भावना मनुष्य को कितना गिरा देती है । राजा के अनुनय विनय का उस पर कोई असर नहीं , वह व्यंग्य बाणों से राजा को घायल कर रही है -
देह उतरू अनु करहु कि नाहीं । सत्य संघ तुम रघुकुल माहीं ।।
सत्य सराहि कहेहु वर देना । जानेहु लेइहि मागि चबेना ।। मा0अयेा0 30/2-3
यही नहीं आगे वह कहती है -
होत प्रातु मुनिवेष धरि , जौं न राम बन जाहिं ।
मेर मरनु राउर अजस, नृप् समुझिय मन माहीं ।।म0अयेा0 33
अपने वचनों द्वारा महाराज दशरथ को धमकाती है कि यदि प्रातःकाल होते ही राम वन नहीं गये तो मेरा मरण और आपका अपयश निश्चित् है । गोस्वामी जी ने दिखाया है कि अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नारी किस प्रकार साम, दाम, दण्ड , भेद सभी का सहारा लेती है ।
पुत्र के ननिहाल से आने पर वह उसकी घृणा तथा उपेक्षा का पात्र बनी । भरत ने अत्यन्त कठोर वचनों द्वारा अपनी माता की निंदा की । भरत उसे यहॉं तक कहते हैं कि वर मॉंगते समय तेरी जीभ क्यों न गल गयी, मुख में कीड़ा क्यों न पड़ गया । कैकेयी के समान कुकर्म करने वाली नारी की जिनती भी निंदा की जाए वह कम ही है । अपने कुकर्म के कारण वह पुत्र द्वारा बुरी तरह प्रताड़ित की गई । भरत उसे कहते हैं -
जब तैं कुमति कुमत जियॅं ठयऊ । खंड खंड होइ हृदउ न गयऊ ।।
बर मागत मन भइ नहिं पीरा । गरि न जीह मुंह परेउ न कीरा ।। म0अयो0 162/1
मानस की कैकेयी आत्मकेंद्रित और स्वार्थपरत है । वह मोहान्ध माता के रूप में दृष्टिगोचर होती है । भरत उसे स्पष्ट कहते हैं -
जननी तू जननी भई बिधि सन कछू न बसाई ।।
गोस्वामी जी ने कैकेयी के प्रति भरत का हृदय अपार घृणा से युक्त दिखाया है तथा उनके मुख से कहलाया है -
पापिन सबहिं भांति कुल नासा ।
कैकेयी स्वार्थी, विवेकहीन नारी है जो कि मंथरा के बहकावे में आकर पारिवारिक कलह का कारण बनती है । अपने हाथों अपने पुत्र का बुरा कर वैधव्य धारण करती है ।
मानस में निंदित नारी पात्रों में ताड़का भी एक है । उसके असद् रूप के कारण ही राम बाण द्वारा उसका वध करते हैं । ताड़का राक्षसी है । राक्षसों के अलावा राक्षस स्त्रियां भी मुनियों का यज्ञ विध्वंस करती थीं । ऋषि विश्वामित्र राम-लक्ष्मण को अपने आश्रम में लेकर आते हैं । मार्ग में ताड़का क्रोधित हो उनकी ओर दौड़ती है । तब राम बाण द्वारा उसका वध करते हैं । यदि कर्म पापयुक्त है तो दानव के साथ दानव नारी भी वध के योग्य है । ताड़का जैसी दुष्ट राक्षस नारियों के कारण ऋषि मुनियों का जीवन दूभर हो गया था ।
चले जात मुनि दीन्ह देखाई । सुनि ताड़का क्रोध करि धाई ।
एकहि बान प्रान हरि लीन्हा । दीन जानि तेहि निज पद लीन्हा ।। म0बा0 209/3
इसी प्रकार शूर्पनखा भी मानस की असद् नारी पात्र है । वह रावण की बहन थी, तथा दुष्ट हृदय थी । उसका हृदय अन्धकारमय तथा पापपूर्ण है । वह कामान्ध है तथा पापवृत्ति की प्रतीक है । राम-लक्ष्मण के सौंदर्य को देख अपने को रोक नहीं पाती है, विकल हो जाती है -
भ्राता पिता पुत्र उर गारी । पुरुष मोहर निरखत नारी ।।
होइ बिकल सक मनहि न रोकी । जिमि रबि मनि द्रव रविहि बिलोकी ।। मा0अर0 17/3
उसमें वह निर्तज्जता है जो समाज का स्खलन की ओर ले जाती है । वह सुन्दर रूप धारण कर राम के पास जाकर कहती है –“तुम्ह सन पृरुष् न मो सम नारी, यह संजोग बिधि रचा बिचारी ।।” राम उसे यह कहकर लक्ष्मण के पास भेज देते हैं के मेरा अनुज अकेला है । वह लक्ष्मण के समक्ष अपना प्रणय प्रस्ताव रखती है । लक्ष्मण उसे ठुकरा देते हैं । शूर्पनखा क्रोधित होती है । क्रोध में भयंकर रूप धारण करती है -
तब खिसियानि राम पहिं गई । रूप भयंकर प्रगटत भई ।। म0अर0 17/10
उसके इस भयंकर रूप से सीता को भयभीत देखकर राम लक्ष्मण को संकेत से कुछ कहते हैं । लक्ष्मण शूर्पनखा के नाक कान काट उसे विकलांग बना भेज देते हैं । शूर्पनखा किसी फन कुचली नागिन की तरह राम लक्ष्मण से प्रतिशोध लेना चाहती है । वह खर दूषण के पास जाती है । उन्हें राम-लक्ष्मण से युद्ध करने भेजती है तथा उनके नष्ट होने पर भ्राता रावण को भड़काती है -
धुऑं देखि खरदूषन केरा । जाइ सूपनखा रावन प्रेरा ।। म0अर0 21क/3
वह रावण के पास जाकर नाना प्रकार के विलाप करती है तथा उसे एुद्ध के लिए प्रेरित करती है । शूर्पनखा अतृप्त वासना की मूर्ति तथा छल-प्रपंच युक्त नारी है , इसी कारण वह सुन्दर रूप धारण कर राम लक्ष्मण को छलने का प्रयास करती है । गोस्वामी जी ने ऐसी नारी की निंदा की है जो उच्छृखल है , मर्यादाहीन है, क्योंकि वह अपने दूषित चरित्र द्वारा समाज को भी स्खलन की ओर ले जाती है । मानस के सुन्दर काण्ड में एक पंक्ति है -
ढोल गॅंवार शूद्र पशु नारी । सकल ताड़ना के अधिकारी ।। म0सु0 59/3
जिसके आधार पर गोस्वामी जी पर नारी-निंदा का आरोप लगाया जाता है, लेकिन उस पंक्ति को समझने की आवश्यकता है । सुन्दर काण्ड में यह निंदा समुद्र द्वारा की गई है । समुद्र राम के प्रार्थना करने पर प्रकट नहीं होता है । बाण संधान के पश्चात् प्रकट होता है तथा कहता है मेरे दोष क्षमा कीजिए । आकाश, वायु, जल, पृथ्वी, इन सब की प्रकृति जड़ है । ये सब तो आपकी माया द्वारा निर्मित हैं , सृष्टि का निर्माण भी इन्हीं के द्वारा हुआ है । इस मर्यादा का उल्लंघन करने से समस्त सृष्टि का विनाश हो जायेगा ।
इसके पश्चात् समुद्र कहता है आपके द्वारा मुझे ताड़ना दिया जाता उचित है - मैंने आपकी अवज्ञा की । जो प्रभु के सम्मुख अमर्यादित हो वह किसी न किसी रूप में दण्ड का अधिकारी हो जाता है । समुद्र यही कहना चाहता है कि मर्यादा हनन होने पर जड़ चेतन ही नहीं, सृष्टि के समस्त पदार्थ ताड़ना के अधिकारी हैं । यदि आप स्वयं मर्यादा का उल्लंघन करना चाहते हैं तो मैं सूख कर अपने कर्तव्य का पालन करूंगा ।
राम ने मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया । समुद्र से उपाय पूछ समुद्र पर सेतु बांधते हैं । इस दृष्टि से देखने पर गोस्वामी जी पर नारी निंदा का आरोप व्यर्थ है । सृष्टि के अन्य जीवों की तरह नारी के लिए भी मर्यादा है । मर्यादा के उल्लंघन करने पर उसे दंड का भागीदार बनना पड़ेगा ।
गोस्वामी जी ने अमर्यादित अनुशासनहीन स्त्री पुरुष दोनेां को दंड का पात्र कहा है किंतु मानस के अवलोकन पर यही निष्कर्ष सम्मुख उपलब्ध होता है कि गोस्वामी जी द्वारा तीव्र भर्त्सना की पात्र नारियॉं ही विशेषतः रही हैं । होना भी चाहिए । किसी भी रचना की बड़ी प्ररणा कवि हृदय को नारी से ही प्राप्त होती है । नारी उनके जीवन के माता, पत्नी, बहन, सुहृद रूप में आयीं और अपने व्यवहारों के प्रतिक्रिया स्वरूप काव्य रचना की, उत्प्रेरक शक्ति बनी ।
घ/. स्त्री का सम्मान
भारतीय संस्कृति में स्त्री को पुरुष की अर्धांगिनी माना गया है तथा उसे अत्यधिक सम्मान प्रदान किया गया है । वेद, पुराण, स्मृति आदि ग्रंथें में भी उसे सम्मान प्रदान किया गया है ।
वैदिक युग में स्त्रियों को पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त था । वह पुरुष से किसी प्रकार कम नहीं थी । शिक्षा प्राप्ति के क्षेत्र में तो उसे स्वतंत्रता थी ही, धार्मिक क्षेत्र में भी उसका अधिकार पुरुषों के समान था । नारियां स्वतंत्र रूप से यज्ञ का संपादन कर सकती थीं । धर्मशास्त्रों का यह निर्देश था कि बिना स्त्री के कोई भी यज्ञ पूर्ण नहीं हो सकता है । इसी कारण राम को यज्ञ करते समय सीता की स्वर्ण-प्रतिमा बनवानी पड़ी थी । भारतवर्ष में स्त्रियों को आदर की दृष्टि से देखा जाता है -
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता । मनु 3/55
जहॉं स्त्रियों का सम्मान होता है वहॉं देवता निवास करते हैं तथा जहॉं उनका सम्मान नहीं होता है वहॉं सभी प्रकार के कार्य एवं अनुष्ठान विफल हो जाते हैं । धर्म शास्त्र का कथन है कि अपना कल्याण चाहने वाले पुरुषों को चाहिए कि स्त्री को अलंकार तथा वस्त्रों से सज्जित करके रखे । जिस कुल में स्त्रियां दुखी रहती हैं , उसका शीघ्र नाश हो जाता है क्योंकि दुखी आत्मा के शाप से सारा धन-धान्य नष्ट हो जाता है ।
आर्य संस्कृति में स्त्री जाति के प्रति सम्मान न केवल शब्दों द्वारा व्यक्त किया जाता है, वरन् उसे व्यावहारिक स्तर पर भी व्यक्त किया गया है ।
भारतीय संस्कृति में स्त्री को पुरुष की अर्धांगिनी माना गया है । सृष्टि के आरंभ में परमात्मा ने अपने को दो रूपों में विभक्त किया । इस प्रकार वामभाग नारी तथा दक्षिणी भाग पुरुष हुआ -
स्वेच्छाभ्यः स्वेच्छया च द्विधारूपो बभूव ह ।
स्त्री रूपो वामभागांशो दक्षिणाशः पुमान् स्मृतः ।।कल्याण नारी अंक पृः21
भारतवर्ष में धार्मिक तथा सामाजिक कृत्यों के अवसर पर पुरुष के साथ स्त्री का सहयोग आवश्यक है । विवाह, पूजा, आदि के अवसर पर स्त्री-पुरुष दोनों का गठबंधन आवश्यक है । यहॉं सामान्यतः वय-ज्येष्ठ स्त्रियों को माता कहकर संबोधित करते हैं ।
हमारे यहॉं स्त्री का कार्य क्षेत्र घर पर निश्चित किया गया है । पुरुष घर के बाहर जाकर संपत्ति का अर्जन करता है तथा वह संपत्ति स्त्री को प्रदान करता है । घर के अंदर स्त्री गृहस्वामिनी कहलाती है । उसे पूरा अधिकार दिया गया है ।
रामचरितमानस में जहॉं एक ओर मंथरा, कैकेयी, ताड़का, शूर्पनखा जैसी नारियों की निंदा है , वहीं कौशल्या जैसी नारी को न केवल सम्मान प्रदान किया गया बल्कि वंदनीय माना गया -
बंदऊ कौसल्या दिसि प्राची । कीरती जासु सकल जग माची ।। मा0बा0 चौ/2
परिवार से समाज का निर्माण हुआ है । आदर्श परिवार के निर्माण में स्त्री का योगदान अत्यन्त महत्वपूर्ण है । घर परिवार की सुख शान्ति नारी के सद्व्यवहार पर बहुत कुछ निर्भर करती है । इन स्त्रियों का व्यक्तिगत् आदर्श परिवार तथा समाज के निर्माण में सहायक होता है । गोस्वामी जी ने अपने समय की आवश्यकता तथा अवस्था को देखते हुए, पारीवारिक तथा सामाजिक आदर्श की स्थापना के लिए रामचरितमानस के माध्यम से , आदर्श नारियों का चरित्र सामने रखा । उन्होंने मानस में कौशल्या, सीता, अनसूया, त्रिजटा, मंदोदरी आदि नारियों का आदर्श रूप हमारे सामने रख उन्हें सम्मान प्रदान किया ।
कौशल्या
तुलसी ने रामचरितमानस में महारानी कौशल्या के उदार एवं आदर्श चरित्र को प्रस्तुत किया है । कौशल्या सहनशीलता तथा उदारता की जीवन्त रूप है । वह त्याग तथा पातिव्रत्य की मूर्ति है । कैकेयी तथा सुमित्रा के साथ उनका व्यवहार बहन तुल्य है । राज्याभिषेक से पूर्व पुत्र के प्रति हृदय में अत्यधिक वात्सल्य उमड़ पड़ता है । वह ब्राह्मणों को दान देती है । ग्रामदेवियों, देवताओं, नागों की मनौती मानती है । राम के कल्याण के लिए प्रार्थना करती है -
आनंद मगन राम महतारी । दिए दान बहु बिप्र हूंकारी ।।
पूजीं ग्राम देवि सुर नागा । कहेउ बहोरि देन बलि भागा ।।
जेहि बिधि होइ राम कल्यानू । देहू दया करि सो वरदानू ।। मा0अयो0 8/2-3
कैकेयी की स्वार्थपरता के कारण उसकी मनोकामना पुष्पित पल्लवित होने से पूर्व ही कुचल दी जाती है । राम वन गमन का समाचार सुन कौशल्या का हृदय विदीर्ण हो जाता है । कौशल्या अपने पुत्र के लिए चौदह वर्ष का वनवास सुनकर उसी प्रकार सूख जाती है जिस प्रकार वर्षा काल में जवासा सूख जाता है “ जिमि जवास परें पावस पानी ” । अत्यधिक दुख के कारण बदहवास हो जाती है लेकिन उस दुख की घड़ी में भी अत्यंन्त धैर्य से काम लेती है -
कहि न जाइ कछु हृदय विषादू । मनहु मृगीं सुनि केहरि नादू ।।
नयन सजल तन थर-थर कॉंपी । माजहि खाइ मीन जनु मापी ।।
धरि धीरजु सुत बदनु निहारी । गदगद बचन कहति महतारी ।।
तात पितहि तुम्ह प्रान पिआरे । देखि मुदित नित चरित तुम्हारे ।।
राजु देन कहुं सुभ दिन साधा । कहेउ जान बन केहिं अपराधा ।।
तात चुनावहु मोहि निदानू । को दिनकर कुल भयउ कृसानू ।।म0अयो0 54/1-2-3
कौशल्या के एक ओर पुत्र प्रेम है , दसरी ओर धर्म है । यदि वह राम को वन गमन से रोकती हैं तो धर्म जाएगा, रघुकुल की मर्यादा का पालन नहीं होगा । वह सोचती है मैं भी माता हूँ, कैकेयी भी राम की माता है , उसी ने वन जाने की आज्ञा दी है । वे राम से कहती हैं -
जौं केवल पितु आयसु ताता । तौ जनि जाहू जानि बड़ि माता ।
जौं पितु मातु कहेउ बन जाना । तौं कानन सत अवध समाना ।। मा0अयो0 56/1
यदि केवल पिता की ही आज्ञा हो तो माता को पिता से बड़ी जानकर वन को मत जाओ । किंतु यदि माता-पिता दोनों ने वन जाने को कहा हो तो वन तुम्हारे लिए सैकड़ों अयोध्या के समान है । वे जानती हैं कि भरत और राम दोनेां को एक दूसरे से अत्यधिक प्रेम है । राम के चले जाने से भरत , राजा दशरथ तथा प्रजा को अत्यधिक दुख होगा, पुत्र वन जा रहा है , सबको छोड़कर जा रहा है, कौशल्या पुत्र को जाने देती है -
जाहु सुखेन बनहि बलि जाऊॅं । करि अनाथ जनि परिजन गाऊँ।।
सत कर आजु सुकृत फल बीता । भयउ कराल काल विपरीता ।। म0अयो0 57/2-3
कौशल्या राम को कहीं भी रोकने का प्रयास नहीं करती है । वे परम पतिव्रता नारी हैं । पति की मर्यादा का उन्हें ध्यान है , साथ ही बहन कैकेयी की भी आज्ञा है कि यदि राम वन नहीं जायेंगे तो रघुकुल की मर्यादा नष्ट हो जायेगी । कौशल्या को सीता प्राणों से भी बढ़कर प्रिय है किंतु जब वह भी राम से वन जाने का हठ करती है तो वे उसे नहीं रोकती हैं -
सासु असीस सिख दीन्ह अनेक प्रकार । मा0अयो0 165/1-2
कौशल्या महान नारी थीं । वे राम और भरत में कोई अंतर नहीं मानतीं । भरत ननिहाल से लौट कर आते हैं । पिता की मृत्यु तथा भाई के वन-गमन का कारण अपनी माता को जानकर अत्यधिक लानत देते हैं । भरत माता कौशल्या के पास जाकर फूट-फूट कर रोने लगते हैं । उस समय कौशल्या भरत को उठाकर इस तरह हृदय से लगाती हैं मानो राम ही लौट आए हों । उस समय का वर्णन गोस्वामी जी ने इस प्रकार किया है -
सरल सुभाय मायॅं हिय लायं । अति हित मनहुं राम फिरि आये ।।
माता भरतु गोद बैठारे । ऑंसू पोछि मृदु बवन उव?चारे ।। मा0अयो0 165/1
भरत कैकेयी को भला-बुरा कहते हैं , उस अवसर पर कौशल्या उन्हें रोकती है -
कहुहिं दोसु देहु जनि ताता । भा मोहि सब बिधि बाम विधाता ।। म0अयो0 165/4
हे तात ! जब विधाता ही मुझ पर विपरीत हैं तो किसी को दोष देने से क्या फायदा । उन्हें विश्वास है कि चाहे चंद्रमा से विष टपकने लगे और बर्फ आग बरसाने लगे, जलचर जीव जल से अलग होकर बिना जल के रहने लगे, न होने वाले काम भी हो जाए पर तुम रामचन्द्र के प्रतिकूल नहीं हो सकते हो तथा जो इस कार्य में तुम्हारी सहमति बताते हैं वे स्वप्न में भी सद्गति के अधिकारी नहीं हैं -
बिधु विष चवै स्त्रवै हिमु आगी । होइ बारिचर बारि बिरागी ।।
भएं ग्यानु बरु मिटै न मोहू । तुम्ह रामहि प्रतिकूल न होहू ।।
मत तुम्हार यहु जो जग कहहिं । सो सपनेहुं सुख सुगति न लहहीं ।। म0ओ0 169/2
कौशल्या एक आदर्श माता और आदर्श स्त्री के रूप में प्रतिष्ठित होती हैं । दशरथ मरणासन्न हैं । प्रजाजनों में हाहाकार मचा हुआ है । ऐसे समय में राजा दशरथ से कहती हैं कि राम का वियोग अपार समुद्र है, अयोध्या जहाज है तथा आप इस जहाज के कर्णधार हैं । समस्त आत्मीय जन तथा प्रजा समाज इसके यात्री हैं, जो इस जहाज पर चढ़े हुए हैं । यदि आप धैर्य धारण करेंगे तों सब पार पहुँच जायेंगे । यदि आप मेरी प्रार्थना पर ध्यान देंगे तो राम, लक्ष्मण, सीता फिर से आपको मिल जायेंगे । कौशल्या के इन सांत्वनापूर्ण वचनों से राजा दशरथ को अत्यध्कि शीतलता प्रापत हुई ।
ऐसे कठिन समय में कौशल्या जैसी नारी ही ऐसे आदर्श वचन कह सकती थीं । रामचरितमानस में कौशल्या एक देवी के रूप में हमारे सामने आती हैं -
धीरज धर्म मित्र अरु नारी । आपत काल परखिए चारी ।।
अपनी इस परीक्षा में कौशल्या खरी उतरती हैं । गोस्वामी जी ने कौशल्या को मानवीय यथार्थता की भूमि पर उतार कर उनके अलौकिक तथा धार्मिक चरित्र को भी उभारा है -
सतरूपहिं बिलोकि कर जोरे । देबि मांगु बरू जो रुचि तोरे ।। म0बा0 150/1
तब वे कहती हैं -
जे निज भगत नाथ तब अहहीं । जो सुख पावहिं जो गति लहहीं ।।
सोइ सुख सोइ गति सोइ भगति । सोइ निज चरन सनेहु ।।
सोइ बिबेक सोइ रहनि प्रभु । हमहि कृपा करि देहु ।। मा0बा0 150/4
कौशल्या अत्यंत पवित्र एवं धर्मपरायण स्त्री के रूप में हमारे सामने उपस्थित होती हैं । राम जन्म के अवसर पर कौशल्या पर सुख एवं आनंद की वर्षा हो रही है -
भए प्रगट कृपाला दीन दयाला कौसल्या हितकारी ।
हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप निहारी ।। मा0बा0 192/छं0
कौशल्या धार्मिक स्वभाव की महिला हैं । अतएव वे अपना अधिक समय देव अनुष्ठान तथा पूजन कार्य में व्यतीत करती हैं ।
धर्म आदर्श एवं उदात्त भावों की सृष्टि करने वाला है । इस दृष्टि से कौशल्या अपने सद् आचरण तथा पुनीत एवं अदात्त चरित्र के कारण गौरवान्वित पद प्राप्त करने की अधिकारिणी हैं । इस प्रकार रामचरितमानस में गोस्वामी जी ने कौशल्या को देवी के रूप में प्रतिष्ठित किया है ।
सुमित्रा
सुमित्रा के चरित्र पर गोस्वामी जी ने बहुत कम प्रकाश डाला है लेकिन उतने में ही वह मानस में सम्मानित नारी पात्रों में स्थान पाने की अधिकारिणी हैं । उसमें कैकेयी जैसी कुटिलता नहीं है । वह सरल हृदय नारी है । कौशल्या के सुख-दुख की सहभागिनी है । वह राम राज्याभिषेक का समाचार पाकर न केवल प्रसन्न होती है वरन् राज्याभिषेक की तैयारियों में भी संलग्न होती है । मानस में लिखा है-“चौके चारू सुमित्रा पूरी ।“, वह नारियोचित दुर्बलता की शिकार नहीं है ।
सीता
रामचरितमानस में गोस्वामी जी ने स्त्री को सम्मान की दृष्टि से देखा है , वह देवी है , साक्षात शक्ति है । बालकाण्ड के प्रारंभ में ही गोस्वामी जी ने सीता के विषय में लिखा है कि सीता परम शक्ति है । वे ही जगत की उत्पत्ति, पालन और संहार का कारण है , ऐसी रामवल्लभा सीता को मैं नमस्कार करता हूँ ।
सीता को भूतल पर लक्ष्मी का अवतार कहा गया है । मानस में अनेक स्थलों पर इसका जिक्र आया है । सीता नाम ही अपने आप में अत्यन्त पवित्र है , तथा जो इस नाम का श्रवण करता है उसमें भी यह पवित्रता का संचार करता है। ऐसी ही देवीरूप पतिपरायण पवित्र जनकनंदिनी जगत्वंदिनी श्री सीता है ।
मनु शतरूपा विष्णु-मंत्र का जप करते हुए तपस्या कर रहे हैं । तपस्या द्वारा दंपत्ति को दर्शन होता है । वहॉं गोस्वामी जी ने सीता का अलौकिक चित्रण किया है । वह चित्रण न केवल दर्शनीय है वरन् मर्मस्पर्शी भी है तथा हृदय में भक्ति रसाप्लावित करने में पूर्ण सक्षम है -
बाम भाग सोभति अनुकूला । आदिसक्ति छबिनिधि जगमूला ।।
जसु अंस उपजहिं गुनखानी । अगनित लच्छि उमा ब्रह्मानी ।।
भृकुटि बिलसा जासु जग होई । राम बाम दिसि सीता सोई ।। म0बा0 148/1-2
सीता जगत् की मूल कारण है , आदि शक्ति है जोकि भगवान के वाम भाग में सुशोभित होती है । उन्हीं के अंश के अगणित उमा, रमा, ब्रह्माणियां व्युत्पन्न होती है, तथा उन्हीं के भृकुटि-विलास से जगत की सृष्टि होती है । गोस्वामी जी ने सीता को अलौकिक रूप में साक्षात शक्ति कहा है । वहीं लौकिक चित्रण में आदर्श नारी के रूप में चित्रित करके उनका आदर्श जनता के सम्मुख रख दिग्भ्रमित स्त्री समाज को दिशा प्रदान की है ।
रामचरितमानस की सीता एक आदर्श नारी के रूप में हमारे सामने आती है । वे भारतीय आदर्श की साकार प्रतिमा है । वे सुशील स्वभाव की हैं साथ ही सुन्दरी भी ।
पुष्पवाटिका में राम सीता की अनुपम शोभा देखते हैं । वह शोभा ऐसी है मानों ब्रह्मा ने अपनी सारी निपुणता को प्रकट करके दिखा दिया हो -
देखि सीय सोभा सुखु पावा । हृदयॅं सराहत बचनु न आवा ।।
जनु बिरंचि सब निज निपुनाई । बिरचि बिस्व कहॅं प्रगटि देखाई ।।
सुंदरता कहुं सुंदर करई । छबिगृहॅं दीपसिखा जनु बरई ।।
सब उपमा कबि रहे जुठारी । केहिं पटतरॉं बिदेहकुमारी ।।मा0बा0 230/3-4
सीता के इस अलौकिक रूप की प्रतिक्रिया राम पर भी होती है । जिसके अलौकिक रूप को वाल्मीकि ने “ जनकस्थ कुले जाता देवमायेव निर्मित “ कह कर चित्रित किया है । रावण के समक्ष सीता के रूप का वर्णन करते हुए शूर्पनखा कहती है -
रूप रासि बिधि नारि संवारी । रति सत कोटि तासु बलिहारी ।। मा0अर0 22/5
विवाह के पश्चात् सीता को अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ा । उस परीक्षा में वे अपने आदर्श रूप का परिचय देती हैं । लाड़ प्यार तथा सुखों में पली राजकुमारी अपने पति की सेवा के निमित्त वन के कंटकाकीर्ण पथ का चयन करती हैं । वे राम के समक्ष वन जाने का हठ करती हैं । वे आर्य नारी के उस आदर्श को प्रस्तुत करती हैं जिसमें पति ही सब कुछ है । सीता पति की सच्ची सहचरी है । राजमहल का सुख ठुकरा कर राम के साथ वनों में निवास करती है ।
सीता का जीवन त्याग , तपस्या और करुणा युकत है । पतिव्रता नारियों में सीता का नाम अत्यंत आदर के साथ लिया जाता है । अत्रि आश्रम में अनसूया सीता से कहती है -
सुन सीता तव नाम सुमरि नारि पतिव्रत करहीं । म0अर0 5/ख
सुख दुख मानव जीवन में आते जाते रहते हैं । सीता का रावण द्वारा हरण होता है । रावण ने सीता को अशोक वाटिका में बन्दिनी बना कर रखा है । हनुमान सीता की खोज में जाते हैं, तब सीता राम के पास अपना जो संदेश भेजती है वह अत्यन्त करुण है । वे कहती हैं - मेरे शरीर प्राण नहीं छोड़ते हैं क्योंकि आपका नाम पहरे का काम करता है, तथा आपके ध्यान का कपाट लगा हुआ है । आपके चरणों में स्थित दृष्टि ही ताला है , अतः प्राण किस रास्ते से जाएँ । ये पर-पुरुष से स्वयं को सुरक्षित रखती है । रावण के अनेक प्रलोभन उस सती नारी को विचलित नहीं कर पाते हैं ।
सीता को शील और धैर्य की परीक्षा में जिनने संकटों का सामना करना पड़ा उतना शायद ही किसी को करना पड़ा होगा । अनेक बार अग्नि परीक्षा दीं किंतु उस अग्नि से स्वर्ण की भॉंति और भी निखर कर उतरीं । यही कारण है कि सीता के सम्मान की प्रतिष्ठा प्राचीन युग से लेकर आजतक समान रूप से हुई । सीता का नाम आज भी अत्यंत आदर से लिया जाता है ।
मानस की सम्मानित स्त्री पात्रों की श्रेणी में अनसूया अग्रगण्य हैं । अनसूया ब्रह्मा के मानस पुत्र महर्षि अत्रि की पत्नी हैं । परम पतिव्रता होने के साथ-साथ परम तपस्विनी भी हैं । इन्होंने पति सेवा को नारी का धर्म बताया है । देवताओं द्वारा इनके पातिव्रत्य को नष्ट करने तथा तपस्या भंग करने के अनेक प्रयास किए गए किंतु इस परम पतिव्रता के समक्ष सभी को पराजित होना पड़ा । वनवास के समय राम, लक्ष्मण और सीता अत्रि-आश्रम में पहुँचते हैं, तब अनसूया सीता को पतिव्रत धर्म की शिक्षा देती है । वे कहती हैं-‘‘ शरीर, मन और वचन से पति के चरणों में प्रेम करना स्त्री के लिए यह बस एक ही व्रत है और एक ही नियम है -
एकई धर्म एक व्रत नेमा । कार्य बचन मन पति पद प्रेमा ।। म0अर0 5क/5
स्त्री यदि जन्म से अपवित्र है तब भी वह पति सेवा द्वारा शुभ फल प्राप्त कर लेती है । वे सीता से कहती हैं स्त्रियाँ तुम्हारा नाम लेकर पतिव्रत धर्म का पालन करेंगी ।
मंदोदरी
रावण ने अनेक विवाह किए किंतु पत्नियों में मंदोदरी का स्थान प्रधान रहा । वह हृदय से रावण का कल्याण चाहती थीं तथा उसे सन्मार्ग पर बनाये रखने में सदैव तत्पर रहती थीं । वह रावण के कुकृत्यों का यथासंभव विरोध करती हैं । रावण द्वारा सीता का हरण होने पर वह समण् जती है कि उसका पति अपने विनाश को निमंत्रण दे रहा है । मंदोदरी आस्तिक वृत्ति की स्त्री है, इसी कारण वह जानती है कि ईश्वर विमुख व्यक्ति की क्या दशा होती है । राम से बैर के कारण ही रावण के कुल में कोई रोने वाला नहीं रह गया -
जगत विदित तुम्हारी प्रभुताई । सुत परिजन बल बरनि न जाई ।।
राम विमुख अस हाल तुम्हारा । रहा न कोउ कुल रोवनि हारा ।। म0लं0 104/5
वह जानती है कि रावण के कर्म अच्छे नहीं हैं, यही कारण है कि उसके सिर तथा भुजाओं को आज गीदड़ खा रहे हैं । विलाप के समय वह कहती है-‘‘आपके साथ जो हुआ वह अनुचित नहीं है । कालवश होने के कारण आपने किसी का कहना नहीं माना तथा परमात्मा को साधारण मनुष्य समझा’’ -
तब बस बिधि प्रपंच सब नाथा । समय दिसिप नित नावहिं माथा ।।
अब तव सिर भुज जंबुक खाहीं । राम बिमुख यह अनुचित नाहीं ।।
काल बिबस पति कहा न माना । अग जग नाथु मनुज करि जाना ।। म0लं0 104/6-7
हनुमान द्वारा लंका दहन का समाचार ज्ञात होने पर मंदोदरी राक्षस कुल की रक्षा के लिए व्याकुल हो जाती है । वह रावण से प्रार्थना कर कहती है कि ‘‘ कंत करष हरि सन परिहरहूँ ’’ उनकी पत्नी को भेज दीजिए । सीता आपके कुल रूपी कमल के वन को दुख देने वाली जाड़े की रात्रि के समान आयी है । अतः सीता को देने में ही आपका कल्याण है -
तव कुल कमल बिपिन दुखदाई । सीता सीत निशा सम आई ।।
सुनहु नाथ सीता बिनु दीन्हें । हित न तुम्हार संभु अज कीन्हें ।। मा0सु0 36/5
रावण पर मंदोदरी की शिक्षा का कोई प्रभाव नहीं होता है । वह उसकी बात सुनकर हंसता है, तथा कहता है कि तुम्हारा हृदय दुर्बल है । तुम मंगल में भी डर रही हो । रावण के इस आचरण से मंदोदरी समझ जाती है कि इस पर विधाता प्रतिकूल हैं । रावण जैसे अधम को कल्याण-मार्ग पर चलने की शिक्षा मंदोदरी जैसी प्रतिव्रता ही दे सकती थी । उसके हृदय में रावण के प्रति अगाध प्रेम है । रावण की मृत्यु पर वह युद्ध भूमि में विलाप करते हुए कहती है - वरुण, कुबेर और वायु किसी ने भी रणक्षेत्र में जिसके सम्मुख धैर्य धारण नहीं किया । काल और यमराज भी जिसके द्वारा जीत लिए गये थे । वही आज यहॉं अनाथ की भॉंति पृथ्वी पर निष्प्राण पड़े हैं -
बरून, कुबेर सुरेस समीरा । सन्मुख धरि काहुं न धीरा ।
भुजबल जितेहु काल जम साई । आजु परेहु अनाथ की नाई ।। म0लं0 104/4
यही नहीं अपने पति को राम द्वारा निज धाम दिए जाने पर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करती है -
जान्यो मनुज करि दनुज कानन दहन पावक हरि स्वयं ।
जेहि नमत सिव ब्रह्मादि सुर पिय भजेहु नहिं करुनामयं ।।
आजन्म ते परद्रोह रत पापौघमय तव तनु अयं ।।
तुम्हहू दियो निज धाम राम नमामि ब्रह्म निरामयं ।।मा0लं0 104/छं
रावण की मृत्यु के पश्चात् वह भावी जीवन के कर्तव्य पालन के प्रति तत्पर होती है । मंदोदरी की गणना मानस के सम्मानित नारी पात्रों में की जाती है । स्वयं रावण भी उसका आदर करता था, नहीं तो माल्यवान और विभीषण की तरह उसे भी लात मार सकता था । इस प्रकार मानस में सद्आचरण से युक्त स्त्री को सम्मान की दृष्टि से देखा गया है ।
ङ/. माता का महत्व
विश्व को उत्पन्न करने की तथा पोषण करने की शक्ति माता में ही है । गृहस्थ आश्रम के संचालन की शक्ति भी माता नारी पर ही अवलंबित है । भारतीय दृष्टिकोण के अनुसार परिवार-संचालन, तथा शिशु के पालन-पोषण का दायित्व नारी जाति पर ही निर्भर करता है । भारतीय संस्कृति सदैव से ही नारी वर्ग के प्रति सेवा भाव से समन्वित रही है ।
हमारे यहॉं यह माना गया है कि पुत्र के लिए माता का स्थान पिता से भी बढ़कर है , क्योंकि वह उसे गर्भ में धारण करती है तथा उसका पालन पोषण करती है । यही कारण है कि तीनों लोकों में माता के समान दूसरा गुरू नहीं है -
पितुरत्यधिका माता गर्भधारणपोषणात् ।
अतो हि त्रिषु लोकेषु नास्ति मातृसमो गुरूः ।। वृहद्धर्मपुराण, पूर्व खण्ड अ. 2/33
माता की महत्ता तथा पूज्यता का प्रतिपादन ऋग्वेद ने यह कह कर किया है -‘‘ माता भवतु संमनाः ।’’ माता शब्द अत्यंत व्यापक है । जननी, जनित्री, जनयित्री, प्रसू आदि माता के पर्याय हैं ।
तुलसी ने माता को अत्यंत उच्च पद पर प्रतिष्ठित किया है । हमारे यहॉं श्रुति, स्मृति, पुराण, नीति ग्रंथों तथा इतिहास में भी माता के महत्व पर प्रकाश डाला गया है । श्रुति का उपदेश है -‘‘ हे मनुष्य ! माता को इष्टदेव समझ कर उसकी सेवा कर ’’ ; ‘‘ मातृ देवो भव’’ । स्मृति कहती है -‘‘ एक आचार्य गौरव में दस उपाध्यायों से बढ़कर है । एक पिता सौ आचार्यों से उत्तम है । एक माता एक सहस्र पिताओं से श्रेष्ठ है ’’-
उपाध्यायानदशाचार्य शतं पिता ।
सहस्रं तु पितृन्माता गौरवेणातिरिच्यते ।। मनु 2/145
संतान को नौ महीने तक गर्भ में धारण कर अनकों कष्ट सहते हुए मॉं पालन पोषण करती है, इसी कारण माता सर्वश्रेष्ठ पद पर प्रतिष्ठित है -
गर्भधारणपोषाद्धि ततो माता गरीयसी । कल्याण नारी अंक पृ 59
प्रायः देखा जाता है कि मनुष्य पर जब विपत्ति आती है तब विपत्ति में वह मॉं को ही स्मरण करता है-‘‘आपादि मातैव शरणम् । भारतवर्ष में सदा ही मातृ वर्ग का सम्मान हुआ है । यहॉं पुरुषों की स्त्रियों को पहले सम्मान प्रदान किया गया है । सीता का नाम राम से पहले लिया जाता है, इसी प्रकार लक्ष्मी-नारायण, राधा- कृष्ण आदि । महाभारत में भी हम देखते हैं कि पुत्र को मॉं के नाम से संबोधित किया जाता था जैसे पांडवों के लिए कौन्तेय, कर्ण के लिए राधेय आदि । व्यक्ति , परिवार, समाज तथा देश का कल्याण माता की इच्छा के ऊपर ही निर्भर है । भारतवर्ष में कहा जाता है -
जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी ।।
यदि धार्मिक दृष्टि से देंखे तो मॉं दुर्गा को विश्व की आराध्या मॉं माना गया है -
प्रसीद मातर्जगतो खिलस्य । दुर्गासप्तशती पृ 160
यही जगदंबा, सभी प्राणियों में , मातृ रूप में, अवस्थित है । मनुष्य तो क्या देवता भी , उनकी बारंबार वंदना करते हैं -
या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता ।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः ।।
पाश्चात्य विद्वानों ने भी माता को सम्मान की दृष्टि से देखा है । पैटरलिंक कहते हैं -‘‘ सभी माताएं वैभवशालिनी हैं, जब वे अपने बच्चों को प्यार करती हैं, कोई निर्धन, कृरूप और वृद्धा माता नहीं है । इस पृथ्वी पर माता ईश्वर स्वरूपा है । ’’
तुलसी ने माता को पिता से उच्च स्थान दिया है । राम के वन गमन के समय माता कौशल्या कहती हैं -
जौं केवल पितु आयसु ताता । तौ जनि जाहु जामि बड़ि माता ।।
जौं पितु मातु कहेहु बन जाना । तौं कानन सत अवध समाना ।। मा0अयो0 56/1
राम के वन गमन का समाचार पाकर माता कौशल्या स्तब्ध रह जाती हैं । वे पुत्र को न रहने को और न जाने को कह पाती हैं । वह किंकर्तव्यविमूढ़ हो जाती हैं । एक ओर धर्म है तो दूसरी ओर स्नेह है । माता कौशल्या की मनःस्थिति का चित्रण गोस्वामी जी इस प्रकार करते हैं -
धरम सनेह उभयॅं मति घेरी । भइ गति सॉंप छुदुंदर केरी ।
राखउॅं सुतहि करउॅं अनुरोधू । धरमु जाइ अरु बंधु बिरोधू ।।म0अयो0 55/2
अंत में माता कौशल्या अपने पतिव्रत धर्म तथा पुत्रों की समता के आधार पर ही राम को अपना निर्णय सुनाती हैं । माता के हृदय में पुत्र के कल्याण की कामना रहती है । माता कौशल्या भी हृदय से राम के रक्षा की कामना कर रही हैं -
देव पितर सब तुम्हहि गोसाई । राखहुं पलक नयन की नाई ।।मा0अयो0 57/1
माता के स्नेह व प्रेम का पुत्र के जीवन पर अत्यधिक महत्व है । राम लक्ष्मण में भातृप्रेम के बंधनों को दृढ़ करने में कौशल्या तथा सुमित्रा दोनों ही माताओं का अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान है । लक्ष्मण, राम के साथ वन जाना चाहते हैं लेकिन राम उन्हें वन ले जाने को तैयार नहीं , अंत में लक्ष्मण का अत्यधिक प्रेम देख राम विवश हो कहते हैं -‘‘ माता से आज्ञा लेकर आओ । लक्ष्मण माता के पास जाते हैं । मन में संदेह है कि शायद कहीं माता जाने की आज्ञा न दे -
मांगत विदा समय सकुचाही । जाइ संग विधि कहहि कि नाहीं ।। म0अयो0 73/4
लक्ष्मण में मन में संशय का कारण सुमित्रा की मनःस्थिति है । राम वन गमन का समाचार लक्ष्मण से सुनकर वे ऐसी सहम गयी हैं जैसे हिरनी चारो ओर वन में लगी आग को देखकर सहम जाते हैं -
गई सहमि सुनि बचन कठोरा । मृगी देखि दव जन चहुं ओरा ।। मा0अयो0 73/3
लेकिन बाद में धैर्य धारण कर सुमित्रा कोमल वाणी में कहती हैं -
तात तुम्हारि मातु वैदेही । पिता रामु सब भांति सनेही ।।
अबध तहॉं जहॅं राम निवासू । तहॅंइ दिवसु जहॅं भानु प्रकासू ।।
जौं पै सीय रामु बन जाहीं । अबध तुम्हार काजु कदु नाहीं ।।
गुर पितु मातु बंधु सुर साई । सेइअहिं सकल प्रान की नाईं ।।
रामु प्रान प्रिय जीवन जी के । स्वारथ सहित सखा सबही के ।।
पूजनीय प्रिय परम जहॉं तें । सब मानि अहिं राम के नातें ।।
अस जियूं जानि संग बन जाहू । लेहू तात जग जीवन लाहू ।। मा0अयो0 74/1-2-3-4
सुमित्रा के इस कथन से सुमित्रा के विशाल हृदय का परिचय प्राप्त होता है । माता का यह कर्तव्य है कि आपत्ति के क्षणों में क्षणिक राग-द्वेष से दूर होकर पुत्र को समयानुकूल उचित शिक्षा प्रदान करे । सुमित्रा न केवल लक्ष्मण को आज्ञा प्रदान करती है, वरन वे कहती हैं कि वही पुत्रवती युवती सफल है जिसको राम भक्त पुत्र प्राप्त होता है । राम भक्त पुत्र के बिना स्त्री बिना पुत्र के ही अच्छी है । अन्त में माता सुमित्रा पुत्र को उपदेश देती हैं कि हे पुत्र ! तुम वही करना जिससे राम सीता वन में दुख न पायें -
तुम्ह कहुं बन सब भॉंति सुपासू । संग पितु मातु रामु सिय जासू ।।
जेहिं न रामु बन लहहिं कलेसू । सुत सोइ करेहु इहइ उपदेसू ।। मा0अयो0 75/4
सुमित्रा जैसी महान माता का यही लक्ष्मण को उपदेश है कि उनके कारण वन में राम सीता को सुख प्राप्त हो, माता, पिता, परिवार तथा नगर के सुखों की याद भूल जायें । वे लक्ष्मण को राम सीता के चरणों में प्रेम बढ़ने का आशीर्वाद प्रदान करती हैं ।
माता के हृदय में एक ओर तो पुत्र के प्रति वात्सल्य का अथाह सागर लहराता है, वहीं दूसरी ओर विवेक, धैर्य एवं सहनशीलता भी कूट-कूट कर भरी होती है । कठोर कैकेयी के कुकृत्यों के कारण राम को राज्याभिषेक के स्थान पर वन गमन की आज्ञा मिलती है । माता कौशल्या पर दुख का अथाह सागर उमड़ता है, फिर भी वे अत्यंत धैर्य से काम लेती हैं तथा पुत्र को कर्तव्य पालन की प्रेरणा प्रदान करती हैं । यही नहीं, वे पुत्र से कहती हैं कि पिता की आज्ञा का पालन सब धर्मों का शिरोमणि है -
सरल सुभाउ राममहतारी । बोली बचन धीर धरि भारी ।।
तात जाउॅं बलि कीन्हेहु नीका । पितु आयसु सब धरमक टीका ।।मा0अयो0 55/4
राजा ने राज्य देने को कहकर वन दे दिया, इसका मुझे दुख नहीं है, किंतु तुम्हारे बिना भरत, राजा और प्रजा को दुख होगा । वे धैर्य तथा धर्म दोनों की परीक्षा में खरी उतरती हैं । वे अपने पुत्र का यह कहकर मार्ग दशर्न करती हैं कि यदि पिता की केवल आज्ञा हो तो माता को पिता से बड़ी जानकर वन को मत जाओं किंतु यदि पिता माता दोनों ने वन जाने को कहा हो तो वन तुम्हारे लिए सैकड़ों अयोध्या के समान है -
जौं केवल पितु आयसु ताता । तौ जनि जाहू जानि बड़ि माता ।
जौं पितु मातु कहेउ बन जाना । तौं कानन सत अवध समाना ।।मा0अयो0 56/1
माता के हृदय में सदैव पुत्र के रक्षा एवं मंगल की कामना भरी होती है । माता कौशल्या राम से कहती हैं तुम मुझे भुला देना तब देव और पितर तुम्हारी वैसे ही रक्षा करें जैसे पलकें ऑंखों की करती हैं ।
लक्ष्मण मूर्छित हैं । लक्ष्मण की मूर्च्छा का सामाचार सुनकर सुमित्रा के नेत्रों से अश्रु बह रहे हैं , किंतु अश्रु राम के असहाय होने के कारण बह रहे हैं । वे शत्रुघ्न को सेना सहित लंका जाने की आज्ञा देती हैं ।। ऐसा करके मातृत्व का उच्च आदर्श प्रस्तुत करती हैं ।
तुलसी ने प्रमदा और रमणी रूप में नारी की निंदा की है , वहीं मातृत्व को अत्यधिक महत्व प्रदान किया । नारी के दो रूप होते हैं - माता और कामिनी । गोस्वामी जी ने मानस में नारी के दोनों रूपों का वर्णन किया है । उन्होंने माता नारी को वन्दनीय माना, यही कारण है कि जानकी, सुमित्रा, कौशल्या जैसी नारियों को मानस में उच्च सथान पर प्रतिष्ठित किया गया है । माता के प्रति उनके हृदय में कितना उच्च स्थान है यह उस समय देख सकते हैं जब शिव पार्वती विवाह के पश्चात् श्रृंगार वर्णन के समय केवल यह कह कर रुक गये -
जगत मातु पितु संभु भवानी । तेहि सिंगार न कहीं बखानी ।।मा0बा0 103/2
तुलसी मर्यादावादी कवि हैं । वे शिव-पार्वती विवाह का वर्णन कर चुकने के पश्चात् श्रृंगार वर्णन के प्रसंग पर आते ही यह कह कर रुक जाते हैं कि शिव-पार्वती जगत के माता-पिता हैं इसलिए मैं उनके श्रृंगार का वर्णन नहीं करता । उन्होंने शिव-पार्वती का रागात्मक चित्रण नहीं किया है । माता रूप के प्रति तुलसी की अपार श्रद्धा है ।
च/. अन्य
रामचरितमानस के अन्य नारी पात्रों में ऊर्मिला, मांडवी, श्रुतिकीर्ति, शबरी, तारा आदि हैं । यद्यपि मानस में प्रत्यक्ष रूप में इनका वर्णन नहीं है तथापि इनके त्याग तथा कर्तव्य भावना को नकारा नहीं जा सकता ।
ऊर्मिला भी सीता की बहन है । जिस परिवेश में सीता का पालन-पोषण हुआ है उसी परिवेश में ऊर्मिला का भी हुआ है । दोनों में एक ही संस्कार हैं । राम को वनवास मिलने पर सीता भी उनके साथ जाती हैं , सीता को पति का विछोह नहीं सहना पड़ता है जबकि लक्ष्मण के नहीं रहने पर ऊर्मिला वियोग की दशा में भी पूर्ण सात्विकता का परिचय देती है ।
राम के साथ सीता के अतिरिक्त लक्ष्मण भी वन जाते हें । ऊर्मिला चाहती तो लक्ष्मण को वन जाने से रोक सकती थी, लेकिन परिवार के प्रति कर्तव्य भावना के कारण ऐसा नहीं कर पाती है । वह त्याग की जीवन्त प्रतिमा के रूप में हमारे सामने आती है । ऋतुएँ एक-एक कर आती हैं, जाती हैं, वह लक्ष्मण के वियोग में चौदह वर्ष बिताती है । उसका त्याग सीता से कहीं अधिक है ।
मांडवी को लें तो वह भी सीता की बहन है । सीता के प्रति अन्य बहनों की तरह उसके हृदय में भी अपार स्नेह है । कैकेयी जब राजा दशरथ से राम के लिए वनवास का वरदान मॉंगती है , उस समय सबसे अधिक लज्जाजनक स्थिति से मांडवी को गुजरना पड़ता है । वह सोचती है कि सास के अविवेक के कारण ही मुझ पर तथा मेरे पति पर यह कलंक लगा है । वह सोचती है कि माता कौशल्या तथा सुमित्रा मुझे निर्दोष समझेगीं लेकिन अन्य लोग तो मुझे संदेह की दृष्टि से देखेगे ।
सब यही सोचेंगे कि मांडवी ने स्वार्थवश ऐसा किया है । उसके हृदय में अपार दुख है । अपने पति भरत की मानसिक स्थिति के कारण भी वह दुख का अनुभव करती है । राम के अयोध्या न लौटने पर भरत नंदिग्राम में कुटी बनाकर साधु वेश में रहते हैं । उन्होंने हर सुख का त्याग कर दिया है । पति को इस अवस्था में देख मांडवी भी सुख त्याग कर पति की सेवा में दिन व्यतीत करती है ।
राम वनवास के काण परिवार में आई विपत्ति से श्रुतिकीर्ति के हृदय में भी ठेस पहुंचती है । शत्रुघ्न को भी नंदिग्राम में भरत की सेवा में रहना पड़ा अतएव मांडवी की तरह श्रुतिकीर्ति को भी पति का विरह सहना पड़ा ।
मानस की नारी पात्र में शबरी भक्त नारियों में अग्रणी है । उसके हृदय में दया, करुणा अपार मात्रा में है । वह किसी वीर की पत्नी थी लेकिन पति की हिंसा वृत्ति सहन न कर सकने के कारण अर्द्धरात्रि में चुपके से गृह त्याग कर वन की ओर प्रस्थान करती है । प्रभु भक्ति में जीवन व्यतीत करती है । वह दण्डकारण्य में कुटी बनाकर निवास करती है । महर्षि मातंग के आदेशानुसार प्रभु की प्रतीक्षा करती है तथा मीठे बेर चुनकर रखती है । जिस दिन प्रभु श्री राम उनकी कुटी में आते हैं, उस दिन वह प्रेम मग्न हो जाती हे । उसकी वाणी अवरूद्ध हो जाती है ।
सबरी देखि राम गृह आए । मुनि के बचन समुझि जिये भाए ।।
सरसिज लोचन बाहु बिसाला । जटा मुकुट सिर उर माला ।।
स्याम गौर सुदर दोउ भाई । सबरी परी चरन लपटाई ।।
प्रेम मगन मुख बचन न आवा । पुनि पुनि पद सरोज सिर नावा ।। म0अर0 34/3-4-5
वह दोनों भाईयों को चुने हुए बेर अत्यंत प्रेमपूर्वक खिलाती है -
कंद मूल फल सुरय अति दिय राम कहुं आनि ।
प्रेम सहित प्रभु खाए बारंबार बखानि ।। मा0अर0 34/5 तथा दो0
उसके स्नेह, प्रेम तथा विनय को देखकर राम उसे नवधा भक्ति का उपदेश देते हैं ।
जब ऋषियों ने मतंग ऋषि का अपमान किया, शबरी को अधम कहकर उसके स्पर्श के कारण पंपा सरोवर में स्नान करने जाते हैं, तो सरोवर रक्त में परिणित हो जाता है तथा उसमें कीड़े पड़ जाते हैं कारण कि उन्होंने संन्यासिनी भक्त नारी का अपमान किया था । शबरी के स्पर्श से सरोवर पुनः पहले जैसा हो जाता है । शबरी का यह वृतान्त बताता है कि तुलसी अस्पृश्यता के विरोधी थे ।
तारा वानरराज बालि की पत्नी थी । बालि सुग्रीव में वैमनस्य हो गया क्योंकि सुग्रीव उसके पुत्र अंगद को गद्दी पर न बैठाकर स्वयं आसीन हो गया । उस पर बालि उसके प्राण का भी बैरी हो गया । तारा के समझाने पर ही वह उसे नहीं मारता है । वह जानती थी कि सुग्रीव में अकेले लड़ने की हिम्मत नहीं है बल्कि वह श्री राम की सहायता से युद्ध लड़ रहा है । इस हेतु बालि को समझाती है -
सुनु पति जिन्हहि मिलेउ सुग्रीवा । वे दो बंधु बल सीवा ।।
कोसलेस सुत लछिमन रामा । कालहु जीति सकहिं संग्रामा ।। मा0अर0 7/15
उसकी बात नहीं मानने के कारण ही बालि को प्राण से हाथ धोना पड़ता है । तारा को बाद में सुग्रीव की पत्नी बनना पड़ता है लेकिन गोस्वामी जी ने मानस में इसके बारे में नहीं लिखा है । कुछ भी हो तारा जैसी नारियॉं ही स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक हैं ।
एक संदेहास्पद प्रश्न वहॉं भी मुखरित होता है जहॉं कवि यह भी कहते हैं -
बृद्ध रेाग बस जड़ धन हीना । अंध बधिर क्रोधी अति दीना ।।
ऐसेहु पति कर किए अपमाना । नारि पाउ यमपुर दुख नाना ।। म0अर0 5क/4-5
वह पति का परित्याग शबरी से किस प्रकार कराते हैं , यह विरोधाभस का सृजन करता है । वस्तुतः गोस्वामी जी का यह भी संकेत है कि जो प्रभु भक्त है उसके लिए यदि पति अवरोध बनता है तो उसे भी त्याग देना अनिवार्य है जैसा कि उन्होंने अपनी समकालीन मीरा, कृष्ण अनुगामिनी को संदेश दिया था ।
छ/ निष्कर्ष
रामचरितमानस में नारी-निंदा तथा स्तुति दोनों प्राप्त होती है । तुलसी ने नारी के प्रमदा रूप की निंदा की है तथा माता रूप को अत्यंत पूज्य माना है । रामचरितमानस में नारी कहीं अबला और कहीं सबला रूप में चित्रित की गई है । स्त्री दुर्बलता के कारण ही शास्त्रकारों ने स्त्री के लिए नियम बनाये हैं, जिसे तुलसी ने भी स्वीकार किया है ।
मानस में तुलसी नारी चरित्र के परिवर्तित रूप पर शोक व्यक्त करते हैं । दशरथ की तीनों रानियॉं पतिवंता हैं, लेकिन कुटिल मंथरा अपनी कपट बुद्धि के कारण कैकेयी की स्त्री सुलभ ईर्ष्या को भड़काती है । कोमल स्वभाव की कैकेयी अपनी कोमलता खोकर शिला की तरह कठोर हो जाती है । नारी के इस परिवर्तनमय रूप के पीछे छिपे भीषण विनाश को तुलसी के मानस में व्यक्त किया है । कैकेयी जैसी स्त्रियों का रौद्र रूप अत्यंत भयंकर होता है । इस कारण राजा दशरथ की मृत्यु निश्चित थी । मानस में तुलसी बहुविवाह के दुष्परिणाम का चित्रण भी करते हैं । गोस्वामी जी नारी के स्वभाव, कर्तव्य तथा धर्म की व्यवस्था, प्राचीन शास्त्रों के आधार पर करते हैं । वे नारी का गौरव पतिव्रता तथा पति भक्त होने में ही मानते हैं । भौतिक सुख तथा समृद्धि के लिए भी वे पति-पत्नी की एकनिष्ठा को आवश्यक मानते हैं । नारी की पतिव्रता ही उसे गौरव प्रदान करती है । तुलसी ने नारी के अवगुणों की निंदा तथा गुणों की प्रशंसा की है । पत्नी रूप के चित्रण में उन्होंने र्प्याप्त रूचि ली है । वे सीता का चित्रण आदर्श पत्नी के रूप में करते हैं । कौशल्या , सुमित्रा, अनसूया, मंदोदरी के उदात्त चरित्र का चित्रण भी करते हैं । माता रूप में नारी की विशाल हृदयता तथा समाज कल्याण की भावना का चित्रण भारत की सामाजिक तथा सांसकृतिक परंपरा के अनुकूल है । वीर, भक्त, पतिव्रता, सती सभी रूपों में तुलसी नारी की महत्ता का प्रतिपादन करते हैं । उन्होंने नारी स्वभाव का अत्यंत सूक्ष्मता से चित्रण किया है । नारी समाज की आधारशिला है अतएव तुलसी इसकी अवनति से
उत्पन्न समाज की उच्छृंखलता को रोकने के लिए प्रयत्नरत दिखाई पड़ते हैं ।
No comments:
Post a Comment