Pages

Sunday, 24 July 2022

अध्याय 6 : रामचरितमानस और अर्थ व्यवस्था

रामचरित मानस और अर्थ व्यवस्था
मानव जिस समाज में रहता है उसकी कटुता उसके व्यक्तित्व को प्रभावित करती है । इस कटुता का प्रभाव साहित्यकार पर भी होता है । वह सामाजिक परिस्थियों से पूरी तरह संपृक्त होता है अतएव सामाजिक आक्रोश उसकी रचना में भी व्यक्त होता है । यही नहीं वह अपनी रचना द्वारा जन-जीवन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए भी प्रयत्नशील रहता है । तुलसी वे साहित्यकार हैं जिन्होंने अपने युग के समाज को अत्यंत निकट से देखा था । उनका स्वयं का जीवन भी दरिद्रता तथा दैन्य की छाया में व्यतीत हुआ था । तुलसी के समय की राजनीतिक स्थिति को देखने पर पाते हैं कि भारत में मुस्लिम साम्राज्य का स्थापना के साथ ही राजनीतिक अत्याचारों का भी बोलबोला हुआ । इन राजनीतिक अत्याचारों के कारण समाज की आर्थिक दशा और भी शोचनीय तथा अस्त-व्यस्त हो गई ।

तुलसी के युग में समाज दो भागों में विभक्त था । पहला वर्ग उन लोगों का था जो दरबार से संबंधित थे । यह वर्ग आर्थिक दृष्टि से संपन्न तथा सुखी था । दूसरा वर्ग जनसाधारण का था जो अजीविका के लिए कठोर परिश्रम करता था फिर भी अत्यंत कष्ट से जीवन निर्वाह कर पाता था । एक शोषक वर्ग था, दूसरा शोषित वर्ग था । आये दिन होने वाले आंचलिक युद्ध से यह दूसरा वर्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ । यह युद्ध राजा अथवा सम्राट के स्वार्थ के कारण होता था । उसका दुख्द परिणाम सामान्य जनता को भोगना पड़ता था । नगर तथा गॉंव लूट लिए जाते थे , स्त्रियों का अपहरण किया जाता तथा लोगों को दास बना लिया जाता था । युद्ध तथा अस्थिरता के वातावरण में शासन के अधिकारियों को भी मनमानी करने तथा निरंकुश हो जाने का अवसर मिल जाता था । किसानों का भी पूरा शोषण हो रहा था । चाहे कृषि रौंदी जाए अथवा अकाल पड़े , पदाधिकारियों को तो कर चाहिए । किसानों के दुख-दर्द की उन्हें कोई चिन्ता नहीं थी क्योंकि सम्राट तथा सामान्य पदाधिकारियों , सभी को अपने भोग विलास पूर्ण जीवन के लिए धन चाहिए । यह धन किसानों से प्राप्त होता था तथा किसानों के पास एक ही साधन था भूमि । इसलिए राजा तथा सामंतों ने किसानों को भूमि पर पूरा अधिकार नहीं दिया था । सांमतों को किसानों की भूमि वापिस ले लेने का भी अधिकार था । किसानों का भी पूरी तरह से शोषण होता था । युद्ध तथा अशातिं के वातावरण से जनता पूरी तरह त्रस्त थी । लोगों को काम नहीं मिल रहा था । भिखारियों की संख्या हदन प्रतिदिन बढ़ रही थी । गोस्वामी जी ने इस दशा का चित्रण करते हुए लिखा है -

खेती न किसान को, भिखारी को न भीख भलि ।

बनिक को बनिज न चाकर को चाकरी ।।

जीविकाविहीन लोग सीद्यमान, सोचबल ।

कहे एक एकन सों कहॉं जाई का करी ।। कवितावलीः उoकांo 9o

मुस्लिम शासकों के शासनकाल में प्रजा की दशा अत्यंत दयनीय हो गई थी । सम्राट तथा सामंतों की शोषक वृत्ति के कारण प्रजा कष्ट पा रही थी । साधारण जनता अपने को अरक्ष्ति और असहाय महसूस कर रही थी । प्रजा भीषण असंतोष की ज्वाला में जल रही थी । कठिन परिस्थिति में प्रजा को कोई मार्ग नहीं सूझ रहा था , परिणामस्वरूप वह पशुवत् जीवन व्यतीत कर रही थी । तुलसी मानस के उत्तरकाण्ड में अपने युग की मनोवृत्ति को इस प्रकार चित्रित करते हैं –

खलन्ह हृदय अति ताप बिसेषी । ज्रहिं सदा पर संपत्ति देखी ।।

अहॅं क निन्दा सुनहिं पराई । हरषहिं मन हुं परी निधि पाई ।।

काम क्रोध मद लोभ परायण । निर्दय कपटी कुटिल मलायन ।।

बयरू अकारन सब काहूं सों । जो कर हित अनहित ताहॅं सो ।।

झूठइ लेना झूठइ देना । झूठइ भोजन झूठ चबेना ।।

बोलहिं मधुर बचन जिमि मोरा । खाह महा अहि हृदय कठोरा ।।

पर द्रेाही पर दार रत पर धन पर अपवाद ।

ते नर पॉंवर पाप भय देह धरे मनुजाद ।। माoउo 38 के बाद

इस प्रकार के नैतिक तथा सामाजिक अधःपतन का मूल कारण आर्थिक दुर्दशा तथा समाज में सर्वत्र व्याप्त लोभ, लालच और कपट था -

लोभइ ओढ़न लोभइ डासन । सिस्त्रोदर पर जमपुर त्रास न ।।

काहू की जौं सुनहिं बड़ाई । स्वास लेहिं जनु जूड़ी आई ।।

जब काहू कै देखहिं बिपती । सुखी भए मानहुं जग नृपती ।।

स्वारथ रत परिवार बिरोधी । लंपट काम लोभ अति क्रोधी ।।

मातु पिता गुर बिप्र न मानहिं । आपु गए अरू घालहिं आनहिं ।।

करहिं मोह बस द्रोह परावा । संत संग हरि कथा न भावा ।।

अवगुन सिंधु मंदमति कामी । बेद बिदूषक परधन स्वामी ।।

बिप्र द्रोह पर द्रोह बिसेषा । दंभ कपट जियॅं धरें सुबेषा ।। माoउo 4o/1-2-3-4

लोगों की प्रवृत्ति दूसरों के धन के अपहरण में ही रह गई थी । बार-बार पड़ते अकालों से जनता त्रस्त हो रही थी लेकिन मुस्लिम शासकों ने इस ओर कुछ भी ध्यान नहीं दिया । उनकी शासन व्यवस्था तो केवल दंड पर ही आधारित थी -

गोंड गॅंवार नृपाल महि यवन महा महिपाल ।

साम न दाम न भेद कलि केवल दंड कराल ।। दोहावलीः 559

तुलसी तत्कालीन समाज में व्याप्त अव्यवस्था से बुरी तरह क्षुब्ध थे -

जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी । सो नृप अवसि नरक अधिकारी ।। माoलंo 38क/5

यही नहीं उनके स्वामी राम के पास अंगद के फेंकने पर चारों मुकट इसलिए आ गये क्योंकि ये राजा के चार गुण हैं । ये चार गुण वहीं निवास करते हैं जहॉं धर्म हो । चूंकि रावण में धर्म का अभाव है इसलिए ये राम के पास आ गये हैं । गोस्वामी जी जानते थे कि सारी अव्यवस्था का मूल कारण शासकों का अन्यायी, अत्याचारी होना है तथा राजधर्म की शिथिलता है । तुलसी ने दुराचारी राजा तथा अत्याचारी शासन-व्यवस्था के विरोध में आवाज उठा कर जनता का प्रतिनिधित्व किया तथा आदर्श राजा और प्रजा के संबंध को प्रस्तुत किया । उनके अनुसार जहॉं राजा सदाचारी और नीतिपरायण होंगे वहॉं विविध संपदाओं का निवास होगा -

बाजार रुचिर न बनइ बरनत बस्तु बिनु गथ पाइए ।

जहॅं भूप रमानिवास तहॅं की संपदा किमि गाइए ।।

बैठे बजाज सराफ बनिक अनेक मन हुं कुबेर ते ।

सब सुखी सब सच्चरित सुंदर नारि नर सिसु जरठ जे ।। माoउo 28/छंo

राम राज्य में अपार संपत्ति है जिसका कि वर्णन नहीं किया जा सकता । व्यापारी, सराफ आदि तो कुबेर की भॉंति जान पड़ते हैं । सभी सुखी हैं । सारा समाज अर्थ-संकट से मुक्त है । जनता आर्थिक दृष्टि से संपन्न है । यही कारण है कि समाज ईर्ष्या, लोभ आदि से युक्त नहीं है ।

तुलसी ने राम राज्य में साधारण जनता को भी संपन्न चित्रित किया है । अपने युग में तुलसी ने लोगों को पेट की ज्वाला से बुरी तरह जलते हुए देखा था । इस ज्वाला को शांत करने के लिए व्यक्ति करणीय-अकरणीय सभी प्रकार के कर्म करता है । बार-बार पड़ने वाले दुर्भिक्षों से जनता त्रस्त थी । भूख के कारण लोग अपने बेटे-बेटियों तक को बेच रहे थे -

किसषी, किसान, कुछ बनिक भिखारी भाट ।

चाकर,चपल नर, नट, चोर,जार चेटकी ।

पेट को पढ़त, गुन गढ़त, चढ़त गिरि ।

अटत गहन-बन अइन अखेट की ।

ऊॅंचे नीचे करम धरम अधरम करि ।

पेट को ही पचत बेचत बेटा बेटकी ।

तुलसी बुझाई एक घनस्याम ही तैं ।

आगि बड़वागि तें बड़ी है आगि पेट की । कवितावलीः पृo 185 दूसरा खंड

अर्थात तुलसी के युग में समाज की आर्थिक दशा ठीक नहीं थी । ऐसी दशा में सुख शान्ति की बात तो सोचना ही व्यर्थ था फिर भी उन्होंने रामराज्य का आदर्श जनता के सम्मुख रखा । रामराज्य में उन्होंने प्रजा को सुखी और संपन्न दिखाया है । राजा के आचरण और व्यवहार का प्रजा पर पर्याप्त प्रभाव होता है । रामराज्य में बैर तथा द्वेष का नामोनिशान नहीं है । वृक्ष सदा फल-फूल रहे हैं तथा पशु-पक्षी भी बैर भूलकर रह रहे हैं -

फूलहिं फरहिं सदा तरु कानन । रहहि एक संग गज पंचानन ।।

खग मृग सहज बयरू बिसराई । सबन्हि परस्पर प्रीति बढ़ाई ।।

कूजहं खग मृग नाना बृंदा । अभय चरहिं बन करहिं अनंदा ।।

सीतल सुरभि पवन बह मंदा । गूंजत अलि लै चलि मकरंदा ।।

लता बिटप मागें मधु चवहीं । मनभावतो धेनु पय स्त्रवहीं ।।

स्सि संपन्न सदा रह धरनी । त्रेतां भइ कृतजुग कै करनी ।।

प्रगटीं गिरिन्ह बिबिध मनि खानी । जगदातमा भूप जग जानी ।।

सरिता सकल बहहिं बर बारी । सीतल अमल स्वाद सुखकारी ।।

सागर निज मरजादॉं रहहीं । डारहिं रत्न तटन्हि नर लहहीं ।।

सरसिज संकुल सकल तड़ागा । अति प्रसन्न दस दिसा बिभागा ।।

आगे लिखते हैं -

बिधु महि पूर मयूखन्हि रबि तप जेतनेहि काज ।

मागें बारिद देहिं जल रामचंद्र के राज ।। माoउo 23/1-2-3-4-5

रामराज्य में सूर्य भी उतना ही तपता है जितनी आवश्यकता है तथा मेघ भी आवश्यकतानुसार ही जल प्रदान करते हैं । तुलसी के युग में आर्थिक स्थिति कैसी थी , यह मानस के कलियुग वर्णन से ज्ञात होता है । उन्होंने लिखा है कि ब्राह्मण वेदों को बेचने वाले तथा राजा प्रजा को खा जाने वाले होते हैं -

द्विज श्रुति बेचक भूप प्रजातन । कोउ नहिं मान निगम अनुशासन ।। माoउo 98क/1

आर्थिक दुदर्शा तथा पेट की ज्वाला के कारण लोग धर्म विमुख भी होने लगे थे । उनके युग में वही बुद्धिमान था जो दूसरों के धन का अपहरण कर ले -

सोइ सयान जो परधन हारी । माoउo 98क/3

धर्म तो धन कमाने का माध्यम भर बन कर रह गया था । तुलसी के समय समाज में शूद्र ब्राह्मणों को न केवल उपदेश देने लगे थे, वरन् गले में जनेऊ डालकर दान लेने लगे थे -

सूद्र द्विजन्ह उपदेसहिं ग्याना । मेलि जनेऊ लेहिं कुदाना ।। माoउo 99क/1

गुरु शिष्य से धन कमाने के लिए अवसर की ताक में रहते थे -

हरई सिष्य सन सोक न हरई । सो गुर घोर नरक महु परई ।।

मातु पिता बालकन्हि बोलवहिं । उदर भरे सोइ धर्म सिखावहिं ।। माoउo 99क/4

माता पिता अपने बच्चों को वही शिक्षा देते हैं जिससे उदर भरे । साथ ही अर्थ के अभाव में लोगों में यहॉं तक आचरणहीनता आ गई थी कि लोग कौड़ी भर लाभ के लिए ब्राह्मण और गुरू की हत्या तक कर डालते थे । तुलसी युगीन समाज में व्याप्त विरोधाभास भी द्रष्टव्य है । वे लिखते हैं कि जिन्हें निर्धन रहना चाहिए वे धन संचय में लगे थे तथा जिनके पास द्रव्य होना चाहिए वही निर्धन थे -

बहुदाम सॅंवारहिं धाम जती । विषया हरि नीन्हि नरहि बिरति ।।

तपसी धनवंत दरिद्र गृही । कलि कौतुक तात न जात कही ।। माoउo 1o1क/1

लोग एक दूसरे को ठगने तथा अपने शरीर के पालन-पोषण की चिंता में ही व्यस्त थे -

दम दान दया नहिं जानपनी । जड़ता पर बंचनताति घनी ।

तनु पोषक नारि नरा सगरे । परनिंदक जे जग मो बगरे ।।माoउo 1o2क/5

तुलसी अपने समय की साधारण जनता की दीन-हीण अवस्था से दुखी थे । अपने युग में व्याप्त अकाल, भुखमरी, गरीबी, शोषण आदि के लिए तत्कालीन शासकों तथा शासन-व्यवस्था को दोषी मानते थे । यही कारण है कि एक ओर तो कलियुग वर्णन में समाज की दुर्दशा के गिरावट का चित्रण किया है वहीं रामराज्य की कल्पना द्वारा प्रजा-पालक शासक के राज्य में जनता को सुखी दिखलाया है ।

क/.  अर्थ का महत्व

हिंदू शास्त्रों में अर्थ के महत्व को बताया गया है फिर भी अर्थ की लोलुपता से दूर रहने का उपदेश दिया गया है तथापि जीवन में इसके महत्व को मानने से इन्कार नहीं किया जा सकता । महाभारत का कहना है कि धर्म का पालन भी अर्थ पर निर्भर करता है । जीवन में अर्थ के अभाव में व्यक्ति अपने कर्तव्य का उचित रूप से पालन नहीं करता है इसी कारण अर्थहीनता को समाज में अभिशाप माना गया है । कौटिल्य ने भी मानव जीवन के लिए अर्थ को अत्यंत महत्वपूर्ण माना है क्योंकि अर्थ द्वारा ही मनुष्य अपनी इच्छाओं तथा आवश्यकताओं की पूर्ति करता है  । भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए अर्थ एक महत्वपूर्ण साधन है । हिंदू धर्मशास्त्र का कहना है कि हर व्यक्ति को ऐसा पेशा अपनाना चाहिए जिससे कि दूसरे व्यक्ति को हानि न पहुंचे । व्यक्ति को चाहिए कि वह निंदनीय कर्मों से धन संग्रह न करे । यदि वह बुरे तरीके से धन संग्रह करता है तो उसे अपने बुरे कर्म का फल भी भोगना होगा । पाप द्वारा एकत्रित धन व्यक्ति को नरक की ओर ढकेलता है । हिंदू मान्यता के अनुसार व्यक्ति का केवल उतने धन पर अधिकार है जितने धन की उसे आवश्यकता है । आवश्यकता से ज्यादा धन हो तो उसे समाज कल्याण में लगाना चाहिए तथा शुभ कर्मों में खर्च करना चाहिए क्योंकि ऐसा करने पर ही समाज में धन का समान वितरण हो सकेगा । हमारे यहॉं कहा गया है कि व्यक्ति को अपना धन पंचमहायज्ञों में व्यय करना चाहिए । ब्रह्मचारी, संन्यासी, वानप्रस्थी, अतिथि आदि के भरण-पोषण में संग्रह किए हुए धन को व्यय करना चाहिए । हमारे यहॉं अर्थ के लिए भी धर्म तथा नियम हैं जिसके अनुसार चलना व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है । तुलसी के समय में आर्थिक दशा ठीक नहीं थी । पेट के लिए लोग अपने बेटे-बेटियों तक को बेच दिया करते थे । चारों ओर बेरोजगारी का बोलबाला था । मानसकार ने भी अर्थ के अभाव में व्यक्ति के दुखी जीवन को दिखाया है ।

ख/.   उपभोग का महत्व

उपभोग का शाब्दिक अर्थ है उपयोग करना या किसी वस्तु को काम में लाना । उपभोग के लिए ही मनुष्य वस्तुओं का उत्पादन करता है । यदि उपभोग की आवश्यकता नहीं होगी तो वहॉं उत्पादन की भी आवश्यकता नहीं रह जाएगी । संपूर्ण अर्थ-व्यवस्था उपभोग करने वाले की इच्छापूर्ति के लिए ही कार्य करती है । उपभोग के कारण ही सभी प्रकार के आर्थिक कार्यों का जन्म होता है तथा इसके कारण ही समाज में उत्पादन, विनिमय, वितरण की आवश्यकता पड़ती है । उपभोग के आधार पर ही उत्पादन की मात्रा निश्चित करने में मदद मिलती है । उपभोग की मात्रा के आधार पर ही वस्तु के मूल्य का निर्धारण किया जाता है तथा इसके द्वारा ही वस्तु के आयात-निर्यात की मात्रा भी निश्चित की जाती है । उपभोग ही सभी प्रकार के आर्थिक कार्यों का अंतिम लक्ष्य है । मानव के अर्थ संबंधी कार्यों का प्रारंभ तथा अंत उपभोग में ही होता है । उपभोग के कारण ही मानव समाज में वस्तु का उत्पादन, विनिमय, वितरण करता है । मानव अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रयत्न द्वारा उत्पादन करता है ।

मनुष्य को जीवित रहने के लिए अनेक प्रकार की आवश्यकताओं को पूर्ण करना होता है । उसे भोजन के लिए अन्न तथा गर्मी एवं शीत से रक्षा के लिए वस्त्र एवं मकान की आवश्यकता पड़ती है । किसी भी वस्तु का उत्पादन मनुष्य अकेले नहीं करता है , वरन् उसके लिए साधनों की आवश्यकता होती है । साधनों के द्वारा ही संपत्ति अथवा अर्थ का उत्पादन होता है तथा उस संपत्ति अथवा अर्थ का उन साधनों के बीच ही वितरण कर दिया जाता है । इस वितरण में प्रत्येक व्यक्ति को जो कुछ प्राप्त होता है उसी से वह अपने आवश्यकता की सामग्री का क्रय करता है । अतः उपभोग ही आर्थिक क्रियाओं का आरंभ और अंत दोनों है । यही नहीं उपभोग की सामग्री पर ही किसी भी राष्ट्र की आर्थिक समृद्धि निर्भर होती है । जहॉं जितनी अधिक मात्रा में उपभोग सामग्री होगी उस राष्ट्र अथवा समाज को उतना ही अधिक समृद्ध कहा जाएगा । मानस के रामराज्य में दृष्टव्य है कि सब सुखी है, कोई दरिद्र अथवा दुखी नहीं है -

अल्प मृत्यु नहिं ेवनिउ पीरा । सब सुदर सब बिरुज सरीरा ।।

नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना । नहिं कोउ अबुध न लच्छन हीना ।।

सब निर्दभ धर्मरत पुनी । नर अरु नारि चतुर सब गुनी ।।

सब गुनग्य पंडित सब ग्यानी । सब कृतग्य नहिं कपट सयानी ।। माoउo 21/3-4

राम राज्य में चूकि भौतिक दृष्टि से सभी सुखी हैं , यही कारण है कि उनमें भी आध्यात्मिक विकास की भी आकांक्षा है -

राम राज कर सुख संपदा । बरनि न सकइ फनीस सारदा ।।

सब उदार सब पर उपकारी । बिप्र चरन सेवक नर नारी ।।

एकनारि ब्रत रत सब झारी । ते मन बच क्रम पति हितकारी ।।

दंड जतिन्ह कर भेद जहॅं नर्तक नृत्य समाज ।

जीतहु मनहि सुनिअ अस रामचंद्र कें राज ।। माoउo 22/3-4 तथा दोo

रामराज्य में दूध, मधु तथा कृषि की कमी नहीं है -

लता बिटप मार्ग मधु चपहीं । मनभावतो धेनु प्य स्त्रवहीं ।।

ससि संपन्न सदा रह धरनी । त्रेतां भइ कृतजुग कै करनी ।। माoउo 23/3

देवताओं को भी जो भाग दुर्लभ हैं, रामराज्य में उन्हें सभी नागरिक प्राप्त करते हैं -

हरषित रहहिं नगर के लोगा । करहिं सकल सुर दुर्लभ भोगा ।। माoउo 25/2

जहॉं के राजा होकर स्वयं श्री राम विराजमान हैं , उस अवधपुरी की सुख संपत्ति का वर्णन हजारों शेषनाग  भी नहीं कर सकते हैं । घर-घर से सुख संपबत्त की आभा विकीर्ण हो रही है -

धवल धाम ऊपर नभ चुंबत । कलस मनहुं रबि ससि दुति निंदत ।।

बहु मनि रचित झरोखा भाजहिं । गुह गुह प्रति मनि दीप बिराजहिं ।।

मनि दीप राजहिं भवन भाजहिं देहरीं बिद्रुम रची ।

मनि खंभ भीति बिरंचि बिरची कनक मनि मरकत खची ।।

सुदर मनोहर मंदिरायत अजिर रुचिर फटिक रचे ।

प्रति द्वार द्वार कपाट पुरट बनाइ बहु बज्रन्हि खचे ।। माoउo 27/4, दोo

मुस्लित-शासन के अन्तर्गत उपभोग की वस्तुएं, शासक तथा सामंत वर्ग में ही केंद्रित होकर रह गयी थीं । लेकिन तुलसी के राम प्रजापालक हैं निरंकुश नहीं । उनमें राजपद का अहंकार नहीं है । वे राज्य के सर्वेसर्वा हैं, तथापि प्रजा के हित चिंतन में रत हैं । उनका कहना है -

सनहु सकल पुरजन मम बानी । कहउॅं न कछु ममता उर आनी ।।

नहिं अनीति नहिं कछु प्रभुताई । सुनहु करहु जो तुम्हहि सोहाई ।।

जौं अनीति कछु भाषौं भाई । तौं मोहि बरजहु भय बिसराई ।। माoउo 43/2-3

रामराज्य में प्रजा को राजा पर टीका टिप्पणी करने का अधिकार है लेकिन मुस्लिम शासन के अन्तर्गत किसी को यह अधिकार नहीं था कि कोई शासक की निरंकुशता को चुनौती दे सके । राम पूर्ण सुसंस्कृत तथा सभ्य मानव का प्रतिनिधित्व करते हैं ।

ग/.   उत्पादन विनिमय वितरण

जीवन व्यतीत करते समय मानव के समक्ष अनेक समस्यायें आती हैं । अपनी आवश्यकताओं के लिए ही वह प्रयत्न द्वारा धन का उत्पादन करता है । किसी भी राष्ट्र की आर्थिक संपन्नता उसके उत्पादन की मात्रा पर ही निर्भर करती है । इस उत्पादन पर ही राज्य के आय की मात्रा भी निर्भर करती है । जब उत्पादन के साधनों में कमी होती है तभी समाज में बेकारी फैलती है ।

उत्पादन व्यक्तिगत् तथा सामाजिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है । व्यक्ति अपने कुटुम्ब की आवश्यकता की पूर्ति के लिए ही श्रम करता है । श्रम द्वारा वस्तुओं का उत्पादन करता है । दूसरें व्यक्तियों द्वारा उत्पन्न वस्तुओं से विनिमय भी करता है । इस व्यक्तिगत उत्पादन से ही व्यक्ति तथा समाज के विभिन्न आवश्यकताओं की पूर्ति होती है । किसी प्रकार राष्ट्र अथवा समाज का जीवन वहॉं के उत्पादन परिणाम पर ही निर्भर होता है । किसी भी राष्ट्र के उत्पादन स्तर की मात्रा के अनुसार ही वहॉं का जीवन स्तर भी होता है, अतएव उत्पादन का किसी भी राष्ट्र की सामाजिक दशा पर भी सीधा प्रभाव होता है । उत्पादन के लिए व्यक्ति को कुछ साधनों की भी आवश्यकता होती है जैसे - भूमि, श्रम, पूंजी, संगठन, साहस आदि ।

जहां तक मानस के परिपेक्ष्य में उपभोग, विनिमय, वितरण का प्रश्न है वह मुगलकालीन अर्थ-व्यवस्था पर आधारित है । तुलसी का आविर्भाव अकबर के समय में हुआ है । यद्यपि अकबर की नीति उदार थी, फिर भी बहुसंख्यक हिंदू समाज की दशा अच्छी नहीं थी । साधारण जनता अब भी पिस रही थी । सांमतवादी साम्राज्य के अत्याचार तथा शोषण से साधारण जनता त्राहि-त्राहि कर रही थी । शासन तथा जनता के बीच सीधा संपर्क नहीं था । मुगल शासकों ने अपने सामन्त तथा जागीरदार नियुक्त कर रखे थे । किसानों से कर उगाहने का कार्य इन्हीं का था । इन्हीं के द्वारा मुगल शासकों अथवा सम्राटों को एक तिहाई कर प्राप्त होता था । जागीरदार और सामन्त भी अपने भोग विलास के लिए गरीब किसानों से बरबस कर लिया करते थे । इन्होंने किसानों को भूमि पर पूरा अधिकार नहीं दिया था । गरीब किसान बीज की व्यवस्था भी करता साथ ही श्रम भी करता फिर भी उसे भूखे मरना पड़ता था । उसकी पूरी फसल पर पूरा अधिकार सामन्तों अथवा जागीरदारों का होता था । उत्पादन पर किसान अथवा साधारण जनता को कोई अधिकार नहीं था । इस कारण दिन-प्रतिदिन उसकी दशा बिगड़ती ही थी ।

तुलसी युगीन समाज में एक वर्ग भोग-विलास, ऐश-आराम का जीवन व्यतीत कर रहा था, वहीं आम जनता जिसमें किसान , साधारण जनता श्रमिक आदि आते हैं, अत्यंत विपन्नावस्था में जी रहा था । इस दशा के विषय में गोस्वामी जी कवितावली में लिखते हैं -

खेती न किसान को, भिखारी को न भीख भलि ।

बनिक को बनिज न चाकर को चाकरी ।।

जीविका-बिहीन लोग सीद्यमान, सोच बस ।

कहैं एक एकन सौं कहॉं जाई, का करी ?

बेदहु पुरान कही, कोकहू बिलोकियत

सॉंबरे सबै पै राम रावरे कुपा करी ।

दारिद दसानन दवाई दुनी दीनबन्धु ।

दुरित-दहन देखि ‘‘तुलसी’’ हहाकरी ।कवितावली पद संo 9o उoकाo

यही नहीं राज कर्मचारी मनमाने ढंग से कर वसूली करते थे । भूमि-संपन्न व्यक्ति की मृत्यु होने पर राजा उसकी भूमि का अपहरण कर लिया करता था -

वेद-धर्म दुरि गए । भूमि चोर भूप भए ।।

साधु सीधमान जानि रीति पाप पीन की ।

दूवरे को दूसरो न द्वार, राम दया धाम,

श्रारीए गति बल-विभव विहीन की ।। कवितावली पद संo 9o उoकाo

प्रजा की भूमि और धन के शोषण की ओर ही शासकों की प्रवृत्ति थी । ऐसे कार्य को किसी भी काल अथवा युग में उचित नहीं कहा जा सकता । शासक निर्दयी तथा क्रूर थे । वे कर द्वारा किसानों और साधारण जनता का शोषण कर रहे थे । उनकी साम्राज्यवादी नीति के कारण किसान त्रस्त थे । आये दिन होने वाले आंचलिक युद्धों के कारण फसल रौंदी तथा नष्ट की जा रही थी । बार-बार पड़ने वाले अकाल से जनता पीड़ित थी । लोग भूख से तड़प रहे थे -

कवि बारहिं बार दुकाल परैं । बिनु अन्न दुखी सब लोग भरैं ।।कवितावली पद संo 177 उoकाo

तुलसी के युग में उत्पादन का प्रमुख साधन था भूमि लेकिन भूमि पर किसानों का या श्रमिक वर्ग का कोई अधिकार नहीं था ।

जहॉं तक वितरण का प्रश्न है, उत्पत्ति का विभाजन उत्पादन के विभिन्न साधनों के बीच होना चाहिए । जैसा कि प्रोo सेलिगमैन कहते हैं-“समाज में उत्पन्न सभी संपत्ति किसी न किसी प्रकार से अंतिम प्रयोग के लिए व्यक्तियों के पास अवश्य ही पहुँच जाती है । इसी प्रक्रिया को वितरण कहते हैं।“ लेकिन मुगलकालीन शासन-व्यवस्था में किसान के पास कठोर परिश्रम करने के पश्चात् भी भरण-पोषण के लिए कुछ भी नहीं रह जाता । उसे भूमि के अधिकार से बेदखल कर शासक वर्ग स्वयं समस्त उत्पादन का उपभोक्ता बन गया , जिससे कि समाज में वर्ग भेद की खाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती  जा रही थी । जनता का जीवन अत्यधिक कष्टमय हो गया था । एक वर्ग बिना परिश्रम के भोग-विलास का जीवन व्यतीत कर रहा था, वहीं दूसरा वर्ग घोर परिश्रम के बाद भी भूखा था । साधारण जनता के पास विनिमय के लिए कुछ भी नहीं था ।

विनिमय वस्तु से वस्तु का होता है अथवा मुद्रा से वस्तु का लेकिन पेट की ज्वाला को शांत करने के लिए लोग अपने बेटे-बेटियों को बेच रहे थे । धर्म-अधर्म की भी लोगों को चिंता नहीं रह गई थी -

ऊॅंचे नीचे करम धरम अधरम करि। 

पेट ही को पचत, बेचत बेटा-बेटकी ।।कवितावली पद संo 1779o उoकाo

इस अवस्था के लिए तुलसी ने यवन शासकों को दोषी ठहराया है तथा रामायण के माध्यम से आदर्श राजा तथा आदर्श शासन-व्यवस्था को प्रस्तुत किया है । आदर्श शासक में लोक रक्षा तथा प्रजा के हित की भावना हेाती है । तुलसी के अनुसार राजा तथा शासक को सब प्रकार से योग्य होना चाहिए । तुलसी का कहना है के राजा को सब कुछ ग्रहण कर विभिन्न अंगों की आवश्यकतानुसार ही वितरण करना चाहिए -

मुखिया मुख सों चाहिए, खान पान कहुं एक ।

पालइ पोषइ सकल अंग तुलसी सहित बिवेक ।। दोहावली 5o7/

तुलसी के युग में मुस्लिम शासकों की कार्य पद्धति राम राज्य से भिन्न थीं । वे प्रजा को पुत्र समझने की अपेक्षा शत्रु समझ उनके शोषण में लगे रहते थे ।

घ/.  तुलसी की समाजवादी दृष्टि

समाजवाद पूंजीवाद से बिल्कुल अलग है । जहॉं पूंजीवाद में व्यक्तिगत स्वामित्व की प्रमुखता होती है , वहीं समाजवाद सामूहिक स्वामित्व पर आधारित है । समाजवाद के अन्तर्गत उत्पादन के साधनों पर समस्त समाज अथवा राष्ट्र का स्वामित्व होता है । समाजवाद में अर्थ अथवा संपत्ति का लोगों के मध्य समान विभाजन होता है साथ ही यह आर्थिक तथा राजनीतिक दोनों ही विचारों से समन्वित है । समाजवादी व्यवस्था समानता पर आधारित है । डिकिन्सन कहते हैं-“ समाजवाद समाज का वह आर्थिक संगठन है, जिसमें उत्पत्ति के भौतिक साधनों पर संपूर्ण समाज का अधिकार रहता है । इसका प्रयोग एक सामान्य आर्थिक नियोजन के अनुसार ऐसी संस्थाओं द्वारा किया जाता है जो समाज के प्रतिनिधि तथा उसके प्रति उत्तरदायी होती हैं । इस प्रकार इसमें उत्पादन से जो लाभ होते हैं , उनसे समाज के सभी सदस्य समानता के आधार पर लाभ उठाने के अधिकारी होते हैं ।“ उपरोक्त परिभाषा के अनुसार उत्पादन का लाभ सभी को समान रूप से होता है । मॉरिसन के शब्दों में कह सकते हैं कि समाजवाद की मुख्य विशेषता यह है कि बड़े-बड़े उद्योग एवं भूमि पर सार्वजनिक या सामूहिक स्वामित्व हो और उनका उपयोग एक राष्ट्रीय, आर्थिक नियोजन के अनुसार निजी लाभ के लिए नहीं वरन् सामान्य हित के लिए किया जाए ।(अर्थशास्त्र के सिद्धांत – एल०एम०राय –पृ०१३) समाजवाद में जहॉं उत्पत्ति पर व्यक्तिगत प्रभुत्व होता है, वहीं समाजवाद में, सामूहिक प्रभुत्व । समाजवाद सामूहिक हित का प्रतिनिधित्व करता है । मानस में, तुलसी ने सामाजिक हित को प्रमुखता प्रदान की है । तुलसी के समाजवादी दृष्टिकोण का समाज में महत्वपूर्ण योगदान रहा है । कार्ल मार्क्स के पूर्व ही तुलसी की समाजवादी दृष्टि देखने को मिलती है । कार्ल मार्क्स ने समाजवाद के प्रवर्तन द्वारा ऊंच-नीच का विरोध कर यह बताया है कि कोई छोटा-बड़ा नहीं है, सब समान हैं । तुलसी के राम भी इन विचारों के समर्थक हैं । उनके चरित्र तथा उनकी विचारधारा के द्वारा यह प्रमाणित होता है । वे जटायु का दाह-संस्कार करते हैं -

अबिरल भगति मागि बर गीध गयउ हरिधाम ।

तेहि की क्रिया जथोचित निज कर कीन्ही राम ।। माoअरo 32/दोo

निकृष्ट बानर जाति में उत्पन्न हनुमान को गले लगाते हैं -

तब रघुपति उठाइ उर लावा । निज लोचन जल सींचि जुड़ावा ।। माoकिo 3/3

जिस हनुमान का प्रातः नाम लेने से दिन भर भूखे रहना पड़ता है, यही हनुमान स्वयं विभीषण से कहते हैं -

कहहु कवन में परम कुलीना । कपि चंचल सबहीं बिधि हीना ।।

प्रात लेइ जो नाम हमारा । तेहि दिन ताहि न मिलै अहारा ।।

अस मैं अधम सखा सुनु मोहू पर रघुबीर ।

कीन्ही कृपा सुमिरि गुन भरे बिलोचन नीर ।। माoसुo7 तथा दोo

उसी निकृष्ट बानर जाति के सुग्रीव के साथ राम मित्रता का वर्ताव करते हैं । एक ओर वे शबरी के जूठे बेर खाते हैं , वहीं दूसरी ओर शत्रु के भाई  विभीषण को गले लगाकर शत्रुता की भावना का समूल नाश करते हैं । समस्त भारतवासियों के लिए तुलसी प्रेरणा समान हैं । तुलसी समदर्शी हैं । उनकी दृष्टि में कोई छोटा या बड़ा नहीं है । वे संपूर्ण संसार को ‘‘सीता-राममय’’ मानते हैं -

सीय राम मय सब जग जानी । करहुं प्रणाम जोरि जुग पानी ।। माoबाo 8/1   

तुलसी ने सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक किसी भी प्रकार की असमानता को स्थान नहीं दिया है । समाजवादी दृष्टि , विषमता का विरोध करती है तथा सभी कि लिए जीवन की समान सुविधाओं को उपलब्ध कराने का प्रयत्न करती है । सामाजिक हित की प्रमुखता प्रदान करने कि लिए राम राज्य के माध्यम से राजतंत्र को प्रभुत्व प्रदान किया, फिर भी उनका झुकाव पूर्णतया प्रजातंत्र की ओर ही रहा है । उन्होंने कहीं भी राजसत्ता को निरंकुश नहीं होने दिया है । तुलसी के युग में मुगल साम्राज्य की स्थापना के साथ ही साथ मानव-मानव के बीच भेद तथा विषमता की भावना बढ़ गई थी । प्रजा तथा राजा के मध्य का माधुर्यपूर्ण संबंध बीच में ही विश्रृंखलित हो गया था । यही नहीं मानव-मानव के मध्य व्याप्त समानता की भावना भी नष्ट हो गई थी । तुलसी ने मानस में इस समानता की भावना को बनाये रखने का प्रयत्न कर, समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया है । इसके पीछे यह भी कारण है कि तुलसी भक्त तथा संत कवि होने के नाते भी मानव-मानव के मध्य व्याप्त भेद को अस्वीकार करते हैं तथा समाँनता के पक्षधर बन उसका समर्थन भी करते हैं । रामराज्य में कोई किसी से बैर नहीं करता -

रामराज्य बैठे त्रैलोका । हरषित भए गए सब सोका ।

बयरू न कर काहू सन कोई । राम प्रताप विषतमा खोई ।।माoउo 2o/4

जहॉं बैर विरोध नहीं है वहॉं विषमता भी नहीं है । सब मिलजुल कर प्रेम से रहते हैं तथा वैदिक मर्यादा के अनुसार स्वधर्म का पालन करते हैं । कहीं पाप नहीं है , कहीं कोई पीड़ा नहीं है, न कोई धनहीन है , न शुभ लक्षणों से हीन है, कपट अथवा धूर्तता से युक्त कोई नहीं है-

सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति ।।

चारिउ चरन धर्म जग माहीं । पूरि रहा सपनेहुं अघ नाहीं ।।

राम भगति रत अरू नारी । सकल परम गति के अधिकारी ।।

अल्पमृत्यु नहिं कवनिउ पीरा । सब सुंदर सब बिरुज सरीरा ।।

नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना । नहिं कोउ अबुध न लच्छन हीना ।।

सब निर्दंभ धर्मरत सब ग्यानी । सब कृतग्य नहिं कपट सयानी ।। माoउo 21/1-2-3-4

सभी में कर्म की भावना है । सभी कर्म के प्रति तत्पर हैं । जब सभी व्यक्ति कर्मशील होंगे तो समाज भी समृद्ध होगा । जहॉं सबमें समाज कल्याण की भावना होगी, वहॉं संपत्ति एक ही व्यक्ति में केन्द्रित नहीं होगी । उस संपदा का उपयोग भी समाज कल्याण के लिए होगा । समाजवाद हर व्यक्ति के साथ पूरा न्याय करता है । तुलसी जानते थे कि समाजवादी व्यवस्था की स्थापना से ही जनता सुखी रह सकती है । बेकारी, मॅंहगाई, अव्यवस्था, अराजकता को तुलसी जड़ से मिटा देना चाहते थे । उनके अनुसार जिस राजा के राज्य में प्रजा दुखी है , वह राजा नरक का अधिकारी है । रामराज्य के माध्यम से वे आदर्श शासन व्यवस्था प्रस्तुत करना चाहते हैं । तुलसी के युग में न्याय के स्थान पर केवल दंड रह गया था किंतु रामराज्य में दंड नहीं है क्योंकि दण्ड वहीं होगा जहॉं दरिद्रता और विषमता होगी । रामराज्य में दण्ड केवल संन्यासियों के हाथ में रह गया था -

दंड जतिन्ह कर भेद जहॅं नर्तक नृत्य समाज ।

जीतहु मनहि सुनिअ अस रामचंद्र कें राज ।।      माoउo 22/दोo

जब व्यक्ति भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति से निश्चिंत हो जायेगा तब वह आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर हो सकेगा । रामराज्य में स्त्री-पुरुष सब परमगति के अधिकारी हैं (माoउo 21/1)। अवधपुरी जहां के राजा स्वयं श्री रामचन्द्र हैं , वहॉं की सुख संपत्ति का वर्णन करते हुए तुलसी लिखते हैं -

जात रूप मनि रचित अठारीं । नाना रंग रुचिर गच ढारीं ।।

पुर चहुं पास कोट अति सुदर । रचे कॅंगूरा रंग रंग बर ।।

नव ग्रह निकर अनीक बनाई । जनु घेरी अमरावति आई ।।

महि बहु रंग सचित गज काँचा । जो बिलोकि मुनिबर मन नाचा ।।

धवल धाम ऊपर नभ चुंबत । कलस मनहुं रबि ससि दुति निंदत ।।

बहु मनि रचित झरोखा भाजहिं । गृह गृह प्रति मनि दीप बिराजहिं ।।

मनि दीप राजहिं भवन भाजहिं देहरीं विद्रुम रची ।

मनि खंभ भीति बिरंचि बिरची कनक मनि मरकत खची ।।

सुंदर मनोहर मंदिरायत अजिर रुचिर फटिक रचे ।

प्रति द्वार द्वार कपाट पुरट बनाइ बहु बज्रन्हि खचे ।। माoउo 27/2-3-4

रामराज्य में लोगों को आवश्यकता की सभी वस्तुएं प्राप्त थीं तथा प्राकृतिक उत्पादन भी उत्पादन में सहायक था -

लता बिटप मागें मधु चपहीं । मनभावनो धेनु प्य स्त्रवहीं ।।

ससि संपन्न सदा रह धरनी । त्रेतॉं भइ कृतजुग कै करनी ।।

प्रगटीं गिरिन्ह बिबिध मनि खानी । जगदातमा भूप जग जानी ।।

सरिता सकल बहहिं बर बारी । सीतल अमल स्वाद सुखकारी ।।

सागर निज मरजादॉं रहहीं । डारहिं रत्न तटन्हि नर लहहीं ।।

सरसिज संकुल सकल तड़ागा । अति प्रसन्न दस दिसा बिभागा ।।

बिधु महि पूर मयूखन्हि रबि तप जेतनेहि काज ।

मागें बारिद देहिं जल रामचंद्र के राज ।। माoउo 23/3-4-5 तथ दोo

रामराज्य में उत्पादन में कमी नहीं है । सभी सुखी हैं । समाज में सुख संपदा की अधिकता के कारण वस्तुएं बिना मूल्य के ही प्राप्त हो जाती हैं -

बाजार रुचिर न बनइ बरनत बस्तु बिनु गथ पाइए ।

जहॅं भूप रमानिवास तहॅं की संपदा किमि गाइए ।।

बैठे बजाज सराफ बनिक अनेक मनहुं कुबेर ते ।

सब सुखी सब सच्चरित सुदर नारि नर सिसु जरठ जे ।। माoउo 28 छंo

रामराज्य में दरिद्रता अथवा लोलुपता नहीं थी । लोग आवश्यकता से अधिक वस्तु का संग्रह नहीं करते थे । तुलसी ने अपने युग के समाज को भारतीय सभ्यता तथा संस्कृति की उदात्त भावनाओं से अनुप्राणित करने का प्रयास किया है । उन्होंने लोगों को आडम्बर युक्त जीवन से दूर रहने को प्रेरित किया है । वे चाहते हैं कि लोग राम के समान दीन-दुखियों को गले लगायें । अहिल्या जैसी नारियों का उद्धार करें तथा राम और भरत के समान आदर्श , त्याग तथा प्रेम की भावना अपने में विकसित करें । विशाल हृदय तुलसी समाज को सुख तथा समृद्धि से युक्त देखना चाहते थे । रामचरितमानस में उनका यह समाजवादी दृष्टिकोण देखने को मिलता है ।

ङ/.         निष्कर्ष

कवि या कलाकार अपने युग की परिस्थितियों से पूरी तरह प्रभावित होता है । तुलसी ने अपने युग की आर्थिक दुर्दशा के लिए मुगलकालीन शासन-व्यवस्था को दाषी ठहराया है । तुलसी के युग में उच्च वर्ग तों भोग विलास का जीवन व्यतीत कर रहा था लेकिन साधारण तथा निम्नवर्गीय जनता अत्यंत दीन-हीन जीवन व्यतीत कर रही थी । युद्ध, बेरोजगारी, अकाल और अस्थिरता का वातावरण सदैव बना रहता था । भूमि पर सामन्तों का प्रभुत्व था । तुलसी ने अत्याचारी, निरंकुश राजसत्ता के विरोध में आवाज उठाई । यही कारण है कि उन्होंने रामराज्य को अर्थ संकट से मुक्त दिखाया ।

व्यक्ति के जीवन में अर्थ का महत्व अत्यधिक है । अर्थ के द्वारा ही व्यक्ति अपनी भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति करता है तथा उपभोग के लिए ही वस्तु का उत्पादन, विनिमय, वितरण करता है । रामराज्य में सभी सुखी हैं क्योंकि उपभोग की सामग्री प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है । समाजवाद ऊॅंच-नीच का विरोध करता है । मानस में तुलसी भी समानता के पक्षपाती हैं । उनका मानस विश्व बन्धुत्व तथा मानव प्रेम की भावना से ओत-प्रोत है तथा जिसमें तुलसी की विशाल हृदयता के दर्शन होते हैं ।

 

 

No comments:

Post a Comment